South Korean Robot Monk: क्या हो अगर अध्यात्म और तकनीक एक साथ आ जाएं? शायद ये बात आपको थोड़ा अजीब लगे लेकिन अब यह सच हो चुका है। दरअसल, दक्षिण कोरिया के सियोल स्थित जोग्ये मंदिर में देश के पहले ह्यूमनॉइड रोबोट भिक्षु (मोंक) को आधिकारिक रूप से पेश किया गया है, जो इसी का एक उदाहरण है। बुद्ध पूर्णिमा के समारोह से पहले इस रोबोट भिक्षु की शुरुआत बौद्ध धर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के अनोखे मेल को दिखाती है।
रॉयटर्स के अनुसार, 130 सेंटीमीटर ऊंचे रोबोट, जिसका नाम गाबी (Gabi) है, ने पारंपरिक भूरे और सफेद रंग के बौद्ध वस्त्र पहने हुए थे और एक दीक्षा समारोह के दौरान वरिष्ठ भिक्षुओं के सामने खड़ा था। जब एक भिक्षु ने उससे पूछा कि क्या वह बौद्ध धर्म के प्रति समर्पित होगा, तो रोबोट ने उत्तर दिया, "हां, मैं स्वयं को समर्पित करूंगा।"
समारोह के दौरान गाबी ने हाथ जोड़कर प्रणाम किया, जब भिक्षुओं ने उसके गले में 108 मनकों की माला पहनाई। रिपोर्ट के अनुसार, पारंपरिक धूप जलाने की रस्म के बजाय, रोबोट को एक प्रतीकात्मक स्टिकर दिया गया।
दक्षिण कोरिया के जोग्ये मंदिर में रोबोट भिक्षु ‘गाबी’ का अनावरण
जोग्ये संप्रदाय के अनुसार, गाबी नाम सिद्धार्थ और दया से जुड़े एक कोरियाई शब्द से लिया गया है। जोग्ये संप्रदाय में सांस्कृतिक मामलों की जिम्मेदारी संभालने वाले भिक्षु सियोंग वॉन ने योनहाप न्यूज एजेंसी को बताया कि यह नाम बोलने में आसान होने के साथ-साथ दुनिया भर में बुद्ध की करुणा फैलाने के विचार को दर्शाने के लिए चुना गया था।
सियोंग वॉन ने एजेंसी से कहा कि यह पहल इंसानों और रोबोट्स के साथ मिलकर रहने की संभावनाओं को समझने की शुरुआती कोशिश है। उन्होंने कहा कि अभी यह लोगों को थोड़ा अलग या अनोखा लग सकता है, लेकिन ऐसे प्रयास भविष्य में समाज को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ तालमेल बैठाने में मदद कर सकते हैं।
गाबी इस महीने के आखिर में होने वाले लालटेन उत्सव में अन्य रोबोट्स के साथ हिस्सा लेता नजर आ सकता है।
अलग-अलग इंडस्ट्री में ह्यूमनॉइड रोबोट्स की बढ़ती मौजूदगी
यह शुरुआत ऐसे समय में हुई है जब अलग-अलग इंडस्ट्री में लोगों से जुड़े कामों के लिए ह्यूमनॉइड रोबोट्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।
जापान एयरलाइंस सामान और कार्गो प्रबंधन के लिए AI-बेस्ड रोबोट्स की टेस्टिंग कर रही है, जबकि टेक कंपनियां रोबोटिक्स और एम्बॉडीड AI सिस्टम्स में निवेश करना जारी रखे हुए हैं।
मेटा ने हाल ही में रोबोटिक्स स्टार्टअप एश्योर्ड रोबोट इंटेलिजेंस का अधिग्रहण किया है, ताकि ह्यूमनॉइड मशीनों और AI-आधारित तकनीकों में अपने फोकस को बढ़ा सके।
जोग्ये मंदिर में आयोजित इस समारोह ने सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में काफी ध्यान खींचा। इससे यह भी दिखा कि दक्षिण कोरिया पारंपरिक संस्कृति और नई तकनीक को साथ जोड़ने में तेजी से रुचि दिखा रहा है।