Airtel down: एयरटेल के नेटवर्क में बड़े आउटेज के कुछ ही दिनों बाद फिर दिक्कत आ गई है। इस बार सबसे ज्यादा असर बेंगलुरु और कई बड़े शहरों के यूजर्स पर पड़ा है। टेक क्रैश पर नजर रखने वाली वेबसाइट DownDetector के मुताबिक, दोपहर करीब 12:15 बजे शिकायतों की संख्या 7,109 तक पहुंच गई। बेंगलुरु के अलावा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और कुछ अन्य शहरों में भी आउटेज की शिकायतें दर्ज की गईं।
DownDetector के अनुसार, 52 प्रतिशत यूजर्स ने सिग्नल न मिलने, 31 प्रतिशत को मोबाइल इंटरनेट से जुड़ी समस्याओं और 17 प्रतिशत ने पूरी तरह से ब्लैकआउट की शिकायत की।
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर एयरटेल के खिलाफ नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, 'आज बेंगलुरु में एयरटेल इंटरनेट डाउन है? कोई और इस समस्या का सामना कर रहा है? @airtelindia कम से कम आउटेज की जानकारी तो यूजर्स को देनी चाहिए।' एक अन्य ने पोस्ट किया, 'एयरटेल पोस्टपेड पिछले 6 घंटे से बंद है, न कॉल हो रही है न इंटरनेट। कस्टमर केयर से बात तक नहीं हो रही। @TRAI को इस पर एक्शन लेना चाहिए।'
एक अन्य एयरटेल यूजर ने लिखा, 'अभी क्या स्थिति है? लाखों फोन नेटवर्क के बिना बंद हैं... समस्या और ठीक होने में लगने वाले अनुमानित समय पर सार्वजनिक बयान दें...'
Airtel Cares ने कहा है कि समस्या 'टेम्परेरी कनेक्टिविटी डिसरप्शन' की वजह से हुई है और इसे एक घंटे के भीतर ठीक कर लिया जाएगा। कंपनी ने मैसेज में लिखा, 'हमें ग्राहकों को हो रही असुविधा के लिए खेद है। यह समस्या अस्थायी कनेक्टिविटी डिसरप्शन के कारण है और एक घंटे के भीतर हल हो जाएगी। उसके बाद कृपया अपने मोबाइल फोन को रीस्टार्ट करें, ताकि सेवाएं बहाल हो सकें।'
इससे पहले सोमवार, 18 अगस्त को भी पूरे भारत में बड़े पैमाने पर नेटवर्क आउटेज हुआ था। सबसे ज्यादा असर एयरटेल पर पड़ा। अन्य टेलीकॉम कंपनियों को भी आंशिक दिक्कतें आई थीं। उस समय Downdetector पर शाम 4:30 बजे तक 3,600 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई थीं, जबकि सामान्य तौर पर 15 से भी कम रिपोर्ट आती हैं।