Adobe Airtel Partnership: Adobe और एयरटेल ने एक साझेदारी की है, जिसके तहत सॉफ्टवेयर कंपनी भारतीय एयरटेल के 36 करोड़ से अधिक ग्राहकों को एक वर्ष के लिए Adobe Express प्रीमियम की सुविधा मिलेगी। इसमें एयरटेल के प्रीपेड और पोस्टपेड ग्राहक, Airtel Xstream यूजर्स और DTH कनेक्शन वाले ग्राहक शामिल हैं।
इस पार्टनरशिप से अगले 12 महीनों के लिए लगभग 4,000 रुपये कीमत का फ्री सब्सक्रिप्शन 36 करोड़ से अधिक भारतीयों को मिलेगा। बता दें कि Adobe Express एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कंटेंट क्रिएशन प्लेटफॉर्म है, जो कई तरह के टूल्स और डिजाइन फीचर्स प्रदान करता है।
एयरटेल यूजर्स के लिए अब Adobe Express प्रीमियम फ्री
Adobe के क्रिएटिविटी एंड प्रोडक्टिविटी बिजनेस के प्रेसिडेंट डेविड वाधवानी ने कहा, " हम एयरटेल के साथ साझेदारी करके खुश हैं। इससे भारत के लाखों लोगों को Adobe Express Premium मुफ्त में मिलेगा। यह भारत की तेजी से बढ़ती क्रिएटर इकॉनमी को आगे बढ़ाने में मदद करेगा और लोगों को शानदार कंटेंट बनाने में आसानी होगी, चाहे वह अपने करियर को आगे बढ़ाना हो, बिजनेस को बढ़ाना हो या अपने शौक को प्रमोट करना हो।
Adobe Express Premium के साथ यूजर्स को हर महीने 250 जनरेटिव क्रेडिट मिलेंगे। इसके अलावा, सभी प्रीमियम फोटो और वीडियो टेम्पलेट्स का एक्सेस मिलेगा। यूजर्स को 200 मिलियन से ज्यादा रॉयल्टी-फ्री Adobe Stock फोटो, वीडियो, म्यूजिक ट्रैक और डिज़ाइन एलिमेंट्स भी मिलेंगे।
इसमें Adobe Fonts का पूरा कलेक्शन शामिल है, जिसमें 30,000 से ज्यादा फॉन्ट्स हैं। साथ ही, वीडियो से बैकग्राउंड हटाने, बल्क एसेट रीसाइजिंग जैसे अतिरिक्त टूल्स मिलेंगे। यूजर्स को 100GB क्लाउड स्टोरेज भी दी जाएगी।
Adobe ऐप 8 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध
Adobe Express को एक ऐसा ऐप बताया गया है जिससे आप कुछ भी बना सकते हैं, और यह डेस्कटॉप, वेबसाइट और मोबाइल ऐप तीनों पर उपलब्ध है। इस प्लेटफॉर्म को 2021 में लॉन्च किया गया था और 2025 में कंपनी ने इसमें Firefly AI की सुविधाएं जोड़ी। उसी साल Adobe ने iOS और Android ऐप भी जारी किए। अंग्रेजी के अलावा, यह प्लेटफॉर्म हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, पंजाबी, तमिल और तेलुगु सहित आठ भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।