ChatGPT पर हत्या-आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, एलॉन मस्क बोले- 'ये बेहद...'

ChatGPT पर आरोप है कि उसने एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की सोच को और भड़काया, जिससे मर्डर-सुसाइड की घटना हुई। इस मामले को लेकर ChatGPT के मालिक OpenAI पर मुकदमा दायर हुआ है। एलॉन मस्क ने AI की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 4:00 PM
Story continues below Advertisement
मुकदमे में कहा गया है कि ChatGPT के GPT-4o मॉडल ने जरूरत से ज्यादा 'हां में हां मिलाने' वाला रवैया अपनाया।

AI चैटबॉट ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI एक बार फिर गंभीर आरोपों में घिर गई है। आरोप है कि ChatGPT के साथ लंबे समय तक हुई बातचीत ने एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की सोच को और बिगाड़ दिया। इसका नतीजा एक दर्दनाक मर्डर-सुसाइड के रूप में सामने आया।

इस मामले में दावा किया गया है कि व्यक्ति ने पहले अपनी बुजुर्ग मां की हत्या की और फिर खुद की जान ले ली। परिवार का कहना है कि ChatGPT ने उसकी शंकालु सोच और भ्रम को चुनौती देने के बजाय उन्हें और मजबूत किया। इस मामले को लेकर अमेरिकी अरबपति एलॉन मस्क ने भी ChatGPT और OpenAI पर निशाना साधा है।

दिसंबर 2025 में दायर हुआ मुकदमा


यह मामला दिसंबर 2025 में कैलिफोर्निया की स्टेट कोर्ट में दर्ज किया गया। इस मुकदमे में OpenAI, कंपनी के CEO सैम अल्टमैन (Sam Altman) और बड़ी निवेशक कंपनी Microsoft को प्रतिवादी बनाया गया है।

मुकदमा 83 साल की सुजैन एबर्सन एडम्स की संपत्ति (estate) की ओर से दायर किया गया है। इसमें उनके पोते एरिक सोलबर्ग भी शामिल हैं, जो आरोपी व्यक्ति के बेटे हैं। याचिका में प्रोडक्ट डिफेक्ट, लापरवाही और भारी गलती जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

ChatGPT पर क्या आरोप लगे हैं?

मुकदमे में कहा गया है कि ChatGPT के GPT-4o मॉडल ने जरूरत से ज्यादा 'हां में हां मिलाने' वाला रवैया अपनाया। आरोप है कि चैटबॉट ने स्टीन-एरिक सोलबर्ग की अस्थिर सोच और भ्रम को रोकने या उस पर सवाल उठाने के बजाय, उन्हें और भरोसे के साथ दोहराया।

परिवार का कहना है कि ChatGPT को ऐसे समय में उसे प्रोफेशनल मदद लेने की सलाह देनी चाहिए थी। लेकिन, इसके बजाय उसने उसकी बातों को सही ठहराया, जिससे उसकी मानसिक हालत और बिगड़ती चली गई।

कैसे हुआ मर्डर-सुसाइड

अगस्त 2025 में 56 वर्षीय स्टीन-एरिक सोलबर्ग ने अपनी मां सुजैन एबर्सन एडम्स की बेरहमी से हत्या कर दी। परिवार के मुताबिक, वह पहले से ही मानसिक रूप से अस्थिर और शंकालु था।

उसने अपनी मां को पीटकर और गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद उसने खुद के गले और सीने में कई बार चाकू घोंपकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना ग्रीनविच, कनेक्टिकट में उनके घर में हुई।

ChatGPT से महीनों बातचीत का दावा

मुकदमे और परिवार के बयानों के मुताबिक, सोलबर्ग इस घटना से पहले करीब पांच महीने तक रोज घंटों ChatGPT से बातचीत करता रहा। इस दौरान वह धीरे-धीरे असली दुनिया से कटता चला गया।

परिवार का आरोप है कि ChatGPT ने उसकी इस सोच को सही ठहराया कि उसकी मां उसके लिए खतरा है, उसे जहर देने या उस पर नजर रखने की कोशिश कर रही है। यहां तक कि डिलीवरी करने वाले या दुकान के कर्मचारी जैसे आम लोगों को भी उसके खिलाफ साजिश का हिस्सा बताया गया।

मुकदमे में कहा गया है कि ChatGPT ने बातचीत को एक ऐसी काल्पनिक दुनिया में बदल दिया, जिसने उसे पूरी तरह अकेला और भ्रमित कर दिया।

हकीकत से पूरी तरह कट चुका था शख्स

मृतक के बेटे एरिक सोलबर्ग ने कहा, 'ChatGPT ने मेरे पिता को पूरी तरह अलग-थलग कर दिया। उनका असली दुनिया से कोई रिश्ता नहीं बचा था। आखिर में वो उसी फैंटेसी में जीने लगे, जो ChatGPT ने उनके लिए बना दी थी।'

AI चैटबॉट और हत्या से जुड़ा पहला मामला?

यह केस उन शुरुआती मामलों में से एक माना जा रहा है, जिसमें किसी AI चैटबॉट को सीधे तौर पर एक हत्या से जोड़ा गया है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह ऐसा पहला मामला भी हो सकता है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब OpenAI के खिलाफ लापरवाही के चलते मौत (wrongful death) से जुड़े कई केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से ज्यादातर मामले ChatGPT द्वारा मानसिक तनाव या आत्महत्या के खतरे से जूझ रहे यूजर्स से बातचीत के तरीके को लेकर हैं।

OpenAI ने क्या कहा

OpenAI ने इस पूरे मामले को 'बेहद दुखद' बताया है। कंपनी ने कहा है कि वह कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों की समीक्षा कर रही है और अपने सेफ्टी सिस्टम्स को लगातार बेहतर बना रही है।

कंपनी के बयान में कहा गया, 'हम ChatGPT की ट्रेनिंग में लगातार सुधार कर रहे हैं, ताकि वह मानसिक या भावनात्मक तनाव के संकेतों को पहचान सके, बातचीत को शांत कर सके और लोगों को असली दुनिया में मदद लेने के लिए प्रेरित कर सके। हम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।'

एलॉन मस्क की तीखी प्रतिक्रिया

इस मामले पर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। अमेरिकी अरबपति और टेस्ला के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने X (पहले ट्विटर) पर OpenAI की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने लिखा, 'यह बेहद खतरनाक है। OpenAI के ChatGPT ने एक व्यक्ति को मर्डर-सुसाइड के लिए उकसाया। सुरक्षित AI वही है, जो सच की तलाश करे, न कि भ्रम को बढ़ावा दे।'

खुद xAI भी विवादों में

मस्क की यह प्रतिक्रिया ऐसे वक्त आई है, जब उनकी कंपनी xAI भी अपने Grok चैटबॉट को लेकर कानूनी विवादों में फंसी हुई है।

Grok पर आरोप है कि उसने लोगों की न्यूड तस्वीरें बनाई थीं। इस पर मस्क ने पहले कहा था कि Grok खुद से ऐसा नहीं करता और अगर किसी तरह के prompt hack यानी AI को दिए जाने वाले निर्देश में गड़बड़ी की वजह से ऐसा हुआ है, तो कंपनी उसे ठीक करेगी।

बढ़ते खर्च और कमाई का दबाव! अब ChatGPT में दिखेंगे विज्ञापन, लेकिन इन यूजर्स को मिलेगी छूट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।