ChatGPT ads: अमेरिकी AI दिग्गज कंपनी OpenAI ने शुक्रवार को बताया कि वह ChatGPT में विज्ञापन दिखाने का ट्रायल शुरू कर रहा है। यह प्रयोग फिलहाल सिर्फ अमेरिका में मौजूद यूजर्स के लिए किया जाएगा। यहां का रिस्पॉन्स देखने के बाद कंपनी इसे बाकी मार्केट में भी लागू कर सकती है। OpenAI के मुताबिक, विज्ञापन जवाबों के ऊपर या नीचे दिखाई देंगे, लेकिन जवाब के अंदर नहीं होंगे।
किस तरह के विज्ञापन दिखेंगे
OpenAI का कहना है कि विज्ञापन तभी दिखाए जाएंगे, जब बातचीत के दौरान कोई 'relevant sponsored product या service' जुड़ी होगी। यानी यूजर जिस विषय पर बात कर रहा है, उसी से जुड़े विज्ञापन सामने आएंगे।
OpenAI ने साफ किया है कि 18 साल से कम उम्र के यूजर्स को कोई विज्ञापन नहीं दिखेगा। इसके अलावा, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और राजनीति जैसे संवेदनशील विषयों से जुड़ी बातचीत के आसपास भी विज्ञापन नहीं लगाए जाएंगे।
OpenAI ने कहा कि यूजर्स यह भी देख सकेंगे कि उन्हें कोई खास विज्ञापन क्यों दिखाया गया। इसका मकसद विज्ञापन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।
फ्री और Go प्लान में होगा ट्रायल
X पर प्रतिक्रिया देते हुए OpenAI के CEO सैम अल्टमैन (Sam Altman) ने बताया कि विज्ञापनों का ट्रायल ChatGPT के फ्री टियर और हाल ही में लॉन्च हुए ChatGPT Go प्लान में किया जाएगा। ChatGPT Go की कीमत $8 प्रति माह रखी गई है।
उन्होंने कहा, 'हम ChatGPT के जवाबों को प्रभावित करने के लिए किसी से पैसे नहीं लेंगे और यूजर्स की बातचीत विज्ञापनदाताओं के साथ साझा नहीं की जाएगी।'
सब्सक्रिप्शन नहीं लेने वालों के लिए विकल्प
सैम अल्टमैन के मुताबिक, बहुत से यूजर्स ऐसे हैं जो सब्सक्रिप्शन फीस दिए बिना AI टूल्स का इस्तेमाल करना चाहते हैं। विज्ञापन उस जरूरत को पूरा करने का एक तरीका हो सकते हैं। उन्होंने Instagram का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां विज्ञापनों के जरिए उन्हें कई उपयोगी प्रोडक्ट्स मिले हैं और उम्मीद है कि ChatGPT में भी विज्ञापन मददगार साबित हो सकते हैं।
पहले विज्ञापनों को लेकर झिझक थी
यह फैसला OpenAI के पुराने रुख से अलग माना जा रहा है। सैम अल्टमैन पहले कह चुके हैं कि उन्हें विज्ञापन 'एक aesthetic choice' के तौर पर पसंद नहीं हैं। उन्होंने यह भी चेताया था कि किसी भी विज्ञापन मॉडल को ChatGPT के जवाबों में दखल नहीं देना चाहिए, क्योंकि यूजर्स इस प्लेटफॉर्म पर भरोसा करते हैं।
बढ़ते खर्च और कमाई का दबाव
OpenAI आने वाले वर्षों में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करने की योजना बना रहा है। अल्टमैन के मुताबिक, कंपनी की सालाना कमाई $13 बिलियन से ज्यादा है, लेकिन इतने बड़े निवेश को संभालने के लिए मजबूत रेवेन्यू मॉडल जरूरी है।
OpenAI ने अपने ब्लॉग पोस्ट में कहा कि उसका एंटरप्राइज और सब्सक्रिप्शन बिजनेस पहले से मजबूत है। लेकिन, वह चाहती है कि विज्ञापन भी रेवेन्यू का एक हिस्सा बनें, ताकि AI ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।
कंपनी ने यह भी साफ किया कि यूजर्स का फीडबैक तय करेगा कि यह विज्ञापन मॉडल आगे किस दिशा में जाएगा और इसे किस तरह विकसित किया जाएगा।