iPhone Duo on Blinkit: क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) पर ऐपल के चाहने वालों के बीच गजब का क्रेज देखने को मिला है। ऐपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन आईफोन डुओ (iPhone Duo) की बिक्री शुक्रवार सुबह ब्लिंकिट पर शुरू होते ही महज 5 मिनट के भीतर सारा स्टॉक बिक गया। ब्लिंकिट के सह-संस्थापक और सीईओ अल्बिन्दर ढींढसा ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है। ऐपल के इस नए और बहुप्रतीक्षित फोल्डेबल फोन को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
ब्लिंकिट पर सिर्फ 5 मिनट में आउट ऑफ स्टॉक हुआ आईफोन डुओ
ब्लिंकिट के फाउंडर अल्बिन्दर ढींढसा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि कंपनी ने शुक्रवार सुबह 8:15 बजे ब्लिंकिट पर आईफोन डुओ की सेल लाइव की थी। ये फिलहाल सिर्फ दिल्ली-एनसीआर के ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया था। अल्बिन्दर ढींढसा ने जानकारी दी कि मांग इतनी जबरदस्त थी कि महज 5 मिनट के भीतर ही सभी यूनिट्स बिक गईं। कंपनी अब आने वाले हफ्तों में और अधिक स्टॉक जुटाने पर काम कर रही है ताकि ग्राहकों की मांग को पूरा किया जा सके।
भारत समेत ग्लोबल मार्केट में शुरू हुई आईफोन डुओ की बिक्री
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ की बिक्री शुक्रवार से ग्लोबल स्तर पर शुरू हो गई है। यह लॉन्च नए सीईओ जॉन टर्नस के लिए एक परीक्षा की तरह है। टर्नस में सितंबर में कार्यभार संभालने के ठीक एक हफ्ते बाद इस फोन से पर्दा उठाया था। इस फोन के जरिए ऐपल ने सैमसंग और हुआवेई जैसी कंपनियों के दबदबे वाले फोल्डेबल फोन के बाजार में आधिकारिक एंट्री कर ली है।
दुनियाभर के स्टोर्स पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सिडनी से लेकर शंघाई तक लोग इस लग्जरी डिवाइस को पाने के लिए सुबह से कतारों में खड़े नजर आए। हालांकि, सीमित स्टॉक के कारण कई देशों में ग्राहकों को निराशा भी हाथ लगी है। ऐपल ने बताया है कि चीन, फ्रांस, हांगकांग, भारत और जापान जैसे देशों में यह फोन सिर्फ उन ग्राहकों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने इसके लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया था।
आईफोन डुओ के फीचर्स और एक्सपर्ट्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
ऐपल के पहले फोल्डेबल फोन आईफोन डुओ को लेकर टेक एक्सपर्ट्स और समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। रिव्यूअर्स ने इसके शानदार डिजाइन और बेहद मजबूत व न के बराबर दिखने वाले हिंज की जमकर तारीफ की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मार्केट रिसर्च फर्म IDC का अनुमान है कि ऐपल इस साल फोल्डेबल बाजार के कुल मूल्य का 44% हिस्सा हासिल कर सकता है।
कुछ जानकारों और टेक ब्लॉगर्स (जैसे मार्वस ब्राउनली और जॉन ग्रबर) का मानना है कि इसमें टेलीफोटो लेंस का अभाव और थर्ड-पाटी ऐप्स का नए डिस्प्ले साइज के अनुकूल न होना कुछ खरीदारों को निराश कर सकता है। इसके अलावा फोल्डेबल फॉर्म फैक्टर के चलते रोजमर्रा के छोटे-मोटे कामों के लिए इसे इस्तेमाल करने में थोड़ा समय लग सकता है।
ब्लिंकिट पर अन्य नए ऐपल प्रोडक्ट्स की भी धूम
इससे पहले भी ब्लिंकिट ने ऐपल के साथ साझेदारी कर लॉन्च वाले दिन ही लेटेस्ट प्रोडक्ट्स ग्राहकों तक पहुंचाने की शुरुआत की है। ब्लिंकिट के जरिए दिल्ली-एनसीआर के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद, जयपुर और लखनऊ के ग्राहक ऐपल के नए प्रोडक्ट्स खरीद सकते हैं। इन डिवाइसेस की खरीद पर चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स पर आकर्षक छूट और नो-कॉस्ट ईएमआई के विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं।