How To Save Mobile Data: क्या आपके भी मोबाइल फोन में डेटा जल्दी खत्म हो जाता है। अगर हां, तो इस समस्या से कई लोग जूझ रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तो यह भी कहा है कि जैसे ही डेटा आता है, उसके कुछ देर बाद डेटा खत्म भी हो जाता है। लोगों की शिकायत रहती है कि इतना मंहगा डेटा प्लान लेने के बावजूद इंटरनेट पूरा दिन नहीं चलता है। लेकिन हम आपको बता दें कि कुछ टिप्स अपनाकर डेटा को बचाया जा सकता है। चलिए जान लेते हैं कि डेटा बचाने के लिए आपके कौन-से तरीके अपनाने पड़ेंगे।
बंद कर दें ऐप्स ऑटो अपडेट
अक्सर लोगों के मोबाइल में ऐप्स ऑटो अपडेट पर रहते हैं। इस कारण जैसे ही Google Play Store पर ऐप्स का अपडेट मांगा जाता है, वैसे ही ऐप्स खुद ही अपडेट होने लगते हैं और बहुत सारा डेटा खर्च हो जाता है। ऑटो अपडेट बंद करने के लिए सबसे पहले Google Play Store जाएं, फिर स्क्रीन के टॉप कॉर्नर में प्रोफाइल पिक्चर पर क्लिक करें। इसके बाद मेन्यू में Settings चुनें और Network preferences या Auto-update apps पर टैप करें। फिर Don’t auto-update apps चुनें या Auto-update apps over Wi-Fi only चुनें, इससे अपडेट केवल Wi-Fi पर होगा।
अगर आपका डेटा जल्दी खत्म हो जाता है तो आप डेटा सेवर मोड ऑन कर लें। यह बैकग्राउंड में चलने वाली ऐप्स के डेटा को लिमिट करता है। इसके लिए आपको सेटिंग्स में जाना होगा। फिर नेटवर्क और इंटरनेट में जाएं। इसके बाद डेटा यूज में जाकर डेटा सेवर ऑन करें। बता दें कि Android और iOS दोनों में यह सेटिंग उपलब्ध होती है।
वीडियो स्ट्रीमिंग की क्वालिटी घटाएं
अक्सर लोग यूट्यूब या नेटफ्लिक्स पर हाई क्वालिटी में वीडियो देखते हैं, इसमें डेटा बहुत तेजी से लगता है। ऐसे में आप यूट्यूब, नेटफ्लिक्स या Amazon Prime जैसी ऐप्स में वीडियो क्वालिटी को 480p या उससे कम सेट करें। यह डेटा खपत को कम करेगा। इसके लिए यूट्यूब की सेटिंग्स में जाएं वीडियो क्वालिटी डेटा सेवर या 480p चुनें।
मोबाइल अपडेट को रोकने का ऑप्शन
मोबाइल में सॉफ्टवेयर अपडेट आते रहते हैं। जैसे ही मोबाइल अपडेट आता है तो सॉफ्टवेयर खुद-ब-खुद ही डाउनलोड होकर इंस्टाल हो जाता है। इसका मतलब है कि सॉफ्टवेयर ऑटो अपडेट पर है। इसलिए इसे ऑटो अपडेट से हटाएं। आप चाहें तो Wi-Fi कनेक्शन के दौरान सॉफ्टवेयर अपडेट कर सकते हैं।
आप अपने डिवाइस में डेटा लिमिट को ऑन कर सकते हैं। इसके जरिए आप डेटा की लिमिट तय कर सकते हैं जिससे आपका मोबाइल डेटा बच जाएगा। इसके लिए आप सेटिंग खोलें, कनेक्शन में जाएं और डेटा यूज पर टैप करें। यहां आप डेटा अलर्ट सेट करें, यहां पर मोबाइल डेटा उपयोग की पूरी लिमिट सेट कर दें।