E-Aadhaar App: अक्सर लोगों को आधार कार्ड से जुड़ी समस्या के लिए आधार और जनसेवा केंद्रों के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन अब ऐसा बिल्कलु नहीं होगा। क्योंकि भारत सरकार जल्द आधार से जुड़ी एक नई ऐप लॉन्च करने वाली है, जिसका नाम E-Aadhaar हैं। इस नई ऐप के जरिए आप अपनी पर्सनल जानकारी जैसे कि नाम, पता, डेट ऑफ बर्थ जैसी चीजें खुद ही अपडेट कर पाएंगे। भारत सरकार द्वारा इस ऐप को बनाने का एक मकसद यह भी है कि लोगों को बार-बार आधार में सुधार करवाने के लिए आधार केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे सरकार पर से भी उन अनुरोधों या शिकायतों का बोझ हटेगा जो कि रोजाना लाखों की तादाद में UIDAI के पोर्टल पर जमा हो जाते हैं। अब आइए जानते हैं E-Aadhaar ऐप के बारे में डिटेल में।
जिस तरह से अभी mAadhaar ऐप आपके आधार से जुड़े कई तरह के कामों के लिए उपलब्ध है, उसी तरह से E-Aadhaar ऐप कई नई सुविधाएं लेकर आने वाला है। इसे आप अपने आधार कार्ड का डिजिटल या ऑनलाइन वर्जन समझ सकते हैं। इस ऐप के आने से आप अपने आधार की सॉफ्ट कॉपी जहां चाहे वहा शेयर कर पाएंगे। इसके अलावा, कई काम के ऑप्शन इस ऐप में देखने को मिलेंगे। बता दें कि इस ऐप का अर्ली एक्सेस वर्जन फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। अगर आप चाहें, तो गूगल प्ले स्टोर पर जाकर इस ऐप को डाउनलोड कर एक्सपीरियंस कर सकते हैं। हालांकि, अभी इस ऐप पर कई काम के फीचर्स उपलब्ध कराए जाने बाकी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस ऐप को साल के आखिर तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।
E-Aadhaar ऐप में मिलेगी ये सुविधाएं
इस नई ऐप के फीचर्स की बात करें तो इसमें आपको सिर्फ अपने डिवाइस यानी स्मार्टफोन और लैपटॉप से अपना पता, जन्मतिथि और फोन नंबर जैसी तमाम जानकारियों को अपडेट करने की सुविधा मिलेगी। हालांकि, आपको बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन यानी फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैनिंग को अपग्रेड कराने के लिए आधार सेंटर जाना पड़ेगा। इसके अलावा, इसके अलावा, ई-आधार ऐप में यूजर्स का डेटा जैसे जन्म प्रमाणपत्र, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड (PDS), मनरेगा रिकॉर्ड और बिजली बिल अपने-आप फेच हो जाएगा। इससे एड्रेस वेरिफिकेशन जैसे काम बहुत तेजी और आसानी से पूरे किए जा सकेंगे।
ऐप में दिखेगी AI और FaceID जैसी टेक्नोलॉजी
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस ऐप में AI और FaceID जैसी टेक्नोलॉजी को भी जोड़ा जा रहा है। इससे आधार से होने वाले लगभग सभी काम-काज बहुत तेजी से पूरे हो सकेंगे। आप ऐसा समझ सकते हैं कि आज अगर आपको किसी सरकारी सेवा के लिए अपना वेरिफिकेशन कराने में कई दिन लगते हैं, तो आगे इस नई ऐप और टेक्नोलॉजी की मदद से वही काम चंद मिनटों में पूरा हो पाएगा। इससे आपको तेजी से सरकारी सेवाएं मिल पाएंगी।
इस ऐप का ट्रायल या अर्ली एक्सेस वर्जन फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। एंड्रॉयड यूजर्स इसे डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि यह शुरुआती वर्जन है, लेकिन इसमें आप अपने आधार नंबर से लॉगिन कर पाएंगे और कुछ फीचर्स का इस्तेमाल भी कर सकेंगे। अभी के लिए इसमें आधार शेयर करने से जुड़े कुछ ऑप्शन ही दिए गए हैं।