अब ऐसे कंटेंट पर पैसा नहीं देगा एलॉन मस्क का X, डिसलाइक बटन भी लाया

एलॉन मस्क का X प्लेटफॉर्म स्पैम और लो क्वालिटी कंटेंट पर कमाई रोकने की तैयारी में है। कंपनी डिसलाइक बटन भी ला रही है। जानिए इन दोनों बदलावों का क्या मकसद है और ये कैसे काम करेंगे।

अपडेटेड Mar 18, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
X पर नया डिसलाइक बटन फिलहाल केवल रिप्लाई या कमेंट सेक्शन में दिखाई दे रहा है।

अमेरिकी अरबपति एलॉन मस्क का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) बड़े बदलाव कर रहा है। अब एक्स पर स्पैम कंटेंट पर पैसा कमाना न सिर्फ मुश्किल हो जाएगा, बल्कि ऐसे कंटेंट डालने से यूजर को नुकसान भी हो सकता है। साथ ही, एक्स डिसलाइक बटन भी ला रहा है।

कैसे काम करेगा डिसलाइक बटन

नया डिसलाइक बटन फिलहाल केवल रिप्लाई या कमेंट सेक्शन में दिखाई दे रहा है। यह बटन टूटे दिल या थंब्स डाउन आइकन के रूप में है।


इस बटन से मिलने वाले डिसलाइक की संख्या सार्वजनिक नहीं होगी। इसका इस्तेमाल सिर्फ प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम करेगा ताकि बेहतर रिप्लाई को ऊपर दिखाया जा सके और स्पैम या कम गुणवत्ता वाले कमेंट को नीचे दबाया जा सके।

फिलहाल यह फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। X इसे धीरे धीरे रोलआउट कर रहा है और सर्वर साइड कंट्रोल के जरिए अलग अलग क्षेत्रों में इसे सक्रिय किया जा रहा है।

स्पैम कंटेंट पर नहीं मिलेगा पैसा

X के हेड ऑफ प्रोडक्ट निकिता बियर ने कहा है कि आने वाले 30 दिनों में प्लेटफॉर्म पर स्पैम करने का आर्थिक फायदा काफी कम हो जाएगा और आगे चलकर यह नुकसान का सौदा भी बन सकता है।

अभी तक कई लोग जानबूझकर विवादित या भ्रामक पोस्ट और स्पैम कमेंट करके व्यूज और एंगेजमेंट बढ़ाते थे, जिससे उन्हें रेवेन्यू शेयरिंग या दूसरे तरीकों से कमाई हो जाती थी।

लेकिन X अपने एल्गोरिदम और मॉनेटाइजेशन मॉडल में बदलाव कर रहा है। इससे स्पैम या लो क्वालिटी कंटेंट को कम दिखाया जाएगा और उससे कमाई का मौका भी खत्म हो जाएगा।

इसका असर क्या हो सकता है

अगर यह बदलाव पूरी तरह लागू हो जाता है तो प्लेटफॉर्म पर स्पैम, बॉट अकाउंट और फर्जी एंगेजमेंट काफी हद तक कम हो सकते हैं। इससे यूजर्स को ज्यादा भरोसेमंद और बेहतर कंटेंट देखने को मिलेगा।

साथ ही कंटेंट क्रिएटर्स को भी साफ संदेश जाएगा कि सिर्फ क्वालिटी कंटेंट से ही कमाई मुमकिन होगी। वहीं, स्पैम या भ्रामक पोस्ट करने वालों के लिए यह मॉडल नुकसान का सौदा बन सकता है।

NSE IPO: इश्यू साइज के 0.65% के बराबर रहेगी एडवाइजरी फीस! कुल $1.62 करोड़ का हो सकता है पेमेंट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।