Oppo ने इस साल जुलाई में भारत में Reno 16 लॉन्च किया था। इसके साथ कंपनी ने Reno 16c भी पेश किया था। अब कंपनी अपनी Reno सीरीज का अगला स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। हाल ही में Oppo Reno 17 की एक कथित तस्वीर ऑनलाइन सामने आई है। इस तस्वीर में फोन का डिजाइन और इसका एक कलर ऑप्शन देखने को मिला है।
इसके अलावा, फोन के फीचर्स, स्पेसिफिकेशंस, भारत में लॉन्च होने का समय और संभावित कीमत से जुड़ी जानकारी भी लीक हुई है। सामने आई तस्वीर के मुताबिक, Oppo Reno 17 का डिजाइन पिछले मॉडल जैसा हो सकता है। लीक में यह भी दावा किया गया है कि कंपनी भारत में इसका Pro मॉडल लॉन्च नहीं कर सकती है।
Oppo Reno 17 का फर्स्ट लुक लीक
टिप्स्टर योगेश बरार के साथ मिलकर Smartprix ने Oppo Reno 17 की एक कथित तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में फोन के पिछले हिस्से का डिजाइन देखने को मिला है। फोन का बैक पैनल फ्लैट नजर आ रहा है और इसमें चौकोर आकार का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है।
लीक हुई तस्वीर के मुताबिक, Oppo Reno 17 में पीछे की तरफ तीन कैमरे मिल सकते हैं। इनमें से दो कैमरे उभरे हुए कैप्सूल जैसे हिस्से में लगे नजर आ रहे हैं। वहीं, तीसरा कैमरा और LED फ्लैश इसके बगल में दिए जा सकते हैं। फोन के पिछले पैनल के निचले हिस्से में Oppo की ब्रांडिंग भी दिखाई दे रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक फोन के डिजाइन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Oppo Reno 17 में पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल फोन के साइड में दिए जा सकते हैं। वहीं, फोन का दूसरा किनारा खाली नजर आ रहा है। लीक हुई तस्वीर में यह स्मार्टफोन सफेद रंग में दिखाई दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Oppo Reno 17 को भारत में जनवरी 2027 में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी देश में इसका Reno 17 Pro मॉडल पेश नहीं कर सकती है। वहीं, स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत 60,000 रुपये से 70,000 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।
Oppo Reno 17 के संभावित फीचर्स
परफॉर्मेंस के लिए Oppo Reno 17 में Qualcomm का Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह वही चिपसेट है, जो इसके पिछले मॉडल में भी इस्तेमाल किया गया है।
कैमरे की बात करें तो फोन में पीछे की तरफ तीन 50MP कैमरे मिल सकते हैं। इनमें मेन कैमरा, अल्ट्रावाइड कैमरा और टेलीफोटो कैमरा शामिल होने की उम्मीद है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह स्मार्टफोन Android 17 पर आधारित ColorOS 17 के साथ आ सकता है।
बैटरी के मामले में भी Oppo Reno 17 खास हो सकता है। लीक के मुताबिक, इसमें 7,000mAh से ज्यादा क्षमता वाली बैटरी दी जा सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक फोन के फीचर्स, कीमत और लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इसके अलावा, Weibo पर एक पोस्ट में टिपस्टर 'स्मार्ट पिकाचू' (चीनी भाषा से अनुवादित) ने दावा किया है कि Oppo Reno 17 सीरीज को नवंबर में चीन में लॉन्च किया जाएगा। इस सीरीज में दो मॉडल हो सकते हैं, जिनमें एक खास AI बटन दिया जाएगा। खबरों के अनुसार, Oppo Reno 17 सीरीज के पिछले हिस्से में 200MP का कैमरा होगा, साथ ही इसमें लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग और फोटो एडिटिंग जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।