Google Chrome Users Security Warning: Google Chrome यूजर्स के लिए इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने हाई रिस्क सिक्योरिटी वार्निंग जारी की है। जिसमें बताया गया है कि Chrome में कुछ खामियां पाई गई हैं, जिनकी मदद से साइबर अपराधी आपके सिस्टम को हैक कर सकते हैं। खासकर जो लोग पुराना वर्जन यूज कर रहे हैं उनको इसका ज्यादा खतरा है। चलिए इस खबर को डिटेल में जानते हैं।
डेस्कटॉप यूजर्स को है हैकिंग का खतरा
Google Chrome को ब्राउजिंग के लिए भारत में सबसे ज्यादा यूज किया जाता है। चाहे ऑफिस का काम हो या फिर इंटरनेट से कोई जानकारी लेनी हो, करोड़ों यूजर्स डेली इस ब्राउजर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन गृह मंत्रालय के अधीन आने वाली इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने हाल ही में एक चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि Chrome के डेस्कटॉप वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जो Windows, Linux और macOS पर चलने वाले वर्जन को प्रभावित कर रही हैं। इन कमजोरियों का फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स के सिस्टम पर हमला कर सकते हैं, संवेदनशील डेटा तक पहुंच सकते हैं और सिस्टम को क्रैश या पूरी तरह से कंट्रोल कर सकते हैं।
CERT-In के मुताबिक, यह खामी उन यूजर्स को प्रभावित कर रही है जो Windows और macOS पर 141.0.7390.107/.108 तथा Linux पर 141.0.7390.107 से पुराने वर्जन का उपयोग कर रहे हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यूजर्स तुरंत अपने क्रोम ब्राउजर को नए वर्जन में अपडेट करें, ताकि सिस्टम सुरक्षित रहे।
बचाव के लिए यूजर्स के पास क्या रास्ते?
वहीं, Google ने यूजर्स और डेटा सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए इस खामी के लिए सिक्योरिटी पैच जारी कर दिया है। इसलिए सभी यूजर्स को Chrome को अपडेट करने की सलाह दी जाती है। Google ने बताया कि यह सुरक्षा खामी पूराने वर्जन में है इसलिए यूजर्स इसे अपडेट कर लें, ताकि हैकिंग से बचा जा सके। आप Google Chrome को Manually और Automatic दोनों से तरह से अपडेट कर सकते हैं। बता दें कि एक्सपर्ट्स अक्सर डिवाइस और ऐप्स को अपडेट करने की सलाह देते रहते हैं, ताकि साइबर अपराध से बचा जा सके।