Motorola Edge 70 Pro+ को भारत में 4 जून को लॉन्च किया गया था। यह हैंडसेट कंपनी की 2026 की मिड-रेंज लाइनअप में चौथा मॉडल है और इसे Pro मॉडल के ठीक बाद लॉन्च किया गया। नई Edge 70 सीरीज का यह फोन तीन Pantone-क्यूरेटेड कलर ऑप्शन और एक ही स्टोरेज वेरिएंट में आता है। इसमें ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 8000 सीरीज का चिपसेट दिया गया है, जो Pro मॉडल में भी मिलता है। इस फोन में AMOLED डिस्प्ले, 6,500mAh की बैटरी और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप भी है। अब चलिए जानतें हैं Motorola Edge 70 Pro+ के स्पेसिफिकेशन्स, कीमत और ऑफर के बारे में।
Motorola Edge 70 Pro+ की भारत में कीमत और ऑफर
भारत में Motorola Edge 70 Pro+ के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले एकमात्र मॉडल की कीमत ₹47,999 है। अगर आप इस फोन को खरीदना चाहते हैं तो कंपनी Axis Bank और ICICI Bank के क्रेडिट कार्ड पर ₹3,000 का इंस्टेंट डिस्काउंट दे रही है। साथ ही, ग्राहक ₹3,000 का एक्सचेंज बोनस भी पा सकते हैं। इसके अलावा, जो खरीदार एक बार में पूरी रकम नहीं देना चाहते, वे 6 महीने तक के लिए बिना ब्याज वाली EMI का विकल्प चुन सकते हैं।
यह नया फोन अभी भारत में Flipkart और Motorola India के ऑनलाइन स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध है। Motorola Edge 70 Pro+ को Pantone Chicory Coffee, Pantone Stormy Sea और Pantone Zinfandel कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
Motorola Edge 70 Pro+ के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Motorola Edge 70 Pro+ एक डुअल सिम स्मार्टफोन है, जो Android 16 पर आधारित Hello UI के साथ आता है। इसमें 6.8-इंच का 1.5K (1272×2772 पिक्सल) Extreme AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 5200 निट्स तक जाती है। इसमें 360Hz टच सैंपलिंग रेट, 450 ppi डेंसिटी, 100% DCI-P3 कलर गैमट और HDR10+ सपोर्ट मिलता है। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए IP68 + IP69 रेटिंग और मजबूती के लिए MIL-810H सर्टिफिकेशन भी मिलता है।
इसके अलावा, Motorola Edge 70 Pro+ में 4nm ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 8500 Extreme चिपसेट है, जो 3.4GHz पर क्लॉक किया गया है। इसमें 12GB LPDDR5x RAM और 256GB UFS 4.1 ऑनबोर्ड स्टोरेज भी है। थर्मल मैनेजमेंट के लिए, हैंडसेट में 4,600 sq mm हीट डिसिपेशन एरिया वाला वेपर चैंबर दिया गया है।
कैमरे की बात करें तो, Motorola Edge 70 Pro+ में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें Sony LYT-710 सेंसर और ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) वाला 50MP (f/1.8) का मेन कैमरा है। इसके साथ ही, 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा है जो 3x ऑप्टिकल जूम, 50x डिजिटल जूम और OIS सपोर्ट देता है, और 112-डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 50MP (f/2.0) का अल्ट्रावाइड कैमरा भी है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें ऑटोफोकस वाला 50MP (f/1.9) का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है।
Motorola Edge 70 Pro+ में 6,500mAh की बैटरी है, जो 90W (वायर्ड) और 15W (वायरलेस) फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। सुरक्षा के लिए इस हैंडसेट में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर और फेस अनलॉक की सुविधा दी गई है। नई Edge 70 सीरीज के इस फोन का डायमेंशन 162.7×75.6×7.19mm है और वजन लगभग 190 ग्राम है।