WhatsApp New Features: WhatsApp अपने फीचर्स में कुछ न कुछ खास अपडेट लेकर आता रहता है। कंपनी इस बार भी अपने मैसेंजर ऐप में तीन नए फीचर्स लेकर आई है। ये ऐसे फीचर्स हैं, जिनके जरिए आप वीडियो कॉल तो करेंगे ही पर इन कॉल को आप शेड्यूल भी कर सकते हैं। जी हां, दरअसल ये ऐसे फीचर्स हैं जो आपके पर्सनल कॉल के साथ-साथ वीडियो कॉल मीटिंग्स को भी आसान बना देंगे। इन फीचर्स को दुनियाभर में जारी किया गया है और धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किए जा रहे हैं। आइए जानते हैं ये कौन-कौन से फीचर हैं।
Schedule call फीचर: अब यूजर्स WhatsApp पर ग्रुप कॉल्स को शेड्यूल कर सकते हैं। इसका मतलब है कि कोई यूजर्स अपने किसी कॉन्टैक्ट या किसी पूरे ग्रुप को वीडियो कॉल के लिए पहले से नोटिफिकेशन भेज सकता है। इन्हें आप अपने पर्सनल कैलेंडर में जोड़ भी सकते हैं या दूसरों के साथ शेयर कर सकते हैं।
Raise Hand फीचर्स: कंपनी ग्रुप कॉल के लिए Raise Hand फीचर्स या फिर इन-कॉल इंटरेक्शन को लेकर आया है। इस फीचर का उपयोग कोई भी व्यक्ति ग्रुप कॉल के दौरान अपनी बात कहने के लिए कर सकता है। जैसे- किसी को भी अपनी बात कहनी होगी तो वह इसके जरिए रिएक्शन दे सकेंगे। यह बिल्कुल MS Teams पर ग्रुप कॉल में मिलने वाले Raise Hand फीचर जैसा ही है।
नया कॉल मैनेजमेंट: इन दो फीचर्स के साथ-साथ कंपनी ने कॉल्स टैब को भी अपडेट किया है. अब इसमें अपकमिंग कॉल्स, कॉल अटेंड करने वाले लोगों की लिस्ट और शेयरेबल्स कॉल लिंक्स का क्लियर व्यू मिलेगा। इसके साथ ही जब भी कोई शेयर किए गए लिंक से कॉल अटैंड करेगा तो कॉलर को इसका नोटिफिकेशन मिल जाएगा।
व्हाट्सऐप पर कॉल शेड्यूल करना अब काफी आसान हो गया है। इसके लिए सबसे पहले आपको ऐप खोलकर Calls टैब में जाना होगा। यहां राइड साइड में ऊपर की तरफ एक + का आइकन दिखेगा, उस पर टैप करें। इसके बाद आपके सामने कॉल लिंक ऑप्शन के साथ ही शेड्यूल कॉल का भी ऑप्शन आ जाएगा। जिसपर आपको क्लिक करना होगा। फिर शेड्यूल कॉल चुनने पर सबसे ऊपर आपका नाम दिखाई देगा, जिससे सामने वाले को पता चलेगा कि कॉल किसने शेड्यूल की है। नीचे आपको डिस्क्रिप्शन जोड़ने का भी ऑप्शन मिलेगा। फिर आपको कॉल शुरू होने और खत्म होने का समय सिलेक्ट करना होगा। इसके बाद यह तय करें कि आप वीडियो कॉल करना चाहते हैं या वॉयस कॉल।
फिर ऊपर राइट साइड में दिए गए Next बटन पर टैप करें। ऐसा करते ही आपकी कॉन्टेक्ट लिस्ट खुल जाएगी, जहां से आप चाहें तो किसी ग्रुप या एक नंबर को चुन सकते हैं। जैसे ही कॉल शेड्यूल होगी, उस कॉन्टेक्ट को एक मैसेज नोटिफिकेशन मिलेगा। उसमें Join Call का बटन होगा, जिस पर क्लिक करके सामने वाला तय समय पर कॉल ज्वाइन कर पाएगा।
पर्सनल और वीडियो कॉल से जुड़े ये महत्वपूर्ण फीचर्स लाकर WhatsApp ने अपनी कमर कस ली है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन फीचर्स के साथ कंपनी ने Google Meet, Zoom और Microsoft Teams जैसे दूसरे वीडियो कॉल प्लेटफॉर्म्स के साथ मुकाबले की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि इन फीचर्स के आ जाने से WhatsApp अब पर्सनल और ग्रुप कॉल के साथ-साथ ऑनलाइन क्लासेस और ऑनलाइन मीटिंग के लिए भी लोगों की पहली पसंद बन सकती है।