हाल ही में भारत में Find X9 Ultra लॉन्च करने के बाद, चीनी स्मार्टफोन कंपनी Oppo अब अपनी अगली Reno सीरीज पर ध्यान देती दिख रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक लॉन्च की तारीख का आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया है, लेकिन नई लीक से पता चलता है कि Oppo Reno 16 लाइनअप ग्लोबल और भारतीय मार्केट में लॉन्च होने के करीब हो सकता है। खबर है कि पूरी Reno सीरीज - जिसमें Reno 16, Reno 16 Pro और Reno 16 FS शामिल हैं - एक यूरोपियन रिटेलर की वेबसाइट पर देखी गई है, जिससे हमें इसकी अनुमानित कीमत, कलर ऑप्शन और खास स्पेसिफिकेशन्स के बारे में शुरुआती जानकारी मिली है। चलिए जानते हैं-
लॉन्च से पहले Oppo Reno 16 सीरीज की कीमतें लीक
इटली की रिटेलर वेबसाइट Epto पर सामने आई लिस्टिंग और XpertPick की रिपोर्ट के अनुसार, Reno 16 सीरीज के कई मॉडल “Coming Soon” टैग के साथ ऑनलाइन दिखे हैं। स्टैंडर्ड Oppo Reno 16 5G Bundle ब्लैक और व्हाइट कलर में लिस्ट किया गया है, जिसकी कीमत करीब EUR 890.91 (लगभग ₹98,200) बताई जा रही है। वहीं Reno 16 FS 5G थोड़ा सस्ता बताया गया है, जिसकी कीमत करीब EUR 791.90 (लगभग ₹87,300) है और यह भी ब्लैक व व्हाइट रंग में उपलब्ध है। दूसरी ओर Reno 16 Pro 5G सबसे महंगा मॉडल बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग EUR 1,087.90 (लगभग ₹1,19,900) है।
हालांकि, ये सभी कीमतें यूरोपीय बाजार की हैं, इसलिए भारत में लॉन्च के समय इनके दाम अलग हो सकते हैं। इसके अलावा Reno 16 BIS सर्टिफिकेशन प्लेटफॉर्म पर भी देखा गया है, जो आमतौर पर भारत में जल्द लॉन्च होने के संकेत हैं।
Oppo Reno 16 के स्पेसिफिकेशन्स ऑनलाइन लीक
कीमत लीक होने के साथ-साथ, Standard Reno 16 हाल ही में Geekbench पर भी दिखा, जिसका मॉडल नंबर CPH2865 है। लॉन्च से पहले दिखी इस बेंचमार्क लिस्टिंग से पता चलता है कि इस हैंडसेट में Qualcomm का Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट और 12GB RAM हो सकती है। खबरों के मुताबिक, डिवाइस ने सिंगल-कोर टेस्टिंग में 1,240 पॉइंट्स और मल्टी-कोर परफॉर्मेंस में 3,994 पॉइंट्स हासिल किए।
रिपोर्ट्स से यह भी पता चलता है कि Reno 16 में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला 6.32-इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले हो सकता है। कहा जा रहा है कि इस स्मार्टफोन में 6000mAh की बैटरी होगी, जो 80W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी।
कैमरे की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 50MP का प्राइमरी सेंसर, 3.5x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP का टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिल सकता है। साथ ही, सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा होने की भी चर्चा है।