राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म रैपिडो (Rapido) अब फूड डिलीवरी बिजनेस में भी उतर गई है। कंपनी ने अपना स्टैंडअलोन फ़ूड डिलीवरी ऐप ओनली (Ownly) लॉन्च किया है। यह गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हो गया है। फिलहाल रैपिडो की फूड डिलीवरी सर्विस बेंगलुरु के चुनिंदा इलाकों, जैसे कोरमंगला और HSR लेआउट में मिलेगी।
Rapido Ownly ऐप 150 रुपये से कम कीमत वाले फूड आइटम्स पर बेस्ड है। इसके ज्यादातर उत्तर भारतीय फूड आइटम्स, जैसे चपाती, चावल, अंडे और अन्य, 100 रुपये से कम कीमत के हैं। रैपिडो ने Ownly सर्विस को जीरो-कमीशन प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया है। यह कस्टमर्स को ऑफलाइन के जैसी कीमतों पर खाने की पेशकश करता है। कंपनी ने इस ऐप को लॉन्च करने से पहले कई हफ्तों तक अपने कर्मचारियों के बीच इंटर्नल टेस्टिंग की।
अपने मॉडल के तहत रैपिडो, रेस्टोरेंट्स से 4 किलोमीटर के दायरे में एक निश्चित डिलीवरी फीस लेगी। 100-400 रुपये तक के ऑर्डर पर यह फीस 25 रुपये और 100 रुपये से कम के ऑर्डर पर 20 रुपये होगी। 400 रुपये से ज्यादा के ऑर्डर पर डिलीवरी फीस 50 रुपये होगी। ऐप के मुताबिक, 99 रुपये से ज्यादा के ऑर्डर्स पर केवल GST और 20 रुपये की डिलीवरी फीस रहेगी। शुरुआत में, कीमतों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए रैपिडो इन लागतों को ग्राहक से न वसूलकर खुद ही वहन करेगी। Ownly पर प्लेटफॉर्म फीस, पैकेजिंग कॉस्ट और ऑनलाइन मेन्यू की बढ़ी हुई कीमतों जैसे अतिरिक्त चार्ज फिलहाल नहीं होंगे।
रैपिडो 500 से ज्यादा शहरों में 40 लाख मंथली राइड्स और 3 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स के साथ काम करती है। यह अपने मौजूदा बाइक टैक्सी राइडर नेटवर्क का इस्तेमाल करके खाने के ऑर्डर पूरे करने की योजना बना रही है। कंपनी का मानना है कि ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने की कुल लागत कम करने से यूजर आकर्षित होंगे।
भारत के 8 अरब डॉलर के फूड डिलीवरी बाजार में जोमैटो और स्विगी का दबदबा बना हुआ है। ये हर रोज 45 लाख से ज्यादा फूड डिलीवरी ऑपरेट करती हैं। रैपिडो ओनली के लिए बेंगलुरु एक टेस्ट लोकेशन के रूप में काम करेगा। अगर यह सर्विस सफल रही, तो फिर इसे अन्य जगहों पर भी लॉन्च किया जा सकता है।