Jio Happy New Year Plans: रिलायंस जियो ने अपने 10 साल पूरे होने के अवसर पर 'हैप्पी न्यू ईयर 2.0' लाइनअप पेश किया है। इस सीरीज में ₹399 और ₹3,999 के दो बेस प्लान्स शामिल हैं, जिनमें अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा दी गई है। इसके अलावा टेलीकॉम कंपनी ने ₹15 और ₹25 के अनलिमिटेड 5G डेटा ऐड-ऑन और रात के समय अनलिमिटेड डेटा के लिए ₹50 का पैक भी उतारा है।
₹399 वाला प्लान: इसकी वैलिडिटी 28 दिन की है।
₹3,999 वाला प्लान: यह सिंगल रिचार्ज में 365 दिन की वैलिडिटी के साथ आता है।
इन दोनों बेस प्लान्स में ग्राहकों को अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और हर दिन 100 SMS की सुविधा मिलती है।
जियो अपने ₹399 वाले पैक को नया फ्लैगशिप प्लान बता रहा है। इसके साथ ग्राहकों को ₹4,000 कीमत वाला 12 महीने का Canva Pro सब्सक्रिप्शन मिलता है, जिससे प्रीमियम डिजाइन टेम्प्लेट और टूल्स का एक्सेस मिलता है। हॉलीवुड कंटेंट के साथ JioHotstar Mobile, JioTV के जरिए FanCode सब्सक्रिप्शन और JioGames मोबाइल सब्सक्रिप्शन शामिल है। JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज मिलता है। छोटे कारोबारियों के लिए इसमें JustDial Lite, हाइपरलोकल कूपन और Digital Diary जैसे टूल्स भी बंडल किए गए हैं।
₹3,999 वाले सालाना प्लान के फायदे
सालाना प्लान के साथ ग्राहकों को ₹1,590 कीमत वाला 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन मिलता है। हॉलीवुड कंटेंट के साथ JioHotstar Mobile, JioTV के जरिए FanCode एक्सेस और 50GB JioAICloud स्टोरेज दिया जाता है। वैसे इस सालाना प्लान में JioGames सब्सक्रिप्शन और बिजनेस टूल्स शामिल नहीं हैं।
अनलिमिटेड 5G और नाइट डेटा ऐड-ऑन
₹15 और ₹25 के ऐड-ऑन: ₹15 का ऐड-ऑन एक दिन के लिए अनलिमिटेड 5G डेटा देता है, जबकि ₹25 का पैक यही सुविधा दो दिन के लिए बढ़ाता है। जियो के मुताबिक इन पैक्स में कोई डाउनलोड कैप, स्पीड थ्रॉटलिंग या यूसेज लिमिट नहीं है।
₹50 का नाइट डेटा पैक: यह पैक 28 दिनों तक रोजाना रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा देता है। इस दौरान इस्तेमाल किया गया डेटा बेस प्लान के डेटा बैलेंस में नहीं गिना जाएगा। कंपनी ने यह पैक नाइट-शिफ्ट में काम करने वालों, छात्रों, गेमर्स और देर रात स्ट्रीमिंग करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया है।
कब और कहां से मिलेगा रिचार्ज?
₹399 और ₹3,999 के प्लान्स के साथ ₹25 वाला ऐड-ऑन 24 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होगा। वहीं, ₹15 वाला ऐड-ऑन पहले से लाइव है और ₹50 का नाइट डेटा पैक 26 नवंबर से मिलेगा। यूजर्स MyJio ऐप, Jio.com, जियो स्टोर्स और देशभर के रिटेल आउटलेट्स के जरिए रिचार्ज कर सकते हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल नेटवर्क18 समूह का हिस्सा है। नेटवर्क18 इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट द्वारा नियंत्रित है, जिसके एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज हैं।