JioPC: रिलायंस की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी Jio ने शुक्रवार (29 अगस्त, 2025) को अपने हाई-परफॉर्मेंस पर्सनल कंप्यूटर JioPC की लॉन्चिंग की घोषणा की। यह डिवाइस आपके टीवी या किसी भी स्क्रीन को पूरी तरह से AI-रेडी कंप्यूटर में बदल सकता है। यह डिवाइस यूजर्स को बिना डेस्कटॉप या लैपटॉप खरीदे एडवांस कंप्यूटिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सुविधा देता है। बस आपको Jio सेट-टॉप बॉक्स में कीबोर्ड कनेक्ट करना होगा और आपका टीवी या मॉनिटर पर्सनल कंप्यूटर में बदल जाएगा, जो सीधे Jio के क्लाउड सर्वर्स से चलेगा। इससे स्टोरेज और कंप्यूटिंग पावर को दूर से बढ़ाया जा सकता है और हार्डवेयर अपग्रेड की जरूरत नहीं रहती।
आकाश अंबानी ने 48वीं AGM में क्या कहा?
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 48वीं AGM में अकास अंबानी ने कहा, आज हम JioPC लॉन्च कर रहे हैं। यह एक नया और आसान प्रोडक्ट है जो आपके टीवी या किसी भी स्क्रीन को AI-रेडी कंप्यूटर में बदल देता है। बस कीबोर्ड कनेक्ट करें और तुरंत Jio के क्लाउड से वर्चुअल कंप्यूटर इस्तेमाल कर सकते हैं, इसके लिए पहले से कोई पैसे देने की जरूरत नहीं। आप सिर्फ उतना ही भुगतान करेंगे जितना इस्तेमाल करेंगे। चूंकि यह क्लाउड में है, इसलिए हमेशा अपडेट और सुरक्षित रहेगा और आप दूर से ही इसकी मेमोरी, स्टोरेज और पावर बढ़ा सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, JioPC छात्रों, प्रोफेशनल्स और उद्यमियों के लिए प्रोडक्टिविटी और क्रिएटिविटी ऐप्स का बड़ा कलेक्शन देगा। इसके लिए मार्केट-रेडी सॉफ्टवेयर और AI टूल्स के लिए बड़े प्रोवाइडर्स के साथ पार्टनरशिप की गई है।
अकास अंबानी ने कहा, JioPC सिर्फ कंप्यूटर देने के बारे में नहीं है। यह हर छात्र, प्रोफेशनल और उद्यमी को वही AI-रेडी पावर देगा, जो अब तक कुछ लोगों के पास ही थी। यह भारत के लिए कंप्यूटिंग को फिर से परिभाषित करता है।
यह सेवा Jio के 5 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स और 5G नेटवर्क में निवेश के आधार पर काम करेगी।