अमेरिकी बाजार में Samsung की वापसी, घटा Apple का दबदबा, फोल्डेबल फोन बने ट्रंप कार्ड

अमेरिकी स्मार्टफोन बाजार में Apple और Samsung की जंग फिर तेज हो गई है। सैमसंग का मार्केट शेयर बढ़कर 31% हो गया, जबकि Apple 49% पर आ गया। सैमसंग ने फोल्डेबल फोन लॉन्च किए हैं, वहीं Apple 2026 में पहला फोल्डेबल iPhone लाने की तैयारी कर रहा है।

अपडेटेड Aug 19, 2025 पर 3:01 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिकी बाजार में Samsung की वापसी, घटा Apple का दबदबा

अमेरिकी स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर से Apple और Samsung के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। 2014 में जब सैमसंग बड़े स्क्रीन वाले फोन लेकर आया था तो आईफोन यूजर्स ने भी बड़ी स्क्रीन की मांग की थी। इसके बाद Apple ने iPhone 6 लॉन्च कर इस दौड़ में बाजी मारी थी। लेकिन अब एक दशक से ज्यादा समय के बाद फिर से यह जंग स्क्रीन को लेकर तेज हो गई है।

दूसरी तिमाही के आंकड़ों के अनुसार, सैमसंग की अमेरिका में शिपमेंट 23% से बढ़कर 31% हो गई, जबकि एप्पल का मार्केट शेयर 56% से गिरकर 49% पर पहुंच गया। हालांकि Apple अभी भी अमेरिकी बाजार में सबसे ज्यादा स्मार्टफोन बेचने वाली कंपनी है, लेकिन लंबे समय बाद कंपनी की पकड़ ढीली पड़ती दिखाई दे रही है। यही कारण है कि इस साल Apple के शेयर 7.5% गिर गए हैं, जबकि सैमसंग के शेयर करीब 35% चढ़ गए हैं।

जुलाई में लॉन्च हुए Samsung के दो फोल्डेबल फोन

Samsung ने जुलाई में दो नए फोल्डेबल फोन Z Fold 7 और Z Flip लॉन्च किए, जिनमें से Fold 7 एक टैबलेट की तरह इस्तेमाल हो सकता है और Flip क्लासिक फ्लिप फोन जैसा दिखता है लेकिन आता आधुनिक फीचर्स के साथ है। इनके साथ ही कंपनी ने Galaxy S25 Edge भी पेश किया है। ये फोन सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। एक यूजर ने लाइवस्ट्रीम में Z Fold 7 को 2 लाख बार मोड़ा और उसका वीडियो 1.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। पिछले एक महीने में ही सैमसंग के प्रीमियम डिवाइस 50 हजार से ज्यादा बार सोशल मीडिया पर चर्चा में आए और इनमें से 83% रिव्यू पॉजिटिव या न्यूट्रल रहे।

एनालिस्ट्स का मानना है कि मार्केट शेयर में यह बदलाव सिर्फ यूजर की पसंद से नहीं, बल्कि टैरिफ्स के असर से भी हुआ है, जिसने पूरे इंडस्ट्री में बाधा डाली है। फिर भी सैमसंग का फायदा इस बात से भी है कि वह अलग-अलग प्राइस रेंज में ज्यादा ऑप्शन देता है। उसके फोन 650 डॉलर से लेकर 2400 डॉलर तक उपलब्ध हैं, जबकि Apple के आईफोन 829 डॉलर से 1599 डॉलर तक की रेंज में आते हैं।

Apple लॉन्च करेगा नया iPhone


2017 से आईफोन का डिजाइन लगभग एक जैसा रहा है, जैसे- ग्लास का रेक्टेंगुलर स्लैब, आगे टचस्क्रीन और पीछे कैमरे। वहीं सैमसंग और बाकी कंपनियां नए फॉर्म फैक्टर्स जैसे फोल्डेबल और स्लिम एज फोन पेश कर रही हैं। उम्मीद है कि Apple भी अगले महीने एक पतला iPhone लॉन्च करेगा, जो Samsung Galaxy Edge को टक्कर देगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple 2026 में अपने iPhone 18 सीरीज के साथ पहला फोल्डेबल आईफोन भी लॉन्च कर सकता है। इससे साफ है कि आने वाले वर्षों में स्मार्टफोन बाजार में Apple और Samsung की यह जंग और भी दिलचस्प होने वाली है।

यह भी पढ़ें: Google AI ने दिखाया कस्टमर केयर का फर्जी नंबर, रियल एस्टेट डेवलपर से हुई ठगी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।