Window AC vs Portable AC: विंडो एसी खरीदें या पोर्टेबल? जानें दोनों के बीच का फर्क और चुनें अपनी जरूरत के हिसाब से सही विकल्प

Window AC vs Portable AC: तेज लू वाली गर्मी हो या बरसात के बाद की उमस, असल कूल कूल जिंदगी तो एयर कंडीशनर ही दे पाता है। यही वजह है कि गर्मियों का सीजन शुरू होते ही एयर कंडीशनर (AC) की मांग तेजी से बढ़ जाती है।

अपडेटेड Jun 12, 2026 पर 3:36 PM
विंडो एसी खरीदें या पोर्टेबल? जानें दोनों के बीच का फर्क

Window AC vs Portable AC: तेज लू वाली गर्मी हो या बरसात के बाद की उमस, असल कूल कूल जिंदगी तो एयर कंडीशनर ही दे पाता है। यही वजह है कि गर्मियों का सीजन शुरू होते ही एयर कंडीशनर (AC) की मांग तेजी से बढ़ जाती है। अक्सर लोग सिर्फ कीमत देखकर एसी खरीद लेते हैं, लेकिन गलत चुनाव की वजह से उन्हें भारी-भरकम बिजली बिल या खराब कूलिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन दिनों पारंपरिक विंडो और स्प्लिट एसी के अलावा पोर्टेबल एसी भी ग्राहकों का काफी ध्यान खींच रहे हैं। अगर आप भी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आपको अपने घर या ऑफिस के लिए विंडो एसी खरीदना चाहिए या पोर्टेबल एसी, तो हमारी ये रिपोर्ट आपकी इस उलझन को दूर कर देगी। आइए जानते हैं इन दोनों एसी के बीच का मुख्य अंतर और आपकी जरूरत के हिसाब से कौन सा विकल्प सबसे सही रहेगा।

पहले दोनों के बीच का बुनियादी अंतर समझिए

विंडो एसी और पोर्टेबल एसी दोनों की बनावट और काम करने का तरीका एक-दूसरे से काफी अलग होता है-


विंडो एसी: यह एक फिक्स्ड, सिंगल-बॉक्स यूनिट होती है। इसे दीवार के स्लॉट या खिड़की के फ्रेम में फिट किया जाता है। इसका कंप्रेसर और कंडेनसर बाहर की तरफ रहता है, जो गर्म हवा को सीधे बाहर निकाल देता है, जबकि इसका इवेपोरेटर अंदर की हवा को ठंडा करता है। एक बार इंस्टॉल होने के बाद यह पूरे सीजन या कई सालों तक एक ही जगह पर फिक्स रहता है।

पोर्टेबल एसी: इसके उलट पोर्टेबल एसी पूरी तरह से कमरे के अंदर ही रहता है। यह पहियों पर चलता है। इसके लिए दीवार में किसी बड़े बदलाव या तोड़-फोड़ की जरूरत नहीं होती। इसमें से निकलने वाली गर्म हवा को एक फ्लेक्सिबल होज पाइप के जरिए खिड़की के छोटे से गैप या दीवार के डक्ट से बाहर निकाला जाता है। इसका पूरा यूनिट (ठंडा और गर्म दोनों हिस्सा) कमरे के अंदर ही काम करता है, जिसका सीधा असर इसकी कूलिंग क्षमता पर पड़ता है।

विंडो एसी कब खरीदना समझदारी है?

विंडो एसी आपके लिए तब सबसे सही विकल्प है जब आप खुद के घर या जगह में रह रहे हों, इसे हर सीजन में एक ही कमरे में इस्तेमाल करना चाहते हों, और आपके कमरे में इसके लिए सही खिड़की या दीवार का ओपनिंग स्पेस मौजूद हो।

विंडो एसी के फायदे और इसकी कीमत जानिए

विंडो एसी कमरे को तेजी से ठंडा करने और लगातार कम तापमान बनाए रखने में ज्यादा सक्षम होते हैं। चूंकि इसके गर्मी पैदा करने वाले कंपोनेंट्स कमरे से बाहर होते हैं, इसलिए यह कम खर्च में ज्यादा स्थिर कूलिंग देता है।

पोर्टेबल एसी की तुलना में विंडो एसी का रनिंग कॉस्ट (बिजली का खर्च) कम होता है। इसके साथ मिलने वाली बीईई (BEE) स्टार रेटिंग से आप खरीदने से पहले ही इसके सालाना पावर कंजम्पशन का सही अंदाजा लगा सकते हैं। भारत में 100 वर्ग फुट से 180 वर्ग फुट के कमरे के लिए वोल्टास (Voltas), एलजी (LG), या ब्लू स्टार (Blue Star) जैसी ब्रांड्स का 1-टन क्षमता वाला 5-स्टार विंडो एसी 28,000 रुपये से 38,000 रुपये के बीच मिल जाता है।

पोर्टेबल एसी कब आता है काम?

पोर्टेबल एसी की सबसे बड़ी खासियत इसकी फ्लेक्सिबिलिटी है। अगर आप एसी को एक कमरे से दूसरे कमरे में आसानी से ले जाना चाहते हैं, तो यह एक रूम कूलर या पेडेस्टल फैन की तरह ही सुविधाजनक महसूस होता है।

फायदे और कीमत

पोर्टेबल एसी उन जगहों के लिए सबसे बेहतरीन है जहां स्थायी इंस्टॉलेशन संभव नहीं है। किराए के अपार्टमेंट, पेइंग गेस्ट आवास, दुकानों के फ्लोर या ऐसे कमरे जहां विंडो एसी के लिए कोई जगह न हो, वहां यह बेहद उपयोगी साबित होता है। यह होम ऑफिस जैसी जगहों के लिए भी एक अच्छा सेकेंडरी विकल्प है, जिसे केवल काम के घंटों के दौरान इस्तेमाल किया जाता है और जिसके लिए वहां पक्का इंस्टॉलेशन करना सही नहीं लगता। भारत में क्षमता और ब्रांड के आधार पर पोर्टेबल एसी की कीमत 22,000 रुपये से 55,000 रुपये के बीच होती है। इस सेगमेंट में वोल्टास, गोदरेज और ब्लू स्टार जैसी ब्रांड्स के विकल्प आसानी से मिल जाते हैं।

हालांकि पोर्टेबल एसी का सबसे बड़ा माइनस पॉइंट इसकी एफिशिएंसी (कार्यक्षमता) है। चूंकि इसका कंप्रेसर कमरे के भीतर ही रहता है, इसलिए यह कमरे की हवा को ठंडा करने के साथ-साथ खुद भी गर्मी पैदा करता है। इसके कारण मशीन को कूलिंग के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे इसका बिजली बिल समान क्षमता वाले विंडो एसी के मुकाबले काफी ज्यादा आता है।

आपके लिए कौन सा है बेस्ट?

देखा जाए तो दोनों में से कोई भी एसी एकतरफा बेहतर नहीं है, सब कुछ आपकी जरूरत और रहने की स्थिति पर निर्भर करता है। अगर आप किराए के ऐसे फ्लैट में रहते हैं जहां मकान मालिक दीवार में किसी भी बदलाव की अनुमति नहीं देता तो वहां विंडो एसी बेकार साबित होगा। अगर आप किसी कमरे में रोजाना 8 घंटे एसी चलाते हैं और वहां पोर्टेबल एसी लगा देते हैं, तो वह आपका बिजली का बिल बहुत अधिक बढ़ा देगा।

खरीदारी करने से पहले खुद से बस दो सवाल पूछें

1- क्या आप एक फिक्स्ड यूनिट इंस्टॉल कर सकते हैं?

2- आप रोजाना एसी को कितने घंटे चलाएंगे?

अगर आपका झुकाव फिक्स्ड इंस्टॉलेशन और लंबे समय तक इस्तेमाल करने की तरफ है, तो विंडो एसी आपके लिए लॉन्ग-टर्म वैल्यू और पैसों की बचत के लिहाज से सबसे बेस्ट है। अगर आपकी प्राथमिकता केवल फ्लेक्सिबिलिटी और बिना किसी तोड़-फोड़ के एसी का इस्तेमाल करना है तो अतिरिक्त बिजली बिल के खर्च के साथ पोर्टेबल एसी आपके लिए सही विकल्प रहेगा।

आइए, एक नजर में इनके अंतर को समझते हैं:

WhatsApp Image 2026-06-12 at 2.50.34 PM

यह भी पढ़ें: Vivo X500 के स्पेसिफिकेशन्स लीक, मिलेगा 'अपग्रेडेड' Dimensity 9500 चिप, जानें पूरी डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।