Credit Cards

TikTok: क्या TikTok की भारत में होने वाली है वापसी? गुरुग्राम ऑफिस के लिए निकाली कई पदों पर वैकेंसी!

TikTok Ban: साल 2020 में सरकार ने TikTok सहित 58 चीनी ऐप्स को राष्ट्रीय सुरक्षा और लोगों की प्राइवेसी के लिए खतरा बताया था। बैन से पहले भारत में इसके 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स थे, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में से एक बनाता था

अपडेटेड Aug 31, 2025 पर 11:38 AM
Story continues below Advertisement
TikTok को जून 2020 में भारत में बैन कर दिया गया था

TikTok: भारत में चार साल से बैन शॉर्ट-वीडियो ऐप TikTok ने चुपचाप अपनी वापसी की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने गुरुग्राम स्थित अपने ऑफिस के लिए नए कर्मचारियों की भर्ती के लिए एक विज्ञापन जारी किया है, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि TikTok जल्द ही भारत में वापस आने वाला है। सोशल मीडिया पर इस खबर की खूब चर्चा हो रही है। लेकिन क्या इसका सच में यह ऐप वापस आ रहा है? आइए आपको बताते हैं।

TikTok पर साल 2020 में भारत सरकार ने लगाया था बैन

ByteDance के स्वामित्व वाली कंपनी TikTok को जून 2020 में भारत में बैन कर दिया गया था। सरकार ने तब 58 और चीनी ऐप्स के साथ इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और लोगों की प्राइवेसी के लिए खतरा बताया था। बैन से पहले भारत में इसके 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स थे, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में से एक बनाता था। हाल ही में कुछ यूजर्स ने TikTok इंडिया की वेबसाइट को एक्सेस कर पाने की बात कही थी। हालांकि सरकार ने साफ कर दिया है कि इसे अनब्लॉक करने का कोई भी आदेश जारी नहीं हुआ है और फिलहाल बैन पूरी तरह से लागू है।


किन पदों पर निकाली है भर्ती?

बैन के बावजूद TikTok ने गुरुग्राम ऑफिस के लिए लिंक्डइन पर दो नए जॉब के विज्ञापन दिए है। ये दोनों पद कंपनी के 'ट्रस्ट एंड सेफ्टी' टीम का हिस्सा है, जिसका काम कंटेंट को संभालना और यूजर्स की सेफ्टी का ध्यान रखना होता है। इन पदों पर निकली है वैकेंसी:

कंटेंट मॉडरेटर: अगर आपको बंगाली और अंग्रेजी आती है, तो यह जॉब आपके लिए हो सकती है। इस रोल में TikTok के नियमों के हिसाब से वीडियो को चेक करना और हार्मफुल कंटेंट को हटाना होगा।

वेलबीइंग लीड: यह एक सीनियर लेवल की जॉब है। इसका काम कर्मचारियों के लिए खास वेलनेस प्रोग्राम बनाना और उन्हें लागू करना है।

क्या TikTok की जल्द ही होने वाली है वापसी?

भारत में जॉब की भर्ती निकालने से क्या इसका मतलब है कि TikTok की भारत में एंट्री होने वाली है? सीधे शब्दों में कहें तो अभी नहीं। क्योंकि फिलहाल सरकार ने इस पर से बैन नहीं हटाया है और ऐप डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं है। लेकिन, ये भर्तियां यह जरूर दिखाती हैं कि ByteDance ने भारत से पूरी तरह से नाता नहीं तोड़ा है। वह शायद भविष्य के लिए खुद को तैयार कर रही है, ताकि जब भी मौका मिले, वह भारत सरकार के नियमों को पूरा कर सके। वैसे क्या TikTok भारत में फिर से धमाल मचा पाएगा? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन इन भर्तियों ने उम्मीद की एक नई किरण जरूर दिखाई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।