कंस्ट्रक्शन साइट्स से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए चीन ने एक अद्भुत और इनोवेटिव तकनीक का इस्तेमाल किया है। जिनान शहर में चल रहे निर्माण कार्य से धूल और ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए 50 मीटर ऊंचा एक विशाल 'गुब्बारा' फुलाकर पूरी साइट को ढक दिया गया है। खास बात यह है कि इस हाईटेक सिस्टम पर करीब 430 करोड़ रुपये (50 मिलियन डॉलर) खर्च किए गए हैं।
इस टेक्नोलॉजिकल डोम के जरिए करीब 20,000 वर्ग मीटर का एरिया कवर किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस अनोखे प्रयोग का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें सिर्फ 17 सेकंड में पूरा गुब्बारा कंस्ट्रक्शन साइट को कवर करता नजर आता है।
किस तकनीक से बना है यह गुब्बारा?
इस विशाल गुब्बारे को PVDF-कोटेड पॉलिएस्टर से तैयार किया गया है, जिसे फुलाए रखने के लिए चार बड़े पंखे लगाए गए हैं। गुब्बारे की खास बात यह है कि इसमें ट्रांसपेरेंट पैनल्स लगे हैं, जिससे सूरज की रोशनी अंदर आ सकती है और दिन में बिजली जलाने की जरूरत नहीं होती।
प्रदूषण पर कैसे रोक लगाता है ये सिस्टम?
फुलाए जाने के बाद यह गुब्बारा नेगेटिव प्रेशर और एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम के जरिए काम करता है। यह पूरी साइट को एयरटाइट तरीके से ढक देता है, जिससे धूल-मिट्टी हवा में नहीं फैलती और आसपास के लोगों को साफ हवा मिलती रहती है। इतना ही नहीं, यह गुब्बारा ध्वनि प्रदूषण को भी काफी हद तक रोकता है।
Install और Uninstall करना भी बेहद आसान
यह गुब्बारा सिर्फ टेक्नोलॉजी में एडवांस ही नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल भी बेहद सुविधाजनक है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे कहीं भी आसानी से इंस्टॉल या अनइंस्टॉल किया जा सकता है। ज़रूरत के हिसाब से अलग-अलग लोकेशन पर इसका दोबारा इस्तेमाल भी संभव है।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
सोशल मीडिया यूजर्स इस आइडिया की खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "प्रदूषण से लड़ने के लिए चीन का यह प्रयास सराहनीय है।"
हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि यह महंगा उपाय है, जिसे हर देश अपनाने की स्थिति में नहीं होगा। फिर भी, ऐसे प्रयोग उन जगहों पर समाधान बन सकते हैं जहां निर्माण कार्यों के कारण प्रदूषण रोकने के लिए वैकल्पिक रास्ते जरूरी हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि चीन में कई कंस्ट्रक्शन साइट्स पर प्रदूषण के चलते काम रोक दिया गया था, और इस तरह के नवाचारों से अब वहां फिर से निर्माण कार्य शुरू हो सका है।