Vivo और iQOO के स्मार्टफोन हुए महंगे, जानें वजह और नई कीमतें

मेमोरी चिप की चल रही कमी से स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों को परेशानी हो रही है और अब खरीदारों पर भी इसका सीधा असर दिखने लगा है। चीन की स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी Vivo और iQOO ने भारत में कई स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा दी हैं।

अपडेटेड Jun 12, 2026 पर 3:16 PM
iQOO 15, iQOO 15R, Vivo T5 Pro और अन्य की कीमतें बढ़ीं

मेमोरी चिप की चल रही कमी से स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों को परेशानी हो रही है और अब खरीदारों पर भी इसका सीधा असर दिखने लगा है। चीन की स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी Vivo और iQOO ने भारत में कई स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा दी हैं, जिससे उनके कुछ सबसे लोकप्रिय डिवाइस कुछ हफ्ते पहले की तुलना में महंगे हो गए हैं। कीमतों में इस बदलाव का असर फ्लैगशिप, प्रीमियम मिड-रेंज और परफॉर्मेंस पर फोकस करने वाले स्मार्टफोन्स पर पड़ा है। चलिए इस बारे में पूरी डिटेल में जानते हैं।

किन Vivo और iQOO फोन की कीमतें बढ़ी हैं?

कीमत बढ़ने वाले सभी डिवाइस में से Vivo T5 Pro की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। इसके 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत अब 32,999 रुपये हो गई है, जो पहले लॉन्च के समय 29,999 रुपये थी। वहीं, 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 33,999 रुपये से बढ़कर 36,999 रुपये हो गई है। यानी दोनों वेरिएंट की कीमत में सीधे 3,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।


iQOO की बात करें, तो इसने भी अपने फ्लैगशिप और परफॉर्मेंस-फोकस्ड लाइनअप की कीमतों में बदलाव किया है। iQOO 15 (12GB + 256GB) की कीमत अब 74,999 रुपये हो गई है, जबकि पहले इसकी कीमत 72,999 रुपये थी। वहीं, 12GB + 512GB वाले वेरिएंट की कीमत 79,999 रुपये से बढ़कर 81,999 रुपये हो गई है।

इसके अलावा, iQOO 15R लाइनअप भी महंगा हो गया है। 8GB + 128GB मॉडल अब 46,999 रुपये की जगह 47,999 रुपये में बिक रहा है। वहीं, 12GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 50,999 रुपये से बढ़कर 52,999 रुपये हो गई है, जबकि टॉप-एंड 12GB + 512GB वेरिएंट की कीमत अब 57,999 रुपये से बढ़कर 59,999 रुपये हो गई है।

इसी तरह, iQOO Neo 10 की कीमत में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। 8GB + 256GB मॉडल की कीमत अब 37,999 रुपये है, जबकि 12GB + 256GB वर्जन की कीमत 42,999 रुपये है। पहले ये दोनों वेरिएंट क्रमशः 35,999 रुपये और 40,999 रुपये में उपलब्ध थे।

बता दें कि नई कीमतें ब्रांड की ऑफिशियल वेबसाइट और बड़े ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म पर देखी जा सकती हैं।

मेमोरी की कमी का असर स्मार्टफोन इंडस्ट्री पर जारी

हाल ही में की गई कीमतों में बढ़ोतरी को ग्लोबल मेमोरी चिप की कमी से जोड़ा जा रहा है, जिससे स्मार्टफोन के जरूरी पार्ट्स की लागत बढ़ गई है। इंडस्ट्री के एनालिस्ट कई महीनों से चेतावनी दे रहे थे कि मेमोरी की बढ़ती कीमतें आखिरकार स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी का कारण बन सकती हैं और अब यह अनुमान सच होता दिख रहा है।

खास बात यह है कि पिछले साल के आखिर में लॉन्च होने के बाद से iQOO 15 की कीमत में यह पहली बढ़ोतरी है। जो डिवाइस पहले कम कीमतों पर लॉन्च किए गए थे, वे अब धीरे-धीरे महंगे होते जा रहे हैं क्योंकि ब्रांड्स बढ़ती प्रोडक्शन लागत के हिसाब से कीमतें एडजस्ट कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: Oppo Reno 16, Reno 16 Pro, Reno 16 FS के स्पेसिफिकेशन्स लीक, कीमत से लेकर कैमरा तक सब हुआ रिवील

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।