Aadhaar App: अब एक आधार ऐप पर जोड़ सकेंगे 5 प्रोफाइल, जानें कैसे करता है काम
New Aadhaar App: परिवार के कई सदस्यों की आधार जानकारी को मैनेज करने के लिए अक्सर कई डॉक्यूमेंट्स साथ रखने या अलग-अलग डिजिटल रिकॉर्ड्स के बीच स्विच करने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नया आधार ऐप इसे आसान बनाने के लिए बनाया गया है।
New Aadhaar App: परिवार के कई सदस्यों की आधार जानकारी को मैनेज करने के लिए अक्सर कई डॉक्यूमेंट्स साथ रखने या अलग-अलग डिजिटल रिकॉर्ड्स के बीच स्विच करने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नया आधार ऐप इसे आसान बनाने के लिए बनाया गया है, जिससे यूजर्स एक ही स्मार्टफोन पर पांच आधार प्रोफाइल तक मैनेज कर सकते हैं।
यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) के अनुसार, वैलिड आधार नंबर वाला कोई भी व्यक्ति आधार ऐप पर पांच प्रोफाइल तक बना सकता है। इस फीचर का मकसद "एक परिवार, एक ऐप" के विचार को सपोर्ट करना है।
नया आधार ऐप क्या है?
आधार ऐप, UIDAI द्वारा बनाया और मैनेज किया जाने वाला ऑफिशियल मोबाइल ऐप है। यह Android और iOS दोनों तरह के डिवाइस पर उपलब्ध है और स्मार्टफोन के जरिए आधार से जुड़ी कई सर्विस देता है।
इस ऐप पर रजिस्टर करने के लिए यूजर को अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद अपनी सही SIM कार्ड चुननी होगी। फिर फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा और ऐप को सुरक्षित रखने के लिए 6 अंकों का PIN सेट करना होगा।
एक फोन में 5 आधार प्रोफाइल मैनेज कर सकेंगे
इस नए ऐप की एक खास बात यह है कि इसमें एक ही डिवाइस पर 5 आधार प्रोफाइल तक मैनेज किए जा सकते हैं। यह उन परिवारों के लिए बहुत काम का हो सकता है जिनके सदस्यों को अपने आधार की जानकारी डिजिटल रूप से देखने या दिखाने की जरूरत पड़ती है।
UIDAI ने साफ तौर पर कन्फर्म किया है कि आधार ऐप पर पांच प्रोफाइल तक बनाए जा सकते हैं।
नाबालिग का आधार प्रोफाइल कैसे जोड़ें?
यह ऐप कुछ खास स्थितियों में नाबालिग का आधार प्रोफाइल जोड़ने की सुविधा भी देता है। UIDAI के अनुसार, नाबालिग को तब जोड़ा जा सकता है, जब आधार एनरोलमेंट के समय बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए अभिभावक के साथ संबंध स्थापित किया गया हो। इस दौरान नाबालिग अपना आधार नंबर डालता है, जिसके बाद अभिभावक फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करता है।
अगर नाबालिग ने पहले ही अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरा कर लिया है, तो प्रोफाइल जोड़ने के लिए वह खुद फेस ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकता है।
आप Aadhaar App पर और क्या-क्या कर सकते हैं?
यह ऐप प्रोफाइल मैनेजमेंट के अलावा आधार से जुड़ी कई सुविधाएं देता है। इनमें अभी मोबाइल नंबर और पता अपडेट करना, बायोमेट्रिक्स को लॉक और अनलॉक करना, ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखना, ई-आधार डाउनलोड करना, कॉन्टैक्ट कार्ड शेयर करना, रिक्वेस्ट को ट्रैक करना और आधार से वेरिफाई होने वाले क्रेडेंशियल्स को चुनिंदा तौर पर शेयर करना शामिल है।
यह ऐप आधार होल्डर्स को अपनी मर्जी और सहमति से, ऑफलाइन वेरिफिकेशन करने वाली संस्था के साथ अपनी पहचान की जानकारी सुरक्षित रूप से शेयर करने की सुविधा भी देता है।
ऐप एक्सेस को सुरक्षित कैसे रखता है?
आधार ऐप के लिए यूजर्स को रजिस्ट्रेशन के दौरान ऑथेंटिकेशन पूरा करना होता है और ऐप को एक्सेस करने के लिए छह अंकों का पिन सेट करना होता है। इसमें बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक की सुविधा भी मिलती है, जिससे यूजर्स अपने आधार बायोमेट्रिक्स के इस्तेमाल को कंट्रोल कर सकते हैं।
Aadhaar App पर हर तरह का अपडेट नहीं मिलेगा
हालांकि, ऐप कई तरह की सर्विस देता है, लेकिन अभी यूजर्स इसके जरिए आधार की हर जानकारी अपडेट नहीं कर सकते।
UIDAI का कहना है कि अभी ऐप के जरिए नाम, जेंडर, ईमेल और जन्म की तारीख अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसी तरह, फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस की जानकारी भी ऐप से अपडेट नहीं की जा सकती। इसके लिए आधार सेवा केंद्र या आधार एनरोलमेंट और अपडेट सेंटर जाना होगा।
परिवारों के लिए इसका क्या मतलब है?
एक ही स्मार्टफोन पर 5 प्रोफाइल मैनेज करने की सुविधा से परिवारों के लिए डिजिटल आधार का इस्तेमाल करना ज्यादा आसान हो सकता है। अलग-अलग आधार प्रोफाइल के लिए अलग-अलग फोन रखने के बजाय, परिवार के योग्य सदस्य अपनी डिजिटल पहचान से जुड़ी जानकारी पाने के लिए एक ही डिवाइस का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह फीचर UIDAI की उस बड़ी पहल का हिस्सा है, जिसका मकसद आधार सेवाओं को ज्यादा डिजिटल, सुविधाजनक और सुरक्षित बनाना है, साथ ही फिजिकल दस्तावेज साथ रखने की जरूरत को कम करना है।