गंगोत्री धाम के नजदीक धराली में मंगलवार दोपहर तब हाहाकार मच गया, जब खीर गंगा नदी पर बादल फटने के बाद आई भीषण बाढ़ ने पूरे क्षेत्र को मलबे में तब्दील कर दिया। देखते ही देखते होटल, घर और सड़कें सैलाब की चपेट में आ गए। इस भयावह प्राकृतिक आपदा में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से 20 मकान और होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
अब ऐसे में अगर आप पहाड़ों में घूमने की योजना बना रहे हैं तो आपको इस तरह के आपदाओं से बचने के लिए अपने मोबाइल में ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड करना होगा, जो की आपके लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा। चलिए जानते हैं क्या है सचेत ऐप और कैसे करता है काम?
सचेत ऐप आपदाओं से कैसे करेगा अलर्ट?
Sachet App यूजर्स को संभावित आपदा की स्थिति के बारे में अलर्ट करता है। इसके लिए ऑफिशियल सरकारी सोर्स के जरिए अलर्ट भेजा जाता है। इस ऐप की मदद से संभावित भारी बारिश की जानकारी, साइक्लोन या फिर भूकंप जैसी आपदाओं का अलर्ट पाया जा सकता है। जिस स्थान पर आपदा की कंडीशन है वहां पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए इसकी जानकारी भी ऐप में दी गई है। ऐसे में अगर आप भी कहीं पहाड़ों में घूमने जाने का प्लान कर रहे हैं या अभी कहीं पहाड़ी इलाके में मौजूद हैं तो इस ऐप को जरूर इनस्टॉल कर लें।
सचेत ऐप की क्या हैं खूबियां?
सचेत ऐप एक ऐसा डिजिटल टूल है जो प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करता है। यह ऐप यूजर्स को बारिश, बाढ़, भूकंप जैसी आपदाओं की जानकारी रीयल टाइम में नोटिफिकेशन के जरिए देता है। खास बात यह है कि यह ऐप हिंदी समेत कई क्षेत्रीय भाषाओं में अलर्ट भेजता है, जिससे अलग-अलग राज्यों और भाषाओं के लोग भी इसे आसानी से समझ सकते हैं। GPS तकनीक से लैस यह ऐप यूजर के मौजूदा स्थान के अनुसार अलर्ट भेजता है, यानी अगर आप किसी आपदा-प्रभावित क्षेत्र में मौजूद हैं, तो यह ऐप आपको सबसे पहले सतर्क कर देगा। इसके अलावा, यह ऐप पास के राहत शिविरों और सुरक्षित रास्तों की भी जानकारी देता है, जिससे आप समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुंच सकें।
‘सचेत ऐप’ पर मिलेगी सही जानकारी
जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर सैलाब के वीडियो तेजी से वायरल हुए हैं, तो इसी बीच ‘सचेत ऐप’ पर मिली सही जानकारी आपको अफवाहों से भी बचा सकती है। प्रशासन ने भी लोगों से कहा है कि सोशल मीडिया की बजाय सरकारी ऐप और चैनल्स से जानकारी लें। साथ ही फर्जी वीडियोस को भी शेयर न करें।
सचेत ऐप को Android और iPhone में कर सकते हैं डाउनलोड
बता दें कि अगर आप एंड्रॉयड यूजर्स हैं तो आप ‘सचेत ऐप’ को Google Play Store से डाउनलोड कर सकते हैं। अगर आईफोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आप App Store से इसे डाउनलोड कर सकते हैं।