पहाड़ों की भीड़ और मशहूर हिल स्टेशनों की लंबी लाइन के बजाय कुछ शांत और खूबसूरत जगहों पर घुमा जा सकता है। भारत में कई ऐसी झीलें हैं, जो अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल के लिए जानी जाती हैं। यहां ठंडी हवा, साफ पानी और आसपास के सुंदर नजारे आपको सुकून का एहसास करा सकते हैं। आप भीड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो ये झीलें आपके अगले वेकेशन के लिए अच्छी डेस्टिनेशन बन सकती हैं।
महाराष्ट्र के महाबलेश्वर में स्थित वेन्ना झील घने जंगलों और स्ट्रॉबेरी के खेतों के बीच स्थित है। यहां आप झील में नाव की सवारी कर सकते हैं और किनारे घुड़सवारी का मजा भी ले सकते हैं। आसपास मिलने वाला स्ट्रीट फूड भी पर्यटकों को पसंद आता है। ठंडे और सुहावने मौसम में यहां घूमने का अलग ही मजा है।
सिक्किम में नाथू ला दर्रे के रास्ते पर स्थित त्सोमगो झील चारों तरफ से ऊंचे पहाड़ों से घिरी हुई है। सर्दियों में इसका पानी जम जाता है, जबकि मौसम बदलने पर आसपास की पहाड़ियां और भी खूबसूरत नजर आती हैं। यहां टूरिस्ट याक की सवारी का आनंद भी ले सकते हैं। यह झील धार्मिक रूप से भी खास मानी जाती है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित डल झीलअपनी रंग-बिरंगी शिकारा नावों और हाउसबोट के लिए मशहूर है। शांत पानी में शिकारा की सवारी करते हुए तैरते बाजार और कमल के फूल देखना काफी सुंदर अनुभव होता है। झील के आसपास के पहाड़ और प्राकृतिक नजारे इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित भीमताल झील उन लोगों के लिए अच्छी जगह है, जो भीड़ से दूर शांत माहौल में समय बिताना चाहते हैं। झील के बीच एक छोटा सा द्वीप है, जहां एक्वेरियम भी है। यहां नाव की सवारी करने के साथ आसपास के हरे-भरे पहाड़ों और झील किनारे बने कैफे का मजा लिया जा सकता है।
केरल में स्थित वेम्बनाड झील अपने शांत बैकवाटर्स और खूबसूरत नजारों के लिए जानी जाती है। यहां हाउसबोट में घूमते हुए नारियल के पेड़ों, छोटे गांवों और आसपास की हरियाली को करीब से देखा जा सकता है। पक्षियों को देखने और शांत माहौल में समय बिताने के लिए भी यह जगह अच्छी है।
मणिपुर में स्थित लोकटक झील अपने अनोखे तैरते द्वीपों के लिए प्रसिद्ध है। इन तैरते हुए आइलैंड को लोकल लैंग्वेज में 'फुमडी' कहा जाता है। यह पूर्वोत्तर भारत की बड़ी मीठे पानी की झीलों में से एक है। झील पर बना केइबुल लामजाओ नेशनल पार्क भी यहां देखने लायक जगह है।
हर छुट्टी का मतलब भीड़ वाली जगहों पर घूमना ही नहीं होता। कभी-कभी किसी शांत झील के किनारे बैठकर आसपास के नजारों को देखना और बिना किसी जल्दबाजी के समय बिताना भी सफर को यादगार बना देता है। भारत की ये झीलें अपनी अलग खूबसूरती और खासियत के लिए जानी जाती हैं, इसलिए अगली बार ट्रिप प्लान करते समय किसी नई झील को अपनी यात्रा का हिस्सा जरूर बना सकते हैं।