22 साल की उम्र में रिटायरमेंट की चिंता! 1 लाख सैलरी वाले मुंबई के इस युवक का पोस्ट हुआ वायरल

इन दिनों सोशल मीडिया पर मुंबई में अपनी पहली नौकरी शुरू करने जा रहे 22 वर्षीय एक युवक की रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अपनी पहली नौकरी शुरू करने वाला युवक अपनी रिटायरमेंट की योजना बनाने के लिए कई साल इंतजार नहीं करना चाहता। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 4:04 PM
मुंबई में लगभग 1 लाख रुपये मासिक वेतन वाली अपनी पहली नौकरी शुरू करने जा रहा है

आजकल कई युवा अपनी पहली नौकरी के साथ बचत की प्लानिंग की तैयारी में लग जाते हैं। खासकर मुंबई जैसे महंगे शहरों में रहने वालों के लिए अच्छी आय होने के बावजूद खर्चों और बचत के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। वहीं इन दिनों सोशल मीडिया पर मुंबई में अपनी पहली नौकरी शुरू करने जा रहे 22 वर्षीय एक युवक की रिटायरमेंट प्लानिंग से जुड़ी पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

मुंबई के 22 वर्षीय एक युवक ने हाल ही में Reddit पर “22 साल की उम्र में रिटायरमेंट प्लानिंग” टाइटल से एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उसने कम उम्र में वित्तीय योजना और भविष्य के लिए निवेश को लेकर अपनी सोच और सवाल लोगों के सामने रखे। युवक के इस पोस्ट पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।

1 लाख रुपए महीने मिलते हैं


यूजर ने बताया कि, वह मुंबई में लगभग 1 लाख रुपये महीने सैलरी वाली अपनी पहली नौकरी शुरू करने जा रहा है और वह रिटायरमेंट की योजना बनाने के लिए कई साल इंतजार नहीं करना चाहता। उसने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं अपनी 30 या 40 की उम्र तक इंतजार करने के बजाय नौकरी के पहले दिन से ही रिटायरमेंट प्लानिंग को गंभीरता से लेना चाहता हूं और भविष्य के लिए सही वित्तीय फैसले लेना चाहता हूं।”

20 हजार की होती है बचत

उस प्रोफेशनल ने मुंबई में अपने मासिक खर्चों का भी ब्योरा दिया। उसने बताया कि पर्सनल जरूरतों के कारण उसका किराया करीब 30,000 रुपये है, जबकि खाने, यात्रा और अन्य जरूरी सेवाओं पर लगभग 20,000 रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा वह हर महीने करीब 30,000 रुपये अपने परिवार को भेजता है। इन सभी खर्चों के बाद उसके पास बचत और निवेश के लिए लगभग 20,000 रुपये बचते हैं। वहीं उसे इस बात की चिंता है कि क्या ये रकम उसके लंबे समय के रिटायरमेंट लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगी या नहीं।

Screenshot 2026-06-15 155623

उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “मुझे एहसास है कि कई लोगों के मुकाबले हर महीने 20,000 रुपये बचा पाना एक अच्छी शुरुआत है और मैं इसके लिए खुद को भाग्यशाली मानता हूं। लेकिन जब मैं भविष्य की जरूरतों और आंकड़ों पर नजर डालता हूं, तो मुंबई जैसे शहर में बढ़ते खर्च, महंगाई और रिटायरमेंट का बड़ा लक्ष्य चिंता पैदा करते हैं। ऐसे में कभी-कभी लगता है कि हर महीने 20,000 रुपये की बचत भविष्य में आर्थिक स्वतंत्रता हासिल करने के लिए शायद पर्याप्त नहीं होगी।”

रिटायरमेंट प्लानिंग के लिए क्या है बेहतर रणनीति

युवक ने बताया कि वह अपने करियर की शुरुआत कर रहा है और फिलहाल उस पर किसी तरह का कर्ज नहीं है। उसने ये भी कहा कि निकट भविष्य में कोई बड़ी खरीदारी करने की योजना नहीं है, लेकिन परिवार की जिम्मेदारियां उसकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसलिए वह नियमित रूप से निवेश करने पर ध्यान दे रहा है और हर बार वेतन बढ़ने पर अपनी निवेश राशि भी बढ़ाने का इरादा रखता है। अभी भी वह इस बात को लेकर सोच-विचार कर रहा है कि लंबे समय में आर्थिक रूप से मजबूत बनने और रिटायरमेंट की तैयारी के लिए सबसे बेहतर रणनीति क्या हो सकती है।

लोगों ने किया कमेंट

पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने सलाह दी, “हर महीने बचने वाले 20,000 रुपये को तब तक जमा करें, जब तक आपका इमरजेंसी फंड 5 लाख रुपये तक न पहुंच जाए। आप चाहें तो 18,000 रुपये इमरजेंसी फंड के लिए बचा सकते हैं और बाकी 2,000 रुपये SIP में निवेश करना शुरू कर सकते हैं।” दूसरे यूजर ने लिखा, “अपने करियर के शुरुआती वर्षों में सबसे ज्यादा ध्यान नई स्किल्स सीखने और अपनी आय बढ़ाने पर दें। लंबे समय में यह रणनीति आपको निवेश की छोटी-छोटी बातों पर जरूरत से ज्यादा समय देने की तुलना में बेहतर परिणाम दे सकती है।”

एक और यूजर ने सुझाव दिया, “कम उम्र में ही बढ़ते कवरेज वाला टर्म इंश्योरेंस प्लान और करीब 10 लाख रुपये की पर्सनल एक्सीडेंट पॉलिसी लेने पर विचार करें। इस उम्र में प्रीमियम अपेक्षाकृत कम रहता है और भविष्य में आय बढ़ने के साथ बीमा कवर भी बढ़ाया जा सकता है, जिससे लंबे समय में फायदा मिल सकता है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।