उत्तर प्रदेश की 29 साल की दीक्षा जायसवाल ने यह साबित कर दिया कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए हमेशा बड़ी कमाई जरूरी नहीं होती। अगर इरादा मजबूत हो और बचत की आदत पक्की हो, तो छोटी-छोटी रकम भी समय के साथ बड़ी पूंजी बन सकती है। दीक्षा ने करीब नौ साल तक अपनी कमाई का हिस्सा बचाया और आखिरकार जुलाई 2026 में अपने नाम जमीन का एक टुकड़ा खरीद लिया।
बहन की जिंदगी देखकर आया खुद की जमीन का ख्याल
दीक्षा के मन में खुद की प्रॉपर्टी खरीदने का सपना 2017 में आया। शादी के बाद अपनी बड़ी बहन को कुछ असुरक्षाओं से गुजरते देख उन्हें महसूस हुआ कि एक महिला के नाम उसकी अपनी संपत्ति होना कितना जरूरी है। उन्होंने तय किया कि वह ऐसी जमीन खरीदेंगी, जिस पर सिर्फ उनका अधिकार हो। यही सोच आगे चलकर उनके लिए एक लक्ष्य बन गई।
पिता के हादसे के बाद पढ़ाई के साथ शुरू किया काम
दीक्षा का आत्मनिर्भर बनने का सफर भी आसान नहीं था। साल 2012 में उनके पिता का एक्सीडेंट हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए गांव के बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। कम उम्र में कमाई शुरू करने के इस अनुभव ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मविश्वास दिया। आगे चलकर उन्होंने अपनी B.Com, M.Com और B.P.Ed की पढ़ाई का खर्च खुद उठाया। साथ ही हॉकी खेलीं और कराटे भी सिखाया।
शेयर बाजार नहीं आता था, बस बचत करना जानती थीं
दीक्षा ने बताया कि उन्हें जटिल निवेश या शेयर बाजार की ज्यादा जानकारी नहीं थी। उनका फॉर्मूला बेहद साधारण था जो भी कमाई हो, उसमें से कुछ हिस्सा हर हाल में बचाना।
स्पोर्ट्स टीचर के तौर पर मिलने वाली कमाई में से वह पैसे अलग रखती थीं। कभी मिट्टी की गुल्लक में सिक्के जमा किए, तो कभी पुराने कपड़े के थैलों में नकदी रखी। इसके अलावा उन्होंने धीरे-धीरे सोना भी जमा किया।
जिंदगी में कई मौके आए, लेकिन बचत को नहीं छुआ
नौ साल तक बचत करना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा। रोजमर्रा की जरूरतों और जिंदगी के छोटे-बड़े खर्चों के बीच उन्होंने अपनी जमा पूंजी को हाथ नहीं लगाया। समय के साथ सिक्के, नकदी और सोने की छोटी-छोटी बचत एक बड़ी रकम में बदलती गई। दीक्षा का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक इस बचत को सिर्फ इसलिए नहीं छुआ, क्योंकि उनका लक्ष्य पहले से तय था।
जुलाई 2026 में पूरा हुआ सालों पुराना सपना
आखिरकार जुलाई 2026 में वो दिन आया, जिसका दीक्षा को सालों से इंतजार था। 29 साल की उम्र में उन्होंने अपनी बचत निकाली और अपने नाम जमीन का एक प्लॉट खरीद लिया। उनके लिए यह सिर्फ जमीन खरीदना नहीं था, बल्कि नौ साल की मेहनत, त्याग और आत्मनिर्भरता का नतीजा था। सिक्कों से भरी गुल्लक, हाथ से बांधे गए नकदी के बंडल और सोने की बचत को देखकर उन्हें महसूस हुआ कि उनका सालों पुराना सपना सच हो चुका है।
सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन
दीक्षा की कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने उनकी जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने उनकी मेहनत और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रेरणादायक बताया। एक यूजर ने लिखा कि जमीन कितनी भी बड़ी या छोटी हो, उसे खुद की कमाई से खरीदना अपने आप में बेहद खास उपलब्धि है। वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि हर लड़की को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने और अपने नाम संपत्ति बनाने की अहमियत समझनी चाहिए।