हांगकांग में एक महिला के लिए रोजाना की तरह लिया गया लंच उस वक्त खौफनाक बन गया, जब खाने का पैकेट खोलते ही उसे नूडल्स के ऊपर कुछ अजीब नजर आया। सॉस के बीच एक बेहद छोटा और जिंदा चूहा दिखाई दिया, जिसे देखकर महिला के होश उड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
531 रुपये के लंच में निकला ऐसा ‘सरप्राइज’
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला हांगकांग के क्वाई चुंग इलाके में काम करती है। वह करीब 5.60 डॉलर यानी लगभग 531 रुपये में Wa Jer Restaurant से लंच कॉम्बो लेकर आई थी।
उसके खाने के पैकेज में साते बीफ राइस नूडल्स, हैम ऑमलेट और एक ड्रिंक शामिल था। महिला ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि कुछ ही देर बाद यही खाना उसके लिए एक डरावना अनुभव बन जाएगा।
ढक्कन हटाते ही जो दिखा, देखकर रह गई दंग
करीब दोपहर 1 बजे जब महिला अपने ऑफिस डेस्क पर पहुंची और खाने का प्लास्टिक ढक्कन हटाया, तो उसकी नजर नूडल्स के ऊपर पड़ी। मोटी साते सॉस के बीच एक गुलाबी रंग का नवजात चूहा छटपटा रहा था।
बताया गया कि चूहे के शरीर पर बाल नहीं थे और वह सांस लेने के लिए संघर्ष करता हुआ दिखाई दे रहा था। इस पूरे दृश्य को देखकर महिला के होश उड़ गए।
18 सेकंड के वीडियो ने मचाई सनसनी
घटना का करीब 18 सेकंड का वीडियो सामने आया, जिसमें छोटा सा चूहा भूरे रंग की सॉस में फंसा हुआ अपने पैर हिलाता नजर आ रहा है। वीडियो ऑनलाइन सामने आते ही तेजी से फैल गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने घटना पर जमकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने इसे खाने की स्वच्छता और ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
शिकायत मिलते ही हरकत में आया विभाग
घटना के बाद महिला ने तुरंत हांगकांग के Food and Environmental Hygiene Department (FEHD) में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट के पास वैध लाइसेंस था और पिछले एक साल में उसके खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत भी दर्ज नहीं हुई थी। हालांकि, अचानक किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को वहां खराब साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी समस्याएं मिलीं।
खाने के सैंपल लिए, रेस्टोरेंट मालिक पर कार्रवाई
अधिकारियों ने जांच के लिए खाने के नमूने जुटाए और स्थानीय खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत रेस्टोरेंट के मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। साथ ही तत्काल सफाई और स्वच्छता से जुड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि आखिर वह नवजात चूहा खाने के अंदर पहुंचा कैसे।
अधिकारी बोले- जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना ठीक नहीं
FEHD के एक प्रवक्ता ने बताया कि विभाग मामले के कई पहलुओं की जांच कर रहा है। इसमें खाना तैयार करने से लेकर उसकी पैकेजिंग, स्टोरेज और डिलीवरी तक की प्रक्रिया शामिल है। अधिकारी के मुताबिक, केवल ऑनलाइन सामने आए वीडियो या खाने में मिले संदिग्ध चूहे के आधार पर यह तय करना जल्दबाजी होगी कि वह खाने में कब और किस तरह पहुंचा। रेस्टोरेंट प्रबंधन भी अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रहा है, ताकि इस हैरान करने वाली घटना की असली वजह सामने आ सके।