सोशल मीडिया पर कभी ना हार मानने वाली एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद एक युवक ने अमेजन में नौकरी पाने की कोशिश नहीं छोड़ी। लगातार 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद एक युवक ने अमेजन में नौकरी पाने की कोशिश नहीं छोड़ी। भोपाल के लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले इस युवक ने कंपनी में नौकरी के लिए बार-बार आवेदन किया। आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई और उसे अमेजन जर्मनी में काम करने का मौका मिल गया। कंपनी ने उसे करीब 1.1 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज ऑफर किया है। उनकी यह कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गंतव्य मालवीय की कहानी तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट के मुताबिक, गंतव्य मालवीय ने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई नहीं की थी, लेकिन इंजीनियरिंग के दौरान ही उन्होंने टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने प्रोग्रामिंग और डेटा स्ट्रक्चर-एल्गोरिदम जैसी जरूरी स्किल्स सीखीं। इसके साथ ही उन्होंने मशीन लर्निंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट पर भी काम किया। अपनी जानकारी को मजबूत करने के लिए उन्होंने अलग-अलग प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप के जरिए प्रैक्टिकल अनुभव हासिल किया।
गंतव्य मालवीय अमेजन की नौकरी पाने के लिए लगातार कंपनी के करियर पेज पर नजर रखते थे और अपनी योग्यता के मुताबिक अलग-अलग पदों के लिए आवेदन करते रहे। शुरुआत में उन्हें 15 बार निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी। आखिरकार उन्हें अमेजन जर्मनी में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के पद के लिए चुना गया। LNCT के अनुसार, उन्हें करीब 1.10 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। मालवीय अगस्त 2023 से अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके लिए यह नौकरी करियर की एक नई शुरुआत साबित हुई।
X पर हाल ही में एक पोस्ट में मालवीय ने बताया कि वह Amazon छोड़कर Taxfix में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का अगला कदम बताया। मालवीय ने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह कंपनी के लोगो वाला सिपर पकड़े नजर आए। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “नई शुरुआत।”गंतव्य मालवीय की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। नौकरी के लिए कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने अपनी कोशिश जारी रखी और आखिरकार जर्मनी में टेक सेक्टर में अच्छा अवसर हासिल किया। उनकी कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने उनके जज्बे और लगातार मेहनत करने की तारीफ की। यूजर्स का कहना है कि सफलता देर से मिले, लेकिन अगर कोशिश जारी रहे तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
एक यूजर ने मालवीय की कहानी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “₹1.1 करोड़ का पैकेज शानदार है, लेकिन इससे भी बड़ी सीख उनकी पूरी प्रक्रिया से मिलती है। उन्होंने समय रहते तैयारी शुरू की, जरूरी स्किल्स पर काम किया, इंटर्नशिप की और अलग-अलग जगहों पर लगातार आवेदन करते रहे। 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार उन्हें मौका मिल गया।” वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “15 रिजेक्शन के बाद आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “15 बार रिजेक्शन के बाद भी Amazon Germany में अपनी जगह बनाना वाकई उनकी लगन को दिखाता है।”
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)