30 साल की उम्र में अगर किसी कपल की संयुक्त नेटवर्थ 50 लाख रुपये हो जाए, तो इसे आमतौर पर बड़ी आर्थिक उपलब्धि माना जाएगा। लेकिन एक Reddit यूजर के लिए यह मुकाम खुशी के साथ-साथ उलझन भी लेकर आया है। करीब सात साल से नौकरी कर रहे इस शख्स ने बताया कि अच्छी कमाई और बचत के बावजूद उसे लगता है कि वह अपने दोस्तों से आर्थिक रूप से पीछे रह गया है।
इस शख्स के मुताबिक, उसकी सालाना कमाई करीब 20 लाख रुपये है, जबकि उसकी पत्नी लगभग 12 लाख रुपये कमाती हैं। दोनों की कुल मासिक इन-हैंड इनकम करीब 2.2 लाख रुपये है। इसके बावजूद उनकी लाइफस्टाइल काफी साधारण है। दोनों अभी किराये के घर में रहते हैं और उनके पास अपनी कार भी नहीं है। रोजमर्रा के काम के लिए वह अब भी करीब आठ साल पुरानी बाइक चलाते हैं। इतना ही नहीं, शादी को लगभग दो साल हो चुके हैं, लेकिन दोनों अभी तक ठीक से हनीमून पर भी नहीं जा पाए हैं।
दोस्तों को देखकर होने लगा खुद पर शक
Reddit पर अपनी कहानी शेयर करते हुए इस शख्स ने लिखा कि उसके कई कॉलेज फ्रेंड्स उससे काफी आगे नजर आते हैं। किसी ने दो फ्लैट खरीद लिए हैं, जिनमें से एक किराये पर दिया हुआ है। कई दोस्तों के पास कार है और वे बाली तथा मालदीव जैसी जगहों पर घूमने भी जा चुके हैं।
दूसरों की जिंदगी देखकर उसे अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उसे समझ नहीं आ रहा कि 50 लाख रुपये की नेटवर्थ होने के बावजूद आखिर उसे खुद को ‘पीछे’ क्यों महसूस हो रहा है।
पत्नी के खर्च से भी होती है परेशानी
उसने यह भी स्वीकार किया कि कभी-कभी पत्नी के खर्च को लेकर उसे चिढ़ होती है। सोशल मीडिया से प्रभावित होकर पत्नी महंगे मेकअप और दूसरी फैंसी चीजों पर पैसे खर्च करती हैं। यही अंतर उसे और ज्यादा सोचने पर मजबूर करता है। वह खुद बचत और आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देता है, जबकि उसे लगता है कि पत्नी वर्तमान जिंदगी को थोड़ा ज्यादा खुलकर जीना चाहती हैं।
‘क्या मैं बहुत ज्यादा बचत कर रहा हूं?’
इस पूरे मामले में उसका सबसे बड़ा सवाल यही है कि कहीं वह पैसे बचाने के चक्कर में जिंदगी जीना तो नहीं भूल रहा। उसने लिखा कि वह गर्व महसूस करता है कि दोनों ने मिलकर 50 लाख रुपये की नेटवर्थ हासिल की है। लेकिन साथ ही वह एक बेहतर घर खरीदना, पत्नी के साथ घूमना और जिंदगी का आनंद लेना भी चाहता है। दूसरी तरफ उसे डर है कि ऐसा करने से कहीं उसकी आर्थिक स्थिरता खतरे में न पड़ जाए। वह यह भी सोचता है कि क्या वह दूसरों से अपनी तुलना बहुत ज्यादा कर रहा है या फिर वास्तव में उसकी वित्तीय योजना में कोई कमी है।
Reddit पर लोगों ने दी ‘रियलिटी चेक’ की सलाह
उसकी पोस्ट पर कई Reddit यूजर्स ने उसे दोस्तों की जिंदगी से अपनी तुलना बंद करने की सलाह दी। एक यूजर ने कहा कि तुलना खुशी छीन लेती है और उसे अपने लिए अगले 5-10 साल का लक्ष्य तय करना चाहिए, न कि दूसरों की जिंदगी देखकर अपनी सफलता मापनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने उसकी स्थिति पर सहमति जताते हुए बताया कि वह भी किराये के घर में रहता है और उसके पास कार नहीं है। वह अब भी आठ साल पुरानी बाइक चलाता है, जिसका सेल्फ-स्टार्ट तक काम नहीं करता और एक इंडिकेटर भी खराब है। एक अन्य व्यक्ति ने इस सलाह को सही बताते हुए कहा कि जिंदगी में कभी-कभी किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत होती है, जो हमें रियलिटी चेक दे सके।
असली सवाल 50 लाख नहीं, संतुष्टि का है
इस कहानी ने एक दिलचस्प सवाल खड़ा किया है क्या आर्थिक रूप से सफल होने का मतलब सिर्फ घर, कार और विदेश यात्राएं हैं? या फिर अपनी जरूरतों के मुताबिक बचत करना और भविष्य को सुरक्षित रखना भी सफलता है? शायद इस कपल के लिए सबसे जरूरी यह तय करना है कि उन्हें वास्तव में कैसी जिंदगी चाहिए। क्योंकि दूसरों की उपलब्धियों से अपनी खुशी और आर्थिक सफलता की तुलना करने पर 50 लाख भी कम लग सकते हैं।