कॉर्पोरेट वर्ल्ड और सही करियर फैसलों के जरिए अपनी नेटवर्थ तेजी से कैसे बढ़ाई जा सकती है इसकी एक मिसाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर सामने आई है। भारत के टीयर-1 इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़े 37 वर्षीय मैनेजमेंट कंसल्टेंट ने अपनी पूरी फाइनेंशियल जर्नी शेयर की है। उन्होंने अपनी रेडिट पोस्ट में बताया है कि कैसे सिर्फ तीन सालों के अंदर अपनी कुल संपत्ति को 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7।5 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया।
रेडिट पर अपनी स्टोरी शेयर करते हुए इस शख्स ने 22 साल की उम्र से लेकर 37 साल की उम्र तक की अपनी सैलरी, करियर स्विच और मिडिल ईस्ट में काम करने के अनुभव का पूरा ब्यौरा दिया है।
22 की उम्र में 10 लाख का पैकेज, जानिए करियर की शुरुआत से 1 करोड़ तक का सफर
इस शख्स ने बताया है कि उन्होंने भारत के टियर-1 इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक और उसके बाद एमबीए किया है। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद उन्हें 10 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर ग्रेजुएट ट्रेनी के रूप में अपनी पहली नौकरी मिली। एमबीए पूरा करने के बाद उन्होंने एक टॉप मैनेजमेंट कंसल्टिंग कंपनी में कदम रखा। यहां उनकी शुरुआती सैलरी सालाना 25 लाख रुपये थी। 29 साल की उम्र में उन्होंने कंसल्टिंग छोड़कर इंडस्ट्री में स्विच किया, जहां उन्हें 40 लाख रुपये प्रति वर्ष का पैकेज मिला। अगले 5 सालों में उसकी सैलरी बढ़कर 65 लाख रुपये प्रति वर्ष हो गई।
इस दौरान 34 साल की उम्र तक उन्होंने ईपीएफ, सोना, इक्विटी और रियल एस्टेट मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपये का नेटवर्थ तैयार कर लिया था।
टर्निंग पॉइंट: मिडिल ईस्ट में 3.5 करोड़ का टैक्स-फ्री पैकेज
34 साल की उम्र में इस शख्स की जिंदगी में सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट आया। उन्होंने मेनस्ट्रीम कंसल्टिंग में वापस लौटने का फैसला किया और मिडिल ईस्ट का रुख किया। मिडिल ईस्ट में उन्हें 400000 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 3.5 करोड़ रुपये का सालाना टैक्स-फ्री पैकेज मिला। खाड़ी देशों में टैक्स न होने का सीधा फायदा उनकी सेविंग और नेटवर्थ पर पड़ा।
3 साल में 6.5 करोड़ की बचत और 7.5 करोड़ का नेटवर्थ
37 साल की उम्र में अब इस शख्स ने अपनी मौजूदा फाइनेंशियल स्टेटस शेयर करते हुए बताया है कि पिछले ढाई सालों के भीतर उन्होंने मिडिल ईस्ट में काम करते हुए करीब 6.5 करोड़ रुपये की सीधी बचत की है। इस बचत और पुराने निवेश को मिलाकर उनकी नेट वर्थ अब बढ़कर 7.5 करोड़ रुपये हो चुकी है।
मुंबई में 3 फ्लैट्स और 700 ग्राम सोना
अपने 7.5 करोड़ रुपये के नेटवर्थ का ब्रेकअप बताते हुए उन्होंने अपने असेट पोर्टफोलियो की जानकारी भी शेयर की है। उनके पास पास मुंबई में तीन प्रॉपर्टीज हैं। इन तीनों प्रॉपर्टी का पूरा लोन पे हो चुका है। यानी उनपर कोई कर्ज नहीं है। उनके पास फिजिकल गोल्ड और सोवरेन गोल्ड बॉन्ड मिलाकर करीब 700 ग्राम सोना है। मौजूदा समय में उनके पास करीब 30 लाख रुपये का इक्विटी इन्वेस्टमेंट (शेयर/म्यूचुअल फंड) है। 37 साल की उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद उन्होंने इसी पोस्ट में बताया कि अब उनका अगला मेन फोकस अपनी इक्विटी पोर्टफोलियो को और बड़ा बनाने पर है।
डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर शेयर किए गए यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। Moneycontrol ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।