समुद्र की गहराइयों में कई राज छुपे होते है, जो हमेशा से ही सबको हैरान कर देते हैं। वहीं समुद्र में हुई एक अनोखी घटना ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। अमेरिका का एक मछुआरा लॉबस्टर पकड़ने के दौरान अचानक एक हंपबैक व्हेल के मुंह के अंदर चला गया। कुछ सेकंड तक व्हेल के मुंह में फंसे रहने के बाद वह व्यक्ति सुरक्षित बाहर निकल आए। जून 2021 में मैसाचुसेट्स के एक्सपीरिएंस कमर्शियल डाइवर माइकल पैकर्ड एक नॉर्मल दिन की तरह केप कॉड के पास अटलांटिक महासागर में लॉबस्टर पकड़ने के लिए डाइव लगाने गए थे। लेकिन उनको इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा भी नहीं था कि ये दिन उनकी जिंदगी का सबसे हैरान करने वाला एक्सपीरिएंस बन जाएगा। ये अनोखी घटना आज भी लोगों को किसी फिल्मी कहानी या समुद्री दास्तान जैसी लगती है।
प्रोविंसटाउन के पास करीब 45 फीट गहराई में काम करते समय अचानक किसी विशाल समुद्री जीव ने माइकल पैकर्ड पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कुछ ही पलों में उनके चारों ओर अंधेरा छा गया। उनको बिल्कुल समझ ही नहीं आया कि आखिर उनके साथ क्या हुआ है। आइए जानते हैं क्या है पूरी कहानी
घटना के बाद माइकल पैकर्ड ने स्थानीय मीडिया को बताया कि, शुरुआत में उन्हें लगा था कि किसी शार्क ने उन पर हमला कर दिया है और वह उसके पेट में पहुंच गए हैं। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें महसूस हुआ कि मामला कुछ और है। पैकर्ड के अनुसार, वह दरअसल एक विशाल हंपबैक व्हेल के मुंह के अंदर फंस गए थे। ये एहसास होते ही उन्हें अपनी जान की चिंता सताने लगी, क्योंकि ऐसी स्थिति से सुरक्षित बाहर निकलना लगभग असंभव माना जाता है। उन्होंने आगे कहा कि, उस दौरान वह अपने स्कूबा उपकरण की मदद से सांस ले रहे थे और उन्हें चारों तरफ तेज हरकत और दबाव महसूस हो रहा था।
उनके मुताबिक, वह करीब 30 से 40 सेकंड तक व्हेल के मुंह के अंदर फंसे रहे। इसके बाद अचानक व्हेल पानी की सतह की ओर आई और उसने उन्हें जोर से बाहर उछाल दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी खतरनाक स्थिति के बावजूद पैकर्ड की जान बच गई और वह इस घटना से जीवित बाहर निकलने में सफल रहे। व्हेल के मुंह से बाहर आने के बाद माइकल पैकर्ड को उनके साथ काम कर रहे साथी ने सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
इस घटना में माइकल पैकर्ड के शरीर पर कुछ चोटें आई थीं और सॉफ्ट टिशू को नुकसान पहुंचा था। इसके साथ राहत की बात ये रही कि उनकी कोई हड्डी नहीं टूटी थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी। ये घटना सामने आते ही दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई, क्योंकि बहुत से लोगों को यह कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं लगी। इस मामले में कई प्रत्यक्ष गवाह मौजूद थे और बचाव दल के साथ-साथ अस्पताल के रिकॉर्ड भी इस घटना की पुष्टि करते हैं। बाद में माइकल पैकर्ड ने बताया कि ये अनुभव उनके लिए बेहद विचित्र और डरावना था। उन्होंने कहा कि पानी के भीतर बिताए उन कुछ पलों में उन्हें सचमुच लगा था कि शायद अब उनकी जान नहीं बचेगी।
क्या व्हेल किसी इंसान को निगल सकती है?
इस घटना के बाद कई लोगों के मन में सवाल उठा कि क्या कोई व्हेलवास्तव में किसी इंसान को निगल सकती है। समुद्री जीव वैज्ञानिकों के अनुसार, संभव है कि मछलियों का शिकार करते समय व्हेल ने गलती से माइकल पैकर्ड को अपने मुंह में ले लिया हो। हंपबैक व्हेल भोजन करते समय अपना मुंह बहुत बड़ा खोलती हैं और तेजी से मछलियों के झुंड की ओर बढ़ती हैं। ऐसे में कभी-कभी आसपास मौजूद कोई वस्तु या जीव कुछ समय के लिए उनके मुंह के अंदर फंस सकता है, लेकिन आमतौर पर वह उसे निगल नहीं पाती।