आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक स्टार्टअप्स की दुनिया में कर्मचारियों को लुभाने के लिए शानदार ऑफिस स्पेस, फ्री मील, जिम मेंबरशिप या दूसरे वेकेशन बेनेफिट्स देना बेहद आम बात है। पर एक एआई स्टार्टअप के फाउंडर ने अपने कर्मचारियों की वेलबीइंग और परफॉर्मेंस को सुधारने के लिए एक ऐसा अनोखा और लग्जरी गिफ्ट दिया है जिसकी जबर्दस्त चर्चा हो रही है। एआई स्टार्टअप Factory के CEO मतान ग्रिनबर्ग ने अपने कर्मचारियों की नींद को बेहतर बनाने और उन्हें काम के दौरान पूरी तरह तरोताजा रखने के लिए कंपनी के शुरुआती दौर में ही हर कर्मचारी को 3000 डॉलर (लगभग 2 लाख 84 हजार रुपये) का एक प्रीमियम और लग्जरी स्लीप सिस्टम (गद्दे का कवर) गिफ्ट कर दिया।
पॉडकास्ट में सामने आई जानकारी
हमारी सहयोगी वेबसाइट मनी कंट्रोल इंग्लिश ने मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि मतान ग्रिनबर्ग ने हाल ही में फेमस 20VC पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान इस दिलचस्प फैसले का खुलासा किया। ग्रिनबर्ग ने बताया कि जब उनकी कंपनी अपने शुरुआती चरण में थी और स्टार्टअप में लगभग 30 कर्मचारी काम करते थे तब उन्होंने हर स्टाफ मेंबर को एट स्लीप का प्रीमियम गद्दे का कवर खरीद कर दिया था। इस फैसले को याद करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि यही तो स्टार्टअप्स की विलासिता है, है न?
3 लाख रुपये के गद्दे में क्या है खास?
मतान ग्रिनबर्ग ने कर्मचारियों को जो एट स्लीप का कवर गिफ्ट किया है वो वह कोई साधारण बेड कवर नहीं है बल्कि यह एक हाई-टेक स्लीप टेक्नोलॉजी पर काम करता है। यह लिक्विड-बेस्ड हीटिंग और कूलिंग सिस्टम के जरिए बेड के तापमान को खुद ही कंट्रोल करता है। अगर एक बेड पर दो लोग सो रहे हैं तो वे अपनी सुविधा के अनुसार बेड के दोनों तरफ का टेंप्रेचर बिल्कुल अलग-अलग सेट कर सकते हैं। इसके मॉडर्न वर्जन में बेड के हिस्सों को ऊपर या नीचे करने की एडजस्टेबल एलिवेशन टेक्नीक भी शामिल है।
बिजनेस इनसाइडर को दिए एक इंटरव्यू में ग्रिनबर्ग ने अपने इस अनोखे कदम के पीछे की फिलॉसफी को समझाया। उन्होंने कहा कि वे अपने कर्मचारियों के आराम और रिकवरी को ठीक उसी तरह देखते हैं जैसे कोई एलीट स्पोर्ट्स टीम अपने एथलीटों के प्रदर्शन और रिकवरी को देखती है। ग्रिनबर्ग ने कहा कि 'मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि हर कर्मचारी अपनी दिमागी क्षमता का पूरा इस्तेमाल कर सके। ऐसा करने के लिए आपको एक बेहतरीन और सुकून भरी नींद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।'
ऑफिस से मीठा और प्रोसेस्ड फूड भी किया बाहर
कर्मचारियों की परफॉर्मेंस और एकाग्रता को बेहतर बनाए रखने के लिए ग्रिनबर्ग का ध्यान सिर्फ अच्छी नींद पर ही नहीं है बल्कि वे उनके खान-पान को लेकर भी बेहद सख्त हैं। उन्होंने ऑफिस में अत्यधिक प्रोसेस्ड और चीनी से भरपूर खाद्य पदार्थों की उपलब्धता को काफी कम कर दिया है। इससे एकाग्रता और मानसिक तीक्ष्णता पर बुरा असर पड़ता है। इसकी जगह कंपनी अपने कर्मचारियों को महंगे और सेहतमंद विकल्प दे रही है। इनमें प्रोटीन-बेस्ड स्नैक्स, कैन्ड मटका बेवरेज जैसी चीजें शामिल हैं।
'मैं 2010 के दशक का गूगल नहीं बनना चाहता'
ग्रिनबर्ग ने साफ किया कि उनकी यह सोच पिछले दशक में बड़ी टेक कंपनियों (जैसे गूगल) के बीच मशहूर हुए वर्कप्लेस कल्चर से बिल्कुल अलग है। उन्होंने उस दौर की आलोचना करते हुए कहा कि तब कंपनियां कर्मचारियों को आकर्षित करने के लिए ऑफिस में मनोरंजन से भरपूर फिजूल की सुविधाएं देती थीं जिनका काम या प्रोडक्टिविटी से कोई लेना-देना नहीं होता था। उन्होंने कहा कि मैं 2010 के दशक का गूगल बनने की कोशिश नहीं कर रहा हूं। इसके साथ ही उन्होंने टेक सेक्टर में चल रहे ग्राइंडस्लॉप कल्चर यानी जरूरत से ज्यादा काम करने के दिखावे और कुख्यात 996 वर्किंग मॉडल (सुबह 9 से रात 9 बजे तक, हफ्ते में 6 दिन काम) को प्रमोट करने के कल्चर से भी खुद को दूर कर लिया है। ग्रिनबर्ग ने दोटूक शब्दों में कहा कि हम कोई डेकेयर (बालवाड़ी) नहीं चला रहे हैं। मुझे कर्मचारियों के लिए काम के घंटे अनिवार्य करने की कोई जरूरत नहीं है।
क्या नए कर्मचारियों को भी मिलेगा यह लग्जरी गद्दे का कवर?
साल 2023 में आया यह एआई स्टार्टअप फैक्ट्री अब काफी बड़ा हो चुका है। कंपनी में अब लगभग 120 कर्मचारी काम करते हैं और इसी साल अप्रैल 2026 में कंपनी ने खोसला वेंचर्स, सिकोइया कैपिटल और ब्लैकस्टोन जैसे दिग्गज निवेशकों से 150 मिलियन डॉलर की बड़ी फंडिंग जुटाई है। ग्रिनबर्ग ने बताया कि वे इस बात पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं कि क्या इस स्लीप सिस्टम को या इसके बदले मिलने वाले वेलनेस अलाउंस को कंपनी के स्थायी एम्प्लोयी पैकेज का हिस्सा बना दिया जाए।
काम पर कितना हुआ असर? कोडर्स को लेकर ऑफिस में चलता है यह मजाक
ग्रिनबर्ग ने ईमानदारी से स्वीकार किया कि गद्दे के इस तोहफे से प्रोडक्टिविटी पर कितना सीधा असर पड़ा इसे सटीक आंकड़ों में मापना मुश्किल है, लेकिन कर्मचारी इस तोहफे से बेहद खुश हैं। वे कर्मचारियों की पर्सनल आदतों पर नजर रखने के सख्त खिलाफ हैं।
आपको बता दें कि टेक इंडस्ट्री में नींद को लेकर इंसेंटिव देने का यह कोई पहला मामला नहीं है। साल 2024 में वियरेबल टेक्नोलॉजी कंपनी हूप के सीईओ ने खुलासा किया था कि अगर उनके कर्मचारियों का एवरेज स्लीप परफॉर्मेंस स्कोर 85 फीसदी या उससे ज्यादा रहता है तो उन्हें हर महीने 100 डॉलर का बोनस दिया जाता है। इसके अलावा सीरीज कंपनी के सीईओ नेथैनियो जॉनसन ने चीफ ऑफ स्टाफ रखने के बजाय ऑफिस में एक प्राइवेट शेफ को काम पर रखना ज्यादा फायदेमंद बताया था।