जब सूरज के बीचों-बीच नजर आया हवाई जहाज... एस्ट्रोग्राफर ने 6 दिन में 17 लाख से अधिक फोटो खींची तब ये दुर्लभ तस्वीर हुई कैप्चर

अमेरिका के मशहूर एस्ट्रोफोटोग्राफर एंड्रयू मैकार्थी ने सूरज के सामने से गुजरते एक पैसेंजर विमान की बेहद दुर्लभ और शानदार तस्वीर खींची है। मैकार्थी ने बताया कि, इस खास तस्वीर को लेने के लिए उन्हें कई दिनों तक तैयारी करनी पड़ी। उन्होंने पहले फ्लाइट पाथ पर नजर रखी, फिर सूरज की सही स्थिति का स्टडी किया और साफ आसमान का इंतजार किया

अपडेटेड May 16, 2026 पर 3:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस शानदार तस्वीर को कैद करने के लिए एंड्रयू मैकार्थी ने दो अलग-अलग कैमरा सेटअप का इस्तेमाल किया (Photo: @AJamesMcCarthy/X)

अमेरिका के मशहूर एस्ट्रोफोटोग्राफर एंड्रयू मैकार्थी ने अपने कैमरे से एक ऐसा नजारा कैमरे में कैद किया है जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है। एंड्रयू मैकार्थी ने सूरज के सामने से गुजरते एक पैसेंजर विमान की बेहद दुर्लभ और शानदार तस्वीर खींची है। कई दिनों की मेहनत, सही टाइमिंग और आधुनिक तकनीक की मदद से ली गई यह फोटो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

एंड्रयू मैकार्थी ने इस खास तस्वीर को लेने के लिए लगातार छह दिनों तक मेहनत की और करीब 17 लाख फोटो खींचीं। सही समय पर ली गई इस शानदार तस्वीर को लोग सोशल मीडिया पर खूब पसंद कर रहे हैं।

पोजिशन और सही टाइमिंग का इंतजार


एंड्रयू मैकार्थी ने बताया कि, इस खास तस्वीर को लेने के लिए उन्हें कई दिनों तक तैयारी करनी पड़ी। उन्होंने पहले फ्लाइट पाथ पर नजर रखी, फिर सूरज की सही स्थिति का स्टडी किया और साफ आसमान का इंतजार किया। इसकी सबसे बड़ी चुनौती ये थी कि विमान केवल एक सेकंड से भी कम समय के लिए सूरज के सामने आता है। ऐसे में कैमरे की पोजीशन या टाइमिंग में जरा सी गलती भी पूरी तस्वीर खराब कर सकती थी। यही वजह है कि इस फोटो को बेहद खास और मुश्किल शॉट माना जा रहा है।

कैसे किया कैमरा सेटअप

इस शानदार तस्वीर को कैद करने के लिए एंड्रयू मैकार्थी ने दो अलग-अलग कैमरा सेटअप का इस्तेमाल किया, जिनकी फोकल लेंथ भी अलग थी। एक कैमरे से उन्होंने 10 फ्रेम प्रति सेकंड की स्पीड में वीडियो रिकॉर्ड किया, जबकि दूसरे कैमरे से बेहद क्लोज शॉट 85 फ्रेम प्रति सेकंड की रफ्तार से कैद किए गए। बाद में इन फुटेज को स्लो मोशन में देखकर उन्होंने एक ऐसी हाई-क्वालिटी तस्वीर तैयार की, जिसमें विमान और सूरज की उथल-पुथल भरी सतह दोनों की बारीक डिटेल साफ दिखाई देती है।

क्या खास है फोटो में?

एंड्रयू मैकार्थी ने इस शानदार तस्वीर को अपने जीवन के "सबसे खुशकिस्मत" पलों में से एक बताया है। इस फोटो में विमान की काली परछाईं के साथ सूरज की सतह से उठती हुई दो चमकदार सोलर प्रोमिनेंस भी साफ नजर आ रही हैं। ये बेहद सुपरहीटेड प्लाज्मा से बने आग जैसे घुमावदार आकार होते हैं, जिन्हें कैमरे में साफ तरीके से कैद करना काफी मुश्किल माना जाता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सूरज से जुड़ी ऐसी दुर्लभ गतिविधियों की इतनी साफ तस्वीर लेना आसान नहीं होता, इसलिए यह फोटो लोगों के बीच तेजी से चर्चा में आ गई है।

कौन है एंड्रयू मैकार्थी

अमेरिका के एंड्रयू मैकार्थी पहले से ही एस्ट्रोफोटोग्राफी की दुनिया में एक बड़ा नाम माने जाते हैं। वह सूरज, चांद और अंतरिक्ष की बेहद साफ और शानदार तस्वीरें लेने के लिए मशहूर है। पिछले कुछ वर्षों में उनकी कई अनोखी तस्वीरों ने दुनियाभर का ध्यान खींचा है। इनमें इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन का सूरज के सामने से गुजरना और एक स्काईडाइवर को सूरज की सतह के पास उड़ते हुए दिखाने वाली तस्वीरें खास तौर पर काफी चर्चा में रही थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।