हमारे देश में ऑटो-रिक्शा सबसे आम और पसंदीदा वाहन माना जाता है। फिर चाहे बाजार जाना हो या कहीं और पहुंचना हो, ऑटो रिक्शा हमें तुरंत मिल जाता है। भारतीय शहरों में ऑटो रिक्शा कम दूरी की सस्ती यात्रा के लिए बहुत काफी फेमस हैं, लेकिन कई बार ड्राइवरों का रवैया यात्रियों के लिए काफी परेशानी बन जाता है। हाल ही में एक महिला ने लिंक्डइन पर दिलचस्प पोस्ट किया।
इस पोस्ट में काम पर जा रही एक महिला ने बताया कि एक ऑटो ड्राइवर ने न सिर्फ बीच रास्ते में सवारी छोड़ दी, बल्कि उसकी जिंदगी के फैसलों पर भी टिप्पणी कर दी। ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुंबई की कॉपीराइटर अदिति गणवीर ने लिंक्डइन पर एक दिलचस्प पोस्ट किया। गणवीर ने बताया कि, "उनका ऑटो ड्राइवर ऑफिस पहुंचने से सिर्फ एक किलोमीटर पहले ही रुक गया और आगे जाने से मना कर दिया। उन्होंने लिखा कि, उनके ऑफिस की कुल दूरी 19 किलोमीटर थी, लेकिन ड्राइवर के मुताबिक यह "बहुत दूर" थी, इसलिए वह सिर्फ 18 किलोमीटर तक ही गाड़ी चलाकर रुक गया।" इसके बाद उस ड्राइवर ने उसकी नौकरी के सेलेक्शन पर भी सवाल उठाया और उसकी तनख्वाह का हिसाब लगाने लगा। उसने पूछा, "इतनी दूर नौकरी क्यों लिया?"
अदिती ने ऑटो वाले पर क्या कहा
गणवीर ने आगे लिखा, "शायद उसे सवारी लेने का पछतावा हो रहा था, भले ही उसने बिना किसी दबाव के खुद ही हामी भरी थी।" अदिति ने अपनी पोस्ट की लास्ट में उन्होंने लिखा, "कभी-कभी आपकी यात्रा दूसरों को मुश्किल लग सकती है और वे आपको बीच रास्ते में छोड़ देंगे। कोई बात नहीं, बस उन्हें 1 स्टार दें और आगे बढ़ जाएं।"
लोगों ने दिया मजेदार रिएक्शन
लिंक्डइन पर कई लोगों ने उनकी इस कहानी पर दिलचस्प रिएक्शन दिए। लिंक्डइन यूजर ने मजाक में लिखा, "ऑटो की सवारी के लिए तो ये बहुत लंबा रास्ता है।" इस पर अदिति ने हंसते हुए जवाब दिया, "लगता है आपने उस ऑटो वाले से भी बात कर ली है।" वहीं, एक और यूजर ने कमेंट किया, "हर कोई दूसरों की तनख्वाह का हिसाब लगाने में बड़ा माहिर होता है।"