Viral Post: 35 KM के लिए मांगे 3000 रुपए...बेंगलुरु में 2 युवकों से ऑटो चालक ने की बदसलूकी! वायरल हुआ पोस्ट

Viral Post: बेंगलुरु में एक ऑटो चालक पर 2 युवकों के साथ मारपीट और जबरन पैसे वसूलने के आरोपों का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों युवक हाल ही में पहली बार शहर पहुंचे थे और इसी दौरान उनके साथ यह घटना हुई

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 7:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ये मामला तब चर्चा में आया जब सानू नाम के एक इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट शेयर किया (Photo: Canva)

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेंगलुरु शहर की एक कहानी तेजी से वायरल हो रही है। बेंगलुरु में एक ऑटो चालक पर 2 युवकों के साथ मारपीट करने और उनसे जबरन पैसे लेने के आरोप लगे हैं। इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हाल ही में शहर आए थे और इसी दौरान उनके साथ ये घटना हुई। मामला सामने आने के बाद बेंगलुरु में नए आने वाले लोगों की सेफ्टी को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

ये मामला तब चर्चा में आया जब सानू नाम के एक इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट शेयर किया। उन्होंने दावा किया कि "बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के कुछ ही समय बाद गांव से आए 2 युवा लड़कों को निशाना बनाया गया। सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में दावा किया गया कि गांव से आए 2 युवा रोजगार की तलाश में शहर पहुंचे थे। वे SMVT रेलवे स्टेशन से होसुर जाने के लिए अट्टीबेले तक ऑटो में बैठे थे। करीब 35 किलोमीटर की यात्रा के बाद ऑटो चालक ने उनसे 3,000 रुपये की मांग की।"


पोस्ट के अनुसार, "युवक घबराकर मदद के लिए फोन करने लगे, लेकिन चालक ने कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस और शहर पुलिस से मदद की अपील भी की गई।

पहली बार आए थे बेंगलुरु

सानू द्वारा शेयर की गई जानकारी के अनुसार, "2 युवा पहली बार बेंगलुरु पहुंचे थे और उन्हें होसुर जाने के लिए सही रास्ते की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर एक ऑटो चालक ने उनसे संपर्क किया और कहा कि वह उन्हें बस स्टैंड तक पहुंचा देगा। आरोप है कि ऑटो चालक ने दोनों युवकों को बताया कि इस सफर के लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति किराया देना होगा, जिसके बाद वे उसके साथ चले गए।" पोस्ट में आगे कहा गया कि, जब ऑटो चालक को पता चला कि दोनों युवक शहर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखते हैं, तो उसने रास्ते में एक अन्य व्यक्ति को भी अपने साथ शामिल कर लिया।

छिन लिए युवक के फोन

इसके बाद 2 युवकों को लेकर ऑटो शहर से बाहर अट्टीबेले की दिशा में बढ़ा। कुछ समय बाद ऑटो एक सुनसान इलाके में जाकर रुका, जिससे दोनों युवक घबरा गए। आरोपों के अनुसार, ऑटो चालक और उसके साथी ने दोनों किशोरों से सफर के बदले 3,000 रुपये की मांग की। जब युवकों ने बताया कि उनके पास इतनी रकम नहीं है, तो दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने दोनों युवकों के साथ मारपीट भी की और उन पर पैसे देने का दबाव बनाया। घटना के दौरान 2 पीड़ित किशोर किसी तरह उनसे संपर्क करने में सफल हो गए थे।

उनके अनुसार, बातचीत के दौरान फोन पर घबराहट और शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि कुछ ही देर बाद कॉल अचानक कट गई। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। आरोप है कि उस समय तक दोनों युवकों के मोबाइल फोन उनसे छीन लिए गए थे, जिससे उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

शेयर किया स्क्रीनशॉट

सानू ने बाद में सोशल मीडिया पर एक नई जानकारी साझा करते हुए बताया कि 2 किशोरों को उनके मोबाइल फोन वापस मिल गए, लेकिन इसके लिए उन्हें पैसे देने पड़े। उनके अनुसार, पहले 2,000 रुपये देने की बात सामने आई थी, जबकि बाद में उन्होंने दावा किया कि कुल 2,400 रुपये का भुगतान किया गया था। आरोप है कि युवकों के पास पर्याप्त नकदी नहीं थी, इसलिए यह रकम UPI के जरिए भेजी गई। सानू ने कथित लेनदेन का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया और बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए मामले की जांच की मांग की। उनका कहना है कि डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

X पर साझा की गई ये पोस्ट कुछ ही समय में तेजी से वायरल हो गईं। इस कथित घटना को लेकर कई यूजर्स ने हैरानी जताई और नाराजगी व्यक्त की। बड़ी संख्या में लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।