कुक की 40 हजार सैलरी, फ्रेश ग्रेजुएट्स को मिल रही 30 हजार, बेंगलुरु के शख्स की पोस्ट ने छेड़ दी बड़ी बहस

बेंगलुरु में रहने वाले कार्तिकेय उनियाल ने अपनी कुक की कमाई को लेकर पोस्ट शेयर की। उनकी कुक 5-6 घरों में खाना बनाकर महीने में 40 हजार रुपये कमाती हैं और रात 8 बजे के बाद उन्हें कोई काम का फोन नहीं आता। वहीं डिग्री और स्किल होने के बाद भी कई फ्रेश ग्रेजुएट्स को 30 हजार या उससे कम की नौकरी मिल रही है। इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर नौकरी, सैलरी और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर बहस छिड़ गई।

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 9:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बेंगलुरु में कुक की महीने की कमाई 40 हजार रुपये है, जबकि कई फ्रेश ग्रेजुएट्स को 30 हजार रुपये की नौकरी मिल रही है।

बेंगलुरु में रहने वाले एक शख्स ने अपनी कुक की कमाई को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा की है। उनका कहना है, उनकी कुक महीने में 40 हजार रुपये कमाती हैं और रात 8 बजे काम खत्म करने के बाद उन्हें कोई फोन नहीं करता। वहीं डिग्री और स्किल होने के बाद भी कई नए ग्रेजुएट्स 30 हजार रुपये की नौकरी के लिए भटक रहे हैं।

पढ़ाई पूरी करने के बाद अच्छी नौकरी और अच्छी सैलरी हर किसी को चाहिए होती है। बेंगलुरु जैसे महंगे शहर में तो खर्च भी ज्यादा है। ऐसे में इस एक पोस्ट ने नौकरी, कमाई और काम के घंटों पर नई बहस छेड़ दी है। मार्केटिंग प्रोफेशनल कार्तिकेय उनियाल ने अपनी कुक की कमाई के बारे में बताया। उनके घर काम करने वाली कुक हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमाती हैं। दूसरी तरफ कंपनियां नए ग्रेजुएट्स को मार्केटिंग और सोशल मीडिया के काम के लिए 30 हजार या उससे भी कम सैलरी दे रही हैं। News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्ट सामने आते ही लोगों ने नौकरी, मेहनत और सही दाम को लेकर अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी।

दिनभर में 5-6 घरों में खाना बनाती हैं


कार्तिकेय ने पोस्ट में लिखा, जब उन्हें अपनी कुक की महीने की कमाई का पता चला तो वो हैरान रह गए। वो सुबह करीब 8 बजे काम शुरू करती हैं और दिनभर में 5 से 6 घरों में खाना बनाती हैं। दोपहर में 2 से 3 घंटे आराम और खाना खाने के लिए मिल जाता है। शाम की शिफ्ट खत्म करके रात 8 बजे तक घर लौट जाती हैं। उनियाल ने बताया, उनकी कुक को रविवार और त्योहारों पर छुट्टी मिलती है। कभी-कभार छुट्टी ले लें तो सैलरी भी नहीं कटती।

रात 8 बजे के बाद कोई फोन नहीं

कार्तिकेय को कुक की कमाई से ज्यादा उनके काम का तरीका अच्छा लगा। रात 8 बजे घर पहुंचने के बाद उन्हें कोई काम के लिए फोन नहीं करता। रविवार या छुट्टी वाले दिन भी अचानक कोई काम नहीं पकड़ा दिया जाता। इसके उल्टा कॉरपोरेट नौकरी में ऑफिस का टाइम खत्म होने के बाद भी फोन और मैसेज का जवाब देना पड़ता है। कभी मीटिंग, कभी अचानक आ गया काम, इसी में पर्सनल लाइफ खराब हो जाती है।

उनियाल के मुताबिक, उनकी कुक का काम टाइम पर खत्म हो जाता है और उसके बाद का वक्त उनका अपना होता है।

डिग्री के बाद भी 30 हजार वाली नौकरी

अपनी पोस्ट में उनियाल ने फ्रेशर्स की नौकरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया, LinkedIn पर कई नौकरियों में ग्रेजुएशन की डिग्री, मार्केटिंग की जानकारी और सोशल मीडिया का अनुभव मांगा जाता है। फिर भी शुरुआती सैलरी 30 हजार या उससे कम रखी जाती है। बेंगलुरु जैसे महंगे शहर में 30-40 हजार की सैलरी में रहना भी आसान नहीं है। किराया, खाना और आने-जाने का खर्च निकालने के बाद बचत करना मुश्किल हो जाता है। उनियाल का कहना है, सालों से युवाओं को यही बताया गया कि अच्छी डिग्री मिलेगी तो अच्छी नौकरी और पैसा मिलेगा। पर आज कई पढ़े-लिखे युवा अच्छी शुरुआत के लिए ही लड़ रहे हैं।

क्या डिग्री से ही अच्छी कमाई पक्की है?

इस पूरी बहस ने एक सवाल खड़ा कर दिया है, क्या आज अच्छी डिग्री होने से अच्छी सैलरी पक्की है? या फिर बाजार में हुनर, अनुभव और काम की डिमांड भी उतनी ही मायने रखती है? वैसे कुक की 40 हजार की कमाई और फ्रेशर की 30 हजार की सैलरी की तुलना हर किसी पर लागू नहीं होती। कुक का काम, छुट्टी और कमाई हर घर और हर शहर में अलग हो सकती है। वहीं कॉरपोरेट नौकरी में आगे बढ़ने और सैलरी बढ़ने के मौके भी होते हैं। इस पोस्ट ने ये तो दिखा ही दिया कि कमाई के साथ काम का टाइम, छुट्टी और अपनी जिंदगी के लिए मिलने वाला वक्त भी नौकरी की कीमत तय करता है।

नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट पर आधारित है। कुक की बताई गई कमाई और काम की शर्तों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।