अतिथि देवो भव: वंदे भारत कर्मियों ने विदेशी टूरिस्ट का कीमती बैग लौटाकर जीता दिल!

वाराणसी में वंदे भारत ट्रेन के सफाई कर्मचारियों ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। उन्हें एक बैग मिला, जिसमें 2.11 लाख रुपये, 1,000 डॉलर और विदेशी मुद्रा थी। कर्मचारियों ने बैग उसके मालिक सिंगापुर के पर्यटक को सुरक्षित लौटा दिया।

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 3:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वाराणसी में वंदे भारत के सफाई कर्मचारियों ने 2.11 लाख रुपये और विदेशी मुद्रा से भरा बैग सिंगापुर के यात्री को सुरक्षित लौटाया।

वाराणसी: ट्रेन में सफर के दौरान कई बार यात्री जल्दबाजी में अपना सामान भूल जाते हैं। ऐसा ही कुछ वाराणसी में सिंगापुर के एक पर्यटक के साथ हुआ। वह नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस से उतरते समय अपना बैग ट्रेन में ही छोड़ गया। बाद में ट्रेन की सफाई के दौरान कर्मचारियों को यह बैग मिला।

बैग में 2.11 लाख रुपये की भारतीय करेंसी के साथ अमेरिकी डॉलर और दूसरे देशों की मुद्रा भी थी। सफाई कर्मचारियों ने इसकी जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी। जांच के बाद बैग उसके मालिक को सुरक्षित लौटा दिया गया।

सफाई के दौरान मिला लावारिस बैग


यह घटना 20 नवंबर को ट्रेन नंबर 22416 में हुई। सिंगापुर के नागरिक लिम वेंग शांग वाराणसी जंक्शन पर उतर गए थे, लेकिन अपना काला बैग ट्रेन में ही भूल गए।

ट्रेन के मेंटेनेंस यार्ड पहुंचने के बाद नियमित जांच और सफाई की जा रही थी। इसी दौरान अटेंडेंट अनूप कुमार और सफाई कर्मचारी करण सिंह को बैग दिखाई दिया। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना RPF को दी।

बैग में मिली कई देशों की करेंसी

सूचना मिलने पर RPF के सब-इंस्पेक्टर चरण सिंह अपनी टीम के साथ मेंटेनेंस यार्ड पहुंचे। डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (आउटडोर) वकील सिंह की मौजूदगी में बैग की जांच की गई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बैग में ये चीजें मिलीं:

  • 2,11,000 रुपये भारतीय मुद्रा
  • 1,000 अमेरिकी डॉलर
  • 1,22,000 श्रीलंकाई रुपये
  • 66 सिंगापुर डॉलर

बैग ट्रेन में छूटने का एहसास होने पर सिंगापुर के पर्यटक लिम वेंग शांग अपने गाइड के साथ कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बैग खोने की जानकारी दी और उसमें रखे सामान के बारे में बताया। अधिकारियों ने उनकी पहचान और दी गई जानकारी की जांच की। पुष्टि होने के बाद बैग में रखी पूरी रकम और दूसरा सामान उन्हें सुरक्षित लौटा दिया गया।

पर्यटक ने रेलवे कर्मचारियों को कहा शुक्रिया

वाराणसी स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि पर्यटक को उसका सामान सुरक्षित लौटा दिया गया है। बैग वापस मिलने पर लिम वेंग शांग ने रेलवे और कर्मचारियों की ईमानदारी और तेजी से की गई कार्रवाई की तारीफ की।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।