बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में स्थित एक मंदिर इन दिनों अपनी अनोखी वजह से चर्चा में है। जहां आमतौर पर लोग भगवान से सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं, वहीं इस मंदिर में पहुंचने वाले कई IT प्रोफेशनल्स अपने करियर की सफलता, बेहतर नौकरी और प्रमोशन की उम्मीद लेकर आ रहे हैं। श्री प्रसन्ना गणपति मंदिर को सोशल मीडिया पर अब ‘टेकी गणेशा’ के नाम से भी जाना जाने लगा है। हाल के महीनों में मंदिर में आने वाले युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है, खासकर टेक सेक्टर से जुड़े लोगों की।
सोशल मीडिया पर इस मंदिर की लोकप्रियता बढ़ने के बाद यहां भीड़ बढ़ गई है। कुछ लोग इसे आस्था और विश्वास का प्रतीक मान रहे हैं, तो वहीं कई पुराने निवासी मंदिर की बदलती पहचान और पहले जैसी शांति खत्म होने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया ने बदल दी मंदिर की पहचान?
मंदिर को लेकर बहस तब शुरू हुई जब बेंगलुरु के एक निवासी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में उन्होंने मंदिर के नए नाम ‘टेकी गणेशा’ को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि सोशल मीडिया ने एक शांत स्थानीय मंदिर को भीड़भाड़ वाली जगह में बदल दिया है।
उनका कहना था कि कोरमंगला के स्थानीय लोग इस मंदिर में कई दशकों से आते रहे हैं। पहले यहां शांति और आध्यात्मिक माहौल होता था, लेकिन अब ऑनलाइन लोकप्रियता के कारण लंबी कतारें और बढ़ती भीड़ नजर आने लगी है।
पुराने भक्त बोले- मंदिर की असली पहचान बदल रही है
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर बेंगलुरु के IT हब बनने से भी पहले से मौजूद है। उनके मुताबिक, मंदिर की पहचान सिर्फ टेक्नोलॉजी से जुड़े लोगों की इच्छाओं से नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा से जुड़ी हुई है।
वायरल वीडियो में दावा किया गया कि सोशल मीडिया ट्रेंड ने मंदिर के शांत माहौल को प्रभावित किया है और अब लोग इसे एक ‘करियर सफलता पाने वाली जगह’ के रूप में देखने लगे हैं।
क्या आस्था पर सवाल या बदलते समय की तस्वीर?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने माना कि ऑनलाइन प्रसिद्धि के कारण मंदिर का पुराना शांत माहौल बदल गया है।
वहीं, कुछ लोगों ने मंदिर में बढ़ती भीड़ का समर्थन किया। उनका कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को आस्था से उम्मीद और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, तो उसे पूजा करने का पूरा अधिकार है।
टेक सिटी में आस्था का नया ट्रेंड?
बेंगलुरु जैसे शहर में जहां लाखों युवा नौकरी, करियर ग्रोथ और सफलता की तलाश में आते हैं, वहां ‘टेकie गणेशा’ मंदिर की लोकप्रियता एक नए सामाजिक ट्रेंड को दिखाती है।
एक तरफ युवा अपने करियर सपनों के लिए भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुराने भक्त मंदिर की पुरानी शांति और पहचान बचाए रखने की चिंता जता रहे हैं।