बेंगलुरु में घर में घुस महिला को प्राइवेट पार्ट दिखाने वाला डिलीवरी एजेंट अरेस्ट, क्या है पूरा मामला?

बेंगलुरु की एक महिला की सोशल मीडिया पोस्ट ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है। महिला का आरोप है कि एक डिलीवरी एजेंट ने उसकी मना करने के बावजूद घर में प्रवेश किया और आपत्तिजनक हरकत की। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामला ऑनलाइन चर्चा में है

अपडेटेड Jul 12, 2026 पर 3:25 PM
महिला की पोस्ट और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से फैल गया।

बेंगलुरु से सामने आई एक घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और निजी सीमाओं (पर्सनल बाउंड्री) को लेकर नई बहस छेड़ दी है। एक महिला ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए दावा किया कि एक साधारण डिलीवरी कुछ ही मिनटों में डरावने अनुभव में बदल गई। महिला के मुताबिक, उन्होंने अपनी सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए साफ इनकार किया था, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। इसके बाद जो हुआ, उसने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद महिला ने अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया।

लोगों ने इस पर नाराजगी जताते हुए महिलाओं की सुरक्षा, डिलीवरी स्टाफ के व्यवहार और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए। मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

'वॉशरूम चाहिए' से शुरू हुई पूरी घटना


महिला के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट पार्सल देने के बाद उनके घर का वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने लगा। उन्होंने साफ शब्दों में मना कर दिया और कहा कि वह किसी अजनबी को अपने घर के अंदर आने की इजाजत नहीं देतीं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जरूरत होने पर वह पास में रहने वाले पुरुष पड़ोसियों से मदद मांग सकता है।

मनाही के बावजूद फ्लैट में घुसने का आरोप

महिला का आरोप है कि बार-बार इनकार करने के बावजूद डिलीवरी एजेंट ने उनकी बात नहीं मानी। उसने अपने जूते-चप्पल उतारे और बिना अनुमति फ्लैट के अंदर चला गया। इसके बाद उसने वॉशरूम का इस्तेमाल किया।

'बाहर आते ही की अशोभनीय हरकत'

महिला ने दावा किया कि वॉशरूम से बाहर निकलने के बाद आरोपी ने उनके सामने अपने निजी अंग उजागर कर दिए। इस घटना से वह बुरी तरह घबरा गईं और खुद को अपमानित व असुरक्षित महसूस करने लगीं। उनका कहना है कि किसी महिला के 'नहीं' कहने के बाद बात वहीं खत्म हो जानी चाहिए थी।

डर के बीच अपनाई यह तरकीब

महिला ने बताया कि पूरी घटना के दौरान उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताती रही। इसलिए उन्होंने अपने मोबाइल का कैमरा चालू रखा, घर का मुख्य दरवाजा खुला छोड़ा और दरवाजे के पास ही खड़ी रहीं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत बाहर निकलकर मदद मांग सकें।

वीडियो वायरल, पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

महिला की पोस्ट और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से फैल गया। इसके बाद मराठाहल्ली पुलिस ने उनसे संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की और आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामथ को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने महिला की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं कुछ लोगों ने डिलीवरी स्टाफ के सत्यापन और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बेहतर इंतजाम करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

तिनसुकिया में 'हॉल ऑफ शेम' ने मचाई खलबली, LED में दिखाया जा रहा सड़कों पर यूरिन करने और कचरा फैलाने वालों का चेहरा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।