Bhopal Gym News: भोपाल में 'जिम जिहाद' पर बवाल! बजरंग दल ने की मुस्लिम ट्रेनर्स को निकालने की मांग, BJP का मिला समर्थन

Bhopal Gym Controversy News: हिंदू संगठन बजरंग दल ने आरोप लगाया है कि भोपाल में जिम 'लव जिहाद' का अड्डा बना हुआ है। हिंदू लड़कियों-महिलाओं को मुस्लिम युवक नाम बदलकर ट्रेनिंग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि नाम बदलकर क्यों ट्रेनिंग दिया जा रहा है। साथ ही लड़कियों के लिए महिला स्टाफ क्यों नहीं रखा गया है? हमारी प्रशासन से मांग है कि सख्त कार्रवाई की जाए

अपडेटेड Jun 02, 2025 पर 3:34 PM
Story continues below Advertisement
Bhopal Gym Controversy News: बजरंग दल की मांग है कि 90 फीसदी हिंदू महिलाओं के लिए ट्रेनर भी हिंदू ही होना चाहिए

Bhopal Gym Controversy News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रहे जिम में कथित 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने के आरोपों के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है। कई जिम में पुरुष ट्रेनर्स की ओर से लड़कियों को ट्रेनिंग दिए जाने को लेकर विवाद पैदा हो गया है। हिंदू संगठनों ने कथित 'जिम जिहाद' के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। सोमवार (2 मई) को हिंदू संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ता भोपाल के उस जिम में पहुंचे जहां हिंदू लड़कियों को मुस्लिम ट्रेनर ट्रेनिंग दे रहे थे। बजरंग दल का दावा है कि भोपाल में जिम 'लव जिहाद' का अड्डा बन गया है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद आलोक शर्मा ने भी कथित 'लव जिहाद' का मुद्दा उठाया है।

बजरंग दल से जुड़े कमल पिपरिया ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "भोपाल में जिम 'लव जिहाद' का अड्डा बना हुआ है। हिंदू लड़कियों-महिलाओं को मुस्लिम युवक नाम बदलकर ट्रेनिंग दे रहे हैं। सवाल यह है कि नाम बदलकर क्यों ट्रेनिंग दिया जा रहा है। साथ ही लड़कियों के लिए महिला स्टाफ क्यों नहीं रखा गया है? हमारी प्रशासन से मांग है कि सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यहां पर 90 फीसदी हिंदू महिलाओं के लिए ट्रेनर भी हिंदू ही होना चाहिए।"

'दैनिक भास्कर' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल में एक जिम में पुलिस टीम के साथ पहुंचे सब-इंस्पेक्टर (SI) ने कथित तौर पर कर्मचारियों से कहा कि यहां न कोई मुस्लिम ट्रेनिंग देने आएगा और न ही लेने। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें सब-इंस्पेक्टर दिनेश शर्मा को एक जिम संचालक को निर्देश देते देखा गया था।


ABP न्यूज के मुताबिक, इस मामले में सब-इंस्पेक्टर शर्मा पर बड़ी कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच शुरू कर दी है। बजरंग दल से जुड़े प्रशांत सिंह पटेल ने कहा कि जो 90 फीसदी हिंदू लड़कियां जिम में आती हैं उन्हें ट्रेनिंग देने के लिए कोई भी महिला ट्रेनर नहीं है। संचालक से मांग है कि वह महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की नियुक्ति करें।

बीजेपी नेताओं का मिला समर्थन

भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि हम सभी का एक ही मत है कि भोपाल में लव जिहाद करने वाले पकड़े जा रहे हैं। उन पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए। प्रशासन को इस बात की गुत्थी सुलझानी चाहिए कि कौन इन्हें पनाह दे रहा है। इसके साथ ही साथ उन्होंने हिंदू समाज से अपील की है कि वह इस बात पर ध्यान दें कि घर के बेटी किस जिम में जा रही हैं और कौन उन्हें ट्रेनिंग दे रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अभी भी इस पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो हो सकता है कि 'लव जिहाद' की कड़ी में अगला नंबर आपका हो।

ये भी पढ़ें- Sikkim Rain-Landslides: सिक्किम में भारी बारिश का कहर! सेना के कैंप पर भूस्खलन से 3 की मौत, 6 सुरक्षाकर्मी लापता, 100 पर्यटकों को बचाया गया

इसके अलावा बीजेपी सांसद अलोक शर्मा ने भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में लव जिहाद की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर कोई ऐसा करता है तो कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भोपाल में कई जिम है जिसकी लिस्ट तैयार की जा रही है। इन जिम में ट्रेनर मुस्लिम समुदाय के हैं। प्रशासन को जिम संचालक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। बजरंग दल के सदस्यों ने एक जिम में मुस्लिम ट्रेनरों की मौजूदगी की शिकायत की थी। इसके बाद बीजेपी सांसद का यह बयान आया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।