मध्य प्रदेश की अजनार नदी को कचरे से निकालकर सुर्खियों में आए 21 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘बिट्टू तबाही’ के नाम से जाना जाता है, अब अपने अभियान को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। एक नदी की सफाई से शुरू हुआ उनका मिशन अब सिर्फ मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। बिट्टू ने देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सफाई अभियान चलाने का ऐलान किया है।
‘अब सिर्फ अपने घर की नहीं, पूरे देश की सफाई करनी है’
बिट्टू तबाही ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने अगले कदम की जानकारी दी। उन्होंने देशभर के लोगों से पूछा कि वह सबसे पहले किस राज्य में सफाई अभियान शुरू करें। वीडियो में उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने उनके अपने इलाके की सफाई के प्रयासों में साथ दिया, उसी समर्थन के साथ अब वह इस मुहिम को दूसरे राज्यों तक ले जाना चाहते हैं। उनका मकसद साफ है सफाई को सिर्फ सोशल मीडिया की चर्चा नहीं, बल्कि देशभर में लोगों की भागीदारी वाला अभियान बनाना।
अजनार नदी से शुरू हुई कहानी ने इंटरनेट पर मचाई हलचल
बिट्टू तबाही उस वक्त चर्चा में आए, जब उन्होंने मध्य प्रदेश की कचरे से भरी अजनार नदी की सफाई का बीड़ा उठाया। कचरे और गंदगी के बीच सफाई करते उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। देखते ही देखते उनका काम बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच गया और देशभर से उन्हें समर्थन मिलने लगा। 21 साल की उम्र में बिना किसी बड़े संगठन के सहारे इस तरह की मुहिम शुरू करना ही उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है।
अब राज्यों के नाम सुझाएगी जनता
अपने नए वीडियो में बिट्टू ने लोगों से कहा है कि वे कमेंट करके बताएं कि उन्हें सबसे पहले किस राज्य में जाना चाहिए। उनका कहना है कि वह अलग-अलग राज्यों में जाकर सफाई करेंगे, ताकि स्वच्छता का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। यानी अब अगली मंजिल का फैसला सिर्फ बिट्टू नहीं, बल्कि उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स भी करेंगे।
विदेश से आया बड़ा ऑफर, ‘The Ocean Cleanup’ ने दिया नौकरी का न्योता
बिट्टू की मुहिम की चर्चा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। उनकी नदी सफाई की कोशिशों ने नीदरलैंड स्थित पर्यावरण संगठन The Ocean Cleanup का भी ध्यान खींचा। संगठन के संस्थापक और CEO Boyan Slat ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिट्टू के काम की तारीफ करते हुए उन्हें अपने साथ काम करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने सीधे लिखा,“Come work for us.”यह ऑफर सामने आने के बाद बिट्टू ने The Ocean Cleanup के साथ अपनी वीडियो कॉल की झलक भी इंस्टाग्राम पर शेयर की।
वीडियो कॉल की तस्वीरें भी कीं शेयर
बिट्टू ने The Ocean Cleanup के साथ हुई बातचीत का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। उन्होंने इसे संगठन के साथ हुई मीटिंग बताया। इस पोस्ट के बाद उनके फॉलोअर्स में भी उत्सुकता बढ़ गई। कई लोगों ने उन्हें Boyan Slat के ऑफर को स्वीकार करने की सलाह दी।
लोगों ने कहा- ‘ये सिर्फ भारत की बात नहीं, दुनिया की सोचो’
बिट्टू के पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी। किसी ने उन्हें असली हीरो बताया, तो किसी ने उनके काम को लोगों को प्रेरित करने वाला कदम कहा। एक यूजर ने उन्हें सलाह दी कि वह सिर्फ भारत तक सीमित न रहें, बल्कि दुनिया के बारे में सोचें। एक अन्य यूजर ने लिखा कि वह बिना किसी ‘केप’ के असली हीरो हैं।
एक नदी से शुरू हुआ सफर, अब देश की ओर नजर
बिट्टू तबाही की कहानी इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने किसी बड़े मंच या संसाधनों के इंतजार के बजाय खुद पहल की। अजनार नदी की सफाई से शुरू हुई उनकी कोशिश सोशल मीडिया के जरिए हजारों लोगों तक पहुंची और अब वह इसे देशव्यापी अभियान में बदलना चाहते हैं।