Blood Moon: सितंबर के महीने में आसमान में एक अनोखा कुदरती नजारा देखने को मिलने वाला है। ये दुर्लभ संयोग 7 सितंबर को देखने को मिलेगा। 7 सितंबर को साल का दूसरा चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान चंद्रमा लाल रंग का चमकता गोला बन जाएगा, जिसे ब्लड मून कहा जाता है। इस ब्लड मून को इस साल की सबसे बड़ी खगोलीय घटना माना जा रहा है। यह ग्रहण लगभग 82 मिनट तक चलेगा और इसे हाल के वर्षों के सबसे लंबे और व्यापक रूप से देखे जाने वाले चंद्र ग्रहणों में से एक माना जा रहा है। वहीं ये चंद्र ग्रहण केवल कुछ ही जगहों पर दिखाई देगा, आइए जानते हैं उन जगहों के बारे में। भारत में कब और कहां पर इसे देख सकते हैं।
पूर्ण चंद्रग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी गहरी छाया, जिसे अम्ब्रा कहते हैं, चंद्रमा पर पड़ती है। इस दौरान चंद्रमा पूरी तरह अंधेरा नहीं होता, बल्कि गहरे लाल और तांबे रंग में चमकता है। यह सुंदर और अद्भुत दृश्य इसलिए बनता है क्योंकि पृथ्वी का एटमॉस्फेयर सूर्य के प्रकाश को मोड़ देता है, जिससे नीले और बैंगनी रंग के छोटे वेब लेंथ फिल्टर हो जाते हैं और सिर्फ लाल और नारंगी रंग ही चंद्रमा तक पहुंचते हैं।
ग्रहण के दौरान चंद्रमा का लाल दिखाई देना रेले प्रकीर्णन नामक प्रक्रिया से समझा जा सकता है। जब सूर्य का प्रकाश पृथ्वी के वायुमंडल से गुजरता है, तो कण छोटे तरंगदैर्ध्य (वेब लेंथ) वाले रंगों को चारों ओर फैला देते हैं। इस प्रक्रिया में लाल और नारंगी रंग पृथ्वी के चारों ओर घूमकर चंद्रमा तक पहुंचते हैं, जिससे चंद्रमा को लालिमा भरा दिखाई देता है और यह ब्लड मून जैसा प्रभाव पैदा करता है।
कितने बजे दिखेगा ब्लड मून
बीबीसी नाइट स्काई मैगजीन के अनुसार, सितंबर 2025 का पूर्ण चंद्रग्रहण कई घंटों तक देखा जा सकेगा, जिससे ग्रहण क्षेत्र में रहने वाले लोग इसे आसानी से देख सकेंगे। ग्रहण की शुरुआत 7 सितंबर को रात 8:58 बजे IST होगी, पूर्ण चरण यानी ब्लड मून का चरम 11:00 बजे से रात 12:22 बजे तक रहेगा और ग्रहण 8 सितंबर की रात 1:25 बजे समाप्त होगा। इस एक घंटे से अधिक समय तक चलने वाले पूर्ण चरण में चंद्रमा अपने सबसे गहरे लाल रंग में नजर आएगा।
भारत के इन शहरों में दिखेगा
7 सितंबर, 2025 का पूर्ण चंद्रग्रहण एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और यूरोप में दिखाई देगा। भारत के कई प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, हैदराबाद और चंडीगढ़ में दिखेगा। बस इसके लिए मौसम का साफ होना बहुत जरुरी है।