आज के समय में लोग खुद को फिट रखने के लिए कई तरह से डाइट और रूटीन फॉलो करते हैं। वहीं हाल ही में ब्रायन जॉनसन की अनोखी लाइफस्टाइल और अनोखी आदतों की वजह से एक बार फिर चर्चा में हैं। ब्रायन जॉनसन ने हाल ही में अपनी रूटीन के कुछ ऐसे नियम शेयर किए हैं, जिन्हें सुन कई लोगों को हैरानी हो सकती है। जॉनसन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया कि वह अपना डिनर सुबह 11 बजे तक कर लेते हैं। इसके साथ उन्होंने बहस करने के लिए भी टाइम फिक्स कर रखा है। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट काफी वायरल हो रहा वहीं लोग इस पर कई तरह से रिएक्शन दे रहे हैं।
गर्लफ्रेंड के साथ एक बिस्तर पर नहीं सोते
जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर एक सूची शेयर किया जिसका टाइटल था, “मेरे ऐसे नियम, जो ज्यादातर लोगों को अजीब लगते हैं।” इसमें उन्होंने अपनी कुछ खास आदतों के बारे में बताया। उनका एक नियम है कि,'वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक ही बिस्तर पर नहीं सोते।' जॉनसन के मुताबिक, दोनों अलग-अलग बिस्तर पर और यहां तक कि अलग-अलग घरों में सोते हैं। जॉनसन के अनुसार, हर व्यक्ति की नींद की जरूरत अलग होती है। कुछ लोगों को पार्टनर के साथ सोने पर अच्छी नींद आती है, जबकि कुछ लोग अकेले सोने पर बेहतर आराम कर पाते हैं।
सुबह 11 बजे करते हैं डिनर
जॉनसन की एक और हैरान करने वाली आदत उनका बहुत जल्दी डिनर करना है। उन्होंने बताया कि, वह सुबह 11 बजे ही डिनर कर लेते हैं। जॉनसन के मुताबिक, वह दिनभर का पूरा खाना सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच ही खा लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस रूटीन को अपनाने से पहले उन्होंने इसे कई बार आजमाया और उनके अनुभव के अनुसार इससे उन्हें बेहतर नींद लेने में मदद मिलती है। जॉनसन ने अपनी एक और आदत के बारे में बताया कि वह हर दिन छाते का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक, धूप शरीर के लिए फायदेमंद है, लेकिन ज्यादा धूप से त्वचा की उम्र बढ़ने और कैंसर का खतरा भी हो सकता है। इसलिए जब UV इंडेक्स 3 से कम होता है, तभी वह सीधे धूप में निकलते हैं।
जॉनसन का शायद सबसे अजीब नियम ये है कि वह बहस करने का समय भी तय करते हैं। उन्होंने बताया कि, 'मैं अपनी बहस का समय तय करता हूं। मैं शाम 5 बजे के बाद किसी भी तरह की बहस या लड़ाई नहीं करता।' वह अपनी गर्लफ्रेंड या फिर किसी से भी बहस नहीं करते हैं। उनके मुताबिक, बहस करने से दिल की धड़कन तेज हो सकती है, नींद पर असर पड़ सकता है और इंसान ज्यादा चिड़चिड़ा महसूस कर सकता है। जॉनसन ने लंबी उम्र जीने की अपनी चाहत को लेकर होने वाली आलोचना पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि, लोग अक्सर उनसे कहते हैं कि उन्हें जिंदगी को थोड़ा सहज तरीके से जीना चाहिए, लेकिन वे उनकी सोच को सही तरह से नहीं समझते।
जॉनसन का कहना कि वह खुशी के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि दिखावे और बनावटी चीजों से बचना चाहते हैं। वह थोड़े समय के लिए मिलने वाली खुशी के बजाय जिंदगी को पूरी तरह और बेहतर तरीके से जीने पर ध्यान देते हैं। जॉनसन की इन आदतों को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने उनके नियमों का मजाक उड़ाया, तो कुछ ने इन्हें लेकर दिलचस्पी दिखाई और तारीफ भी की।
एक यूजर ने मजाक में लिखा, "वह कभी-कभी शाम 4:59 बजे भी बहस कर लेता है, ताकि थोड़ी और बात करने का समय मिल सके।" वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि, "वह रात 1 बजे यह पोस्ट पढ़ रहा है और एक स्टॉल पर अपने डबल अंडा बर्गर का इंतजार कर रहा है।" एक यूजर ने कहा कि, "बहस के लिए समय तय करना उन्हें अपनी जिंदगी पर बेहतर कंट्रोल रखने जैसा लगता है।" कुछ लोगों ने जॉनसन के खाने और सोने के समय पर सवाल भी उठाए। एक यूज़र ने पूछा कि अगर वह सुबह 11 बजे डिनर करते हैं, तो यह सोने से चार घंटे पहले खाना खाने वाली उनकी बात से कैसे मेल खाता है।
वहीं कुछ लोगों ने यह भी बताया कि, जॉनसन की बताई आदतों से उन्हें फायदा हुआ है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा कि जॉनसन को फॉलो करने के बाद उसने दो साल से नशा नहीं किया, रात में 7-8 घंटे की नींद ले रहा है और ADHD की सभी दवाएं लेना भी बंद कर दिया है। यूजर ने कहा कि अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहा है और इसके लिए उसने जॉनसन को धन्यवाद भी दिया।