FIFA World Cup 2026: झंडा चुनते ही बता देती है मैच का नतीजा! इंटरनेट सेंसेशन बनी ये बिल्ली

नॉर्दर्न आयरलैंड की एक साल की बिल्ली अब तक फुटबॉल विश्व कप के 19 ऐसे मैचों के विजेताओं का सही अनुमान लगा चुकी है। हर मैच से पहले बिल्ली की मालिकन उसके सामने मुकाबला खेलने वाली दोनों टीमों के झंडे रखती हैं। इसके बाद बिल्ली अपने पंजे से किसी एक झंडे को चुनती है, जिसे उसकी भविष्यवाणी माना जाता है

अपडेटेड Jun 24, 2026 पर 8:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ब्रिटिश शॉर्टहेयर बिल्ली अब तक फुटबॉल विश्व कप के 19 ऐसे मैचों के विजेताओं का सही अनुमान लगा चुकी है,

इन दिनों हर किसी पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खुमार चढ़ा है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक से एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर नॉर्दर्न आयरलैंड की एक बिल्ली काफी वायरल हो रही है। नॉर्दर्न आयरलैंड की एक प्यारी ब्रिटिश शॉर्टहेयर बिल्ली इन दिनों फुटबॉल प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ये बिल्ली अपने पंजों की मदद से मैचों के नतीजों का अनुमान लगाती है और अब तक कई भविष्यवाणियां सही साबित होने के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है। उसकी लगातार सटीक भविष्यवाणियों ने खेल प्रेमियों को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर लोग उसे "भविष्यवक्ता बिल्ली" कहकर बुला रहे हैं। दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर इसकी भविष्यवाणियों ने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। आइए जानते हैं इस बिल्ली के बारे में

बिल्ली कर रही भविष्यवाणी

नॉर्दर्न आयरलैंड की एक साल की ब्रिटिश शॉर्टहेयर बिल्ली अब तक फुटबॉल विश्व कप के 19 ऐसे मैचों के विजेताओं का सही अनुमान लगा चुकी है, जिनका नतीजा ड्रॉ नहीं रहा। हर मैच से पहले बिल्ली की मालिक लिंका लिन उसके सामने मुकाबला खेलने वाली दोनों टीमों के झंडे रखती हैं। इसके बाद बिल्ली अपने पंजे से किसी एक झंडे को चुनती है, जिसे उसकी भविष्यवाणी माना जाता है। हैरानी की बात ये है कि अब तक उसके चुने हुए ज्यादातर नतीजे सही साबित हुए हैं। हाल ही में उसने अर्जेंटीना की ऑस्ट्रिया पर जीत का भी सही अनुमान लगाया था, जिसके बाद फुटबॉल प्रशंसकों के बीच उसकी लोकप्रियता और बढ़ गई है।


काफी पॉपुलर है बिली

बिली की कहानी भी उसकी भविष्यवाणियों जितनी ही दिलचस्प है। उसे केवल तीन महीने की उम्र में यूएसपीसीए से गोद लिया गया था। उसकी नाक पर बने दिल जैसे निशान की वजह से उसके मालिकों ने उसे प्यार से "बिली हार्टनोज" नाम दिया। शुरुआत में उसका सोशल मीडिया अकाउंट सिर्फ एक प्यारे पालतू जानवर की तस्वीरें शेयर करने के लिए बनाया गया था, लेकिन समय के साथ आज वह दुनियाभर के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है।

लिंका के मुताबिक, बिली हमेशा से बहुत ज्यादा एक्सप्रेसिव और इंटेलिजेंट रहा है। न्यूयॉर्क पोस्ट को उसने बताया, “हम जानते हैं कि बिली बहुत, बहुत स्मार्ट है,” यह बताते हुए कि कैसे उसकी अजीब पर्सनैलिटी ने वीडियो को इंस्पायर किया।

कब की पहली भविष्यवाणी

फुटबॉल मैचों के नतीजों का अनुमान लगाने से पहले बिली सोशल मीडिया पर मजेदार वीडियो के लिए जाना जाता था। इन वीडियो में वह खाने-पीने की चीजों और दूसरी पसंदों में से किसी एक ऑप्शन को चुनता नजर आता था। फीफा विश्व कप शुरू होने के दौरान लिंका एक कार्यक्रम से टीमों के छोटे-छोटे झंडे घर लेकर आईं और उन्होंने मजाक-मजाक में बिली से एक झंडा चुनवाया। इसके बाद उसकी भविष्यवाणियां सही निकलने लगीं और देखते ही देखते उसके वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गए। बिली की बढ़ती लोकप्रियता ने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर है बिली

सोशल मीडिया पर मशहूर होने के बाद भी बिली की जिंदगी में ज्यादा बदलाव नहीं आया है। उसकी मालिक लिंका का कहना है कि उनके लिए वह आज भी पहले जैसा ही प्यारा पालतू है। उन्होंने बताया कि इंटरनेट पर लाखों लोगों का ध्यान मिलने के बावजूद बिली बिल्कुल सामान्य रहता है। चाहे वह फुटबॉल मैचों के नतीजों का अनुमान लगा रहा हो या फिर अपने पसंदीदा खाने की मांग कर रहा हो, उसकी मासूम हरकतें लोगों का दिल जीत रही हैं और वह लगातार सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।