Viral Video: CJP का प्रदर्शन बना कमाई का मौका! किसी ने बेचे टी-शर्ट तो किसी ने मास्क, वीडियो वायरल

Viral Video: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन में नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर था, लेकिन वहां की कुछ दूसरी चीजें सोशल मीडिया पर ज्यादा चर्चा में आ गईं। कई वायरल वीडियो में लोग प्रदर्शन स्थल के पास टी-शर्ट, झंडे और मास्क बेचते नजर आए

अपडेटेड Jun 06, 2026 पर 7:51 PM
इस विरोध प्रदर्शन में छात्र, अभिभावक और कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए

सोशल मीडिया पर इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की काफी चर्चा हो रही है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला ऑफलाइन प्रदर्शन आयोजित किया, जो की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ हुए इस विरोध प्रदर्शन में छात्र, अभिभावक और कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ये आयोजन अलग वजहों से भी सुर्खियों में आ गया। इस प्रदर्शन में टी-शर्ट और मास्क बेचने वाले लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रदर्शन में लोगों ने किया बिजनेस

सीजेपी के इस प्रदर्शन का मकसद नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाना था, लेकिन वहां की कुछ दूसरी बातें सोशल मीडिया पर ज्यादा चर्चा में आ गईं। वायरल वीडियो में कुछ लोग प्रदर्शन स्थल के पास टी-शर्ट, झंडे और मास्क बेचते दिखाई दिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर जमकर चर्चा शुरू कर दी। कई यूजर्स का ध्यान प्रदर्शन की मांगों से हटकर इन बिक्री गतिविधियों पर चला गया। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे मौके का फायदा उठाकर किया जा रहा कारोबार बताया।


250 में बेच रहा एक टीशर्ट

mo.of.everything द्वारा शेयर किए गए एक इंस्टाग्राम वीडियो में एक व्यक्ति प्रदर्शन स्थल पर टी-शर्ट बेचते हुए दिखाई दिया। वीडियो के साथ किए गए दावे के अनुसार, वह शुरुआत में प्रदर्शन का हिस्सा नहीं था, लेकिन बाद में वहां पहुंचकर भीड़ के बीच शामिल हो गया। इसके कुछ ही समय बाद वह मौके पर 250 रुपये प्रति टी-शर्ट के हिसाब से बिक्री करता नजर आया।

वायरल हुआ पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल एक अन्य वीडियो में एक युवक कॉकरोच थीम वाले मास्क बेचता नजर आया। वीडियो में उसने बताया कि, एक मास्क तैयार करने में करीब 15 रुपये का खर्च आता है, जबकि वह इसे 30 रुपये में बेच रहा है। युवक ने ये भी कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने आया था और इसके लिए उन्होंने अपनी नौकरी से एक दिन की छुट्टी ली थी। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर अलग-अलग तरह की रिएक्शन देना शुरू कर दिया।

 

यूजर्स ने दिया रिएक्शन

वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह की रिएक्शन दीं। एक यूजर ने लिखा, "50 प्रतिशत मुनाफा और 100 प्रतिशत मार्कअप, फिर भी वह इसे न्यूनतम लागत बता रहा है। कमाल है, असली कमाई तो इसी ने की है।" वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, "यह तो कैपिटलिज्म का चरम उदाहरण है।" एक अन्य ने लिखा, "कम से कम ये लोग उद्यमिता तो दिखा रहे हैं।" एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "बॉस, इसका तो पूरा बिजनेस माइंडसेट है।"

कितने बिके टी-शर्ट

वहीं दूसरी ओर प्रदर्शन के दौरान सामान बेचने की हर कोशिश सफल नहीं रही। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने दावा किया कि किसी व्यक्ति ने बड़ी भीड़ आने की उम्मीद में करीब 2,000 ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ वाली टी-शर्ट छपवाई थीं। बताया गया कि उसे उम्मीद थी कि कार्यक्रम में 10,000 से 20,000 लोग शामिल होंगे, लेकिन वास्तविक बिक्री बेहद कम रही। दावे के अनुसार, वह केवल लगभग 21 टी-शर्ट ही बेच सका, जिसके बाद यह मामला भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी काफी सख्त रखी गई थी। किसी तरह की अप्रिय घटना या दो समूहों के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने एहतियातन छह लोगों को हिरासत में लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।