ये कपल जॉब छोड़ कंटेंट क्रिएशन से इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कर रहा 1 करोड़ की कमाई! इनका पूरा बिजनेस मॉडल जानिए

Viral Video: मुस्कान और आशीष ने अपनी वीडियो सीरीज "कंटेंट मंडे" में खुलासा किया कि फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बनने के बाद उनकी कमाई तीन साल में बढ़कर सालाना ₹1 करोड़ से अधिक हो गई। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Jul 28, 2026 पर 4:50 PM
कंटेंट क्रिएटर बनने से पहले मुस्कान और आशीष दोनों टेक सेक्टर में नौकरी करते थे

सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर मुस्कान और आशीष का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों ने बताया कि नौकरी छोड़कर फुल-टाइम कंटेंट क्रिएटर बनने का फैसला उनके लिए कितना सफल रहा। उन्होंने अपनी कमाई का साल-दर-साल हिसाब शेयर करते हुए कहा कि, पहले ब्रांड प्रमोशन से शुरुआत करने के बाद उनकी आय लगातार बढ़ती गई और केवल तीन साल में उनकी सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। मुस्कान और आशीष ने ये जानकारी अपनी नई वीडियो सीरीज "कंटेंट मंडे" के जरिए शेयर की। उन्होंने बताया कि इस सीरीज का मकसद कंटेंट क्रिएशन से जुड़ी बातों पर खुलकर चर्चा करना है।

कब मिला पहला पेड ब्रांड प्रमोशन

कंटेंट क्रिएटर बनने से पहले मुस्कान और आशीष दोनों टेक सेक्टर में नौकरी करते थे। मुस्कान डेटा एनालिस्ट के पद पर थीं और उनकी सालाना इन-हैंड सैलरी ₹12 लाख थी। वहीं, आशीष सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में काम करते थे और उन्हें हर साल करीब ₹23 लाख इन-हैंड सैलरी मिलती थी। मुस्कान और आशीष ने बताया कि, उन्होंने मई 2023 में नौकरी के साथ-साथ कंटेंट बनाना शुरू किया था। करीब पांच महीने बाद, अक्टूबर 2023 में उन्हें पहला पेड ब्रांड प्रमोशन मिला, जिससे ₹15,000 की कमाई हुई। शुरुआत में कंटेंट क्रिएशन सिर्फ अतिरिक्त आय का जरिया था, लेकिन पहले ही साल उन्होंने इससे कुल ₹6.5 लाख की कमाई कर ली।


करीब ₹1.1 करोड़ पहुंच गई कमाई

दूसरे साल मुस्कान और आशीष की कमाई में बड़ा इजाफा हुआ। एक टैलेंट एजेंसी से जुड़ने के बाद उन्हें ज्यादा ब्रांड डील मिलने लगीं। इसके साथ ही उन्होंने एफिलिएट मार्केटिंग और ग्रुप ट्रिप आयोजित करने से भी कमाई शुरू की। इन सभी स्रोतों की मदद से उनकी सालभर की कुल आय बढ़कर करीब ₹45.3 लाख पहुंच गई। तीसरे साल मुस्कान और आशीष की कमाई में सबसे बड़ा उछाल देखने को मिला। उन्होंने टैलेंट एजेंसी से अलग होकर अपना काम खुद संभालना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने YouTube और Facebook से कमाई बढ़ाई, अपना पहला डिजिटल प्रोडक्ट लॉन्च किया, एफिलिएट मार्केटिंग जारी रखी और एक नई ग्रुप ट्रिप भी आयोजित की। इन सभी स्रोतों से उनकी सालभर की कुल कमाई बढ़कर करीब ₹1.1 करोड़ पहुंच गई।

 

मुस्कान और आशीष ने बताया कि इस साल भी उनकी कमाई की रफ्तार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर साल के शुरुआती तीन महीने कंटेंट क्रिएटर्स के लिए धीमे रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पहली तिमाही में ही करीब ₹21 लाख की कमाई कर ली। साथ ही, दोनों ने ये भी स्पष्ट किया कि यह उनकी कुल (ग्रॉस) आय है, जिसमें प्रोडक्शन, यात्रा, टैक्स, उपकरण और अन्य बिजनेस खर्च शामिल नहीं हैं।

शेयर किया अपना एक्सपीरिएंस

वीडियो के अंत में मुस्कान और आशीष ने दूसरे कंटेंट क्रिएटर्स और टैलेंट एजेंसियों के साथ काम करने वाले लोगों से भी अपने अनुभव साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा, "सच कहूं तो इस विषय पर कोई खुलकर बात नहीं करता। हम चाहते हैं कि क्रिएटर्स की कमाई को लेकर ज्यादा पारदर्शिता हो और यह भी पता चले कि हमारे जैसे ऑडियंस बेस वाले दूसरे क्रिएटर्स हमसे ज्यादा कमा रहे हैं या कम।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।