Delhi Covid-19 Cases: देश के अलग-अलग राज्यों में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में बढोतरी देखी जा रही है। वहीं दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है। गुरुवार तक राजधानी में 23 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को एक अहम एडवाइजरी जारी की है। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस नए वैरिएंट के कारण घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
दिल्ली सरकार ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली सरकार ने कोविड को लेकर अस्पतालों को सतर्क रहने की सलाह दी। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन्हें कोविड-19 के मामलों में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए तैयारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब देश के कई राज्यों में कोरोना के मामलों में हल्की लेकिन ध्यान देने योग्य बढ़ोतरी देखी जा रही है।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए अस्पतालों को कहा है कि वे बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स, जरूरी दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही, वेंटिलेटर, बाई-पीएपी, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और पीएसए प्लांट जैसे सभी उपकरण पूरी तरह चालू हालत में होने चाहिए। एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि कोविड पॉजिटिव पाए गए सभी सैंपल लोक नायक अस्पताल में भेजे जाएं, ताकि नए या उभरते वायरस वेरिएंट की पहचान की जा सके। इसके अलावा, सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को दिल्ली राज्य स्वास्थ्य डेटा प्रबंधन पोर्टल पर रोज़ाना अपडेट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अभी तक कोरोना के केवल 23 केस दर्ज हुए हैं और सभी केस प्राइवेट लैब्स से सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि इन मामलों की पुष्टि की जा रही है कि संक्रमित लोग दिल्ली के निवासी हैं या बाहर से आए हैं।