महंगे प्यूरीफायर की छुट्टी! सिर्फ ₹140 के जुगाड़ से पॉल्यूशन से मिलेगी निजात, दिल्ली के लड़कों ने किया कमाल

Project Vayu Rs 140 Fan Filter Delhi: दिल्ली के युवा इनोवेटर्स ने 'प्रोजेक्ट वायु' के तहत सिर्फ ₹140 का ऐसा जादुई फिल्टर बनाया है, जो क्लासरूम की हवा से PM2.5 जैसे खतरनाक कणों को चुटकियों में गायब कर देता है। इस किफायती तकनीक से अब तक 10,000 से अधिक बच्चों को साफ हवा मिल चुकी है। जानिए कैसे काम करता है ये जुगाड़ वाला पॉल्यूशन फिल्टर

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 10:33 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
क्लासरूम में लगे साधारण पंखों को ही एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम में बदलने की तकनीक विकसित की गई है

Project Vayu Delhi: दिल्ली के दो युवा इनोवेटर्स ने स्कूलों के भीतर फैलते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बेहद सस्ता और कारगर देशी समाधान ढूंढ निकाला है। उन्होंने क्लासरूम में लगे साधारण पंखों को ही एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम में बदलने की तकनीक विकसित की है। इस पहल का नाम 'प्रोजेक्ट वायु' है, जिसके तहत केवल ₹140 की लागत वाला एक विशेष फिल्टर सीधे पंखे पर फिट हो जाता है और महंगे एयर प्यूरीफायर की जरूरत खत्म कर देता है।

इस दूरदर्शी पहल के सह-संस्थापक कृष अग्रवाल को उनके इस सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित '2026 डायना अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। कृष ने समर्थ मीटले के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी, जबकि नव्या मीटले ने भी इसके शुरुआती विकास में अहम भूमिका निभाई थी।

कैसे काम करता है ₹140 वाला यह जादुई फिल्टर?


'प्रोजेक्ट वायु' के तहत तैयार किया गया फिल्टर आम क्लासरूम पंखों (टेबल और वॉल फैन) पर बिना किसी औजार या गोंद के आसानी से लग जाता है। इस फिल्टर में इलास्टिक लाइनिंग लगी होती है, जो पंखे की जाली पर एक मिनट से भी कम समय में फिट हो जाती है।

जैसे ही पंखा ऑन होता है, हवा के दबाव से यह फिल्टर गुब्बारे की तरह फूल जाता है। इससे फिल्ट्रेशन का सरफेस एरिया 1.4 स्क्वायर फीट से बढ़कर 5 स्क्वायर फीट से अधिक हो जाता है।

इसमें इलेक्ट्रेट मीडिया और इलेक्ट्रोस्टैटिकली चार्ज्ड फाइबर्स का इस्तेमाल हुआ है, जो हवा में मौजूद घातक PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणों को अपनी ओर खींचकर चिपका लेते हैं। इसमें प्रेशर ड्रॉप काफी कम (0.23 इंच वाटर कॉलम) रहता है, जिससे साधारण पंखे की मोटर पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता।

158 से सीधे 11 पर आया PM2.5

प्रोजेक्ट वायु द्वारा किए गए नियंत्रित परीक्षणों में इसके नतीजे बेहद चौंकाने वाले और असरदार रहे हैं। लगभग 168 स्क्वायर फीट के एक बंद कमरे में परीक्षण के दौरान PM2.5 का स्तर 158 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से घटकर 60 मिनट के भीतर केवल 11 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया।

इस फिल्टर को विकसित करने के लिए टीम ने अमेरिका (मैसाचुसेट्स) की प्रसिद्ध फिल्ट्रेशन निर्माता कंपनी Hollingsworth & Vose के साथ साझेदारी की, जिसने R&D के लिए 700 मीटर फिल्टर मीडिया मुफ्त मुहैया कराया।

₹140 की लागत का पूरा गणित और फ्री सप्लाई

प्रत्येक 'वायु फिल्टर' को बनाने में लगभग ₹140 का खर्च आता है:

₹85: फिल्टर मीडिया

₹15: इलास्टिक लाइनिंग

₹40: सिलाई, पैकेजिंग और ट्रांसपोर्टेशन

स्कूलों को मुफ्त वितरण: प्रोजेक्ट वायु इन फिल्टर्स को वंचित स्कूलों में पूरी तरह निःशुल्क वितरित करता है। जिन कक्षाओं में पंखे नहीं होते, वहां पंखे भी मुहैया कराए जाते हैं। इसके साथ ही, हर महीने नए रिप्लेसमेंट फिल्टर भी दिए जाते हैं ताकि हवा की गुणवत्ता लगातार बनी रहे।

10,000 से अधिक छात्रों को मिला फायदा; आगे का प्लान

प्रोजेक्टके शुरुआती चरण में 295 क्लासरूम्स में 602 फिल्टर्स लगाए गए, जिससे 8,000 से अधिक बच्चों को साफ हवा मिली। अब तक दिल्ली के वंचित स्कूलों के 10,000 से ज्यादा छात्र इस तकनीक का लाभ उठा चुके हैं।

टीम अब नई दिल्ली के 45 अतिरिक्त स्कूलों में इसका विस्तार करने की योजना बना रही है और इसके लिए सरकारी निकायों, एनजीओ और कॉर्पोरेट स्पॉन्सर्स से हाथ मिला रही है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।