फीस से लेकर स्कूल बस तक लाखों का खर्च! दुबई में बच्चे की पढ़ाई कितनी महंगी, मां ने बताया पूरा हिसाब

दुबई की लग्जरी लाइफस्टाइल के बीच बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी काफी ज्यादा हो सकता है। वहां रहने वाली एक मां वेरोनिका ने अपनी बेटी की स्कूलिंग का खर्च सोशल मीडिया पर साझा किया। सालाना फीस, बस, यूनिफॉर्म और अन्य चार्ज मिलाकर खर्च करीब ₹17.8 लाख पहुंचता है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 12:35 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यहां यह समझना जरूरी है कि वेरोनिका द्वारा बताए गए आंकड़े एक खास इंटरनेशनल स्कूल के हैं।

दुबई अपनी ऊंची इमारतों, लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगी जिंदगी के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी कई परिवारों के लिए बड़ी चिंता बन सकता है। दुबई में रहने वाली दो बच्चों की मां वेरोनिका ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की स्कूलिंग का पूरा खर्च साझा किया है। उन्होंने बताया कि बेटी की सालाना ट्यूशन फीस करीब 55,000 दिरहम यानी लगभग ₹14.34 लाख है। हालांकि, यह सिर्फ शुरुआत है। स्कूल बस, यूनिफॉर्म और असेसमेंट फीस जैसे खर्च अलग से जुड़ते हैं, जिससे कुल रकम करीब ₹17.8 लाख तक पहुंच जाती है।

खास बात यह है कि रोजाना लंच का खर्च भी ट्यूशन में शामिल नहीं है और मां खुद बेटी के लिए लंच तैयार करके भेजती हैं। वेरोनिका के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दुबई की शिक्षा व्यवस्था की तुलना यूरोप, अमेरिका और दूसरे देशों से करनी शुरू कर दी। हालांकि, यह खर्च एक खास इंटरनेशनल स्कूल का है।

सिर्फ फीस नहीं, खर्चों की लंबी लिस्ट


दुबई में रहने वाली वेरोनिका ने बताया कि उनकी बेटी ने GEMS International School में एडमिशन लिया है। स्कूल की सालाना ट्यूशन फीस करीब 55,000 दिरहम यानी लगभग ₹14.34 लाख है। लेकिन कहानी सिर्फ इतनी नहीं है। स्कूल में बच्चे को भेजने के लिए ट्यूशन फीस के अलावा कई दूसरे खर्च भी अलग से देने पड़ते हैं।

एडमिशन से पहले ही ₹13 हजार का खर्च

वेरोनिका के मुताबिक, शुरुआत में ही करीब 525 दिरहम यानी ₹13 हजार का असेसमेंट फीस के तौर पर भुगतान करना पड़ा। इसके बाद सबसे बड़ा खर्च सालाना ट्यूशन फीस का आता है, जिसे माता-पिता किस्तों में भी चुका सकते हैं।

स्कूल बस की कीमत भी लाखों में

स्कूल की फीस भरने के बाद अगला बड़ा खर्च ट्रांसपोर्ट का है। वेरोनिका के अनुसार, स्कूल बस की सालाना फीस करीब 12,000 दिरहम यानी ₹3.12 लाख है। बस बच्चे को घर से स्कूल लेकर जाती है और छुट्टी के बाद वापस घर छोड़ती है।

यूनिफॉर्म भी अलग से खरीदनी पड़ती है

इसके अलावा स्कूल यूनिफॉर्म पर करीब 1,000 दिरहम यानी ₹26 हजार खर्च होने का अनुमान बताया गया है। इस तरह ट्यूशन, बस, असेसमेंट फीस और यूनिफॉर्म को जोड़ें तो कुल खर्च करीब 68,525 दिरहम यानी लगभग ₹17.8 लाख तक पहुंच जाता है।

 लंच का खर्च?

दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बावजूद बच्चे का रोजाना खाना ट्यूशन फीस में शामिल नहीं है। वेरोनिका ने बताया कि वह हर सुबह अपनी बेटी के लिए लंच तैयार करती हैं और उसे लंचबॉक्स के साथ स्कूल भेजती हैं।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने दुबई की शिक्षा व्यवस्था और दूसरे देशों की स्कूल फीस की तुलना शुरू कर दी। कुछ यूजर्स ने कहा कि यूरोप के कई हिस्सों में शिक्षा काफी सस्ती या मुफ्त है, जबकि कुछ लोगों ने अमेरिका में कम लागत वाले विकल्पों का जिक्र किया। वहीं, एक यूजर ने बताया कि दुबई में इससे कम फीस वाले स्कूल भी मौजूद हैं और हर स्कूल का खर्च इतना ज्यादा नहीं है।

View this post on Instagram

हर स्कूल की फीस इतनी नहीं

यहां यह समझना जरूरी है कि वेरोनिका द्वारा बताए गए आंकड़े एक खास इंटरनेशनल स्कूल के हैं। इन्हें दुबई के हर निजी स्कूल की फीस नहीं माना जा सकता। फिर भी यह कहानी एक दिलचस्प सवाल जरूर खड़ा करती है दुबई जैसे शहर में अच्छी शिक्षा के लिए परिवार को सालाना कितना बजट तैयार रखना पड़ सकता है?

डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।

सिर्फ बादलों की वीडियो बनाकर ₹8.5 लाख! 23 वर्षीय युवक की एक महीने वाली ‘ड्रीम जॉब’ की कहानी ने चौंकाया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।